सटीक समाचार, नई दिल्ली। Bonus For Railway Employees : रेलवे कर्मचारियों को सरकार ने दशहरा और दीपावली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में रेलवे के अराजपत्रित (नॉन गैजेटेड) कर्मचारियों को यह बोनस देने को स्वीकृति दे दी गई ।
यह बोनस गैर राजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा
कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने दी। उन्होंने बताया कि इस बोनस का लाभ रेलवे के 11 लाख 40 हजार से अधिक अराजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा। इसमें ग्रुप सी और अन्य अराजपत्रित कर्मचारी शामिल होंगे। यह बोनस लोको पायलट, गार्ड, ट्रैक मेंटेनर, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, मिनस्ट्रियल स्टाफ सहित अन्य नॉन गैजेटेड कर्मचारी शामिल होंंगे। इससे सरकार पर 2009.61 करोड़ रुपये का व्यय भार पड़ेगा।
कर्मचारियों को अधिकतम कितना मिलेगा बोनस
बोनस का आकलन न्यूनतम सैलरी के 7000 रुपये के आधार पर होगी। ऐसे में प्रत्येक कर्मचारी को अधिकतम 17951 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे। बोनस के लिए न्यूनतम सैलरी का यह आधार करीब 11 वर्ष से बरकरार है और रेलवे कर्मचारी इसमें समुचित वृद्धि करने की मांग लंबे अरसे से कर रहे हैं।
कर्मचारी संगठनों की मांग, बोनस के आधार न्यूनतम सैलरी 18000 रुपये की जाए
कर्मचारी संगठन की मांग है कि बोनस के आकलन के लिए न्यूनतम सैलरी कम से कम 18000 रुपये की जाए। अभी की स्थिति में महज 7000 रुपये की न्यूनतम आधार सैलरी पर बोनस का आकलन अपर्याप्त है और यह न्यायसंगत व व्यावहारिक नहीं है।
सरकार बोनस आकलन के लिए न्यूनतम सैलरी 18000 रुपये को आधार बनाने की मांग मान लेती है तो रेलवे कर्मचारियों को काफी लाभ होगा। आकलन है कि इससे उनको मिलने वाली अधिकतम बोनस की राशि 46000 रुपये से अधिक हो जाएगी।
पिछले 15 साल से रेल कर्मचारियों को मिल रहा है 78 दिनों का बोनस
बता दें कि रेलवे कर्मचारियों को वर्ष 2011-12 से 78 दिनों का बोनस दिया जा रहा है। इस तरह पिछले 15 वर्षों से रेलवे कर्मचारियों का हर वर्ष 78 दिनों का बोनस मिल रहा है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2014-15 तक बोनस के आकलन के लिए न्यूनतम सैलरी 3500 रुपये थी। ऐसे में अधिकतम बोनस 8975 रुपये मिलता था।
साल 2014-15 तक बोनस के लिए आधार न्यूनतम सैलरी 3500 रुपये थी
वर्ष 2015-16 में न्यूनतम आधार सैलरी दोगुनी कर 7000 रुपये कर दिए गए। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों का अधिकतम बोनस 17951 रुपये मिल रहे हैं। यह बोनस राशि 11 वर्षों से मिल रही है।
वर्ष 2025-26 में रेलवे का प्रदर्शन अच्छा रहा
बता दें कि रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान रेलवे द्वारा रिकार्ड 16700 लाख टन माल की ढुलाई की गई। माल ढुलाई से रेलवे की वर्ष 2025-26 में 1,73,450 करोड़ रुपये की आय हुई। यह वर्ष 2024-25 की तुलना में 1.3% अधिक थी।
यह समाचार भी पढ़िये: पति की हत्या कर नीले ड्रम में बंद करने वाली मुस्कान और उसके प्रेमी को मौत की सजा
इसके साथ ही रेलवे ने करीब 7.41 लाख यात्रियों को उनकी मंजिलों तक पहुंचाया। इसकी ताेहफा सरकार ने रेलवे कर्मचारियों काे दिया है। सरकार का कहना है कि इससे रेलवे कर्मचारियों में आगे भी अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
