भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 12 साल बाद भी भाजपा सरकार के पास गिनवाने को एक भी उपलब्धि नहीं

Bhupinder Singh Hooda: पूर्व मुख्‍यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। (फाइल फोटो)
Bhupinder Singh Hooda: पूर्व मुख्‍यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। (फाइल फोटो)
Last Updated: 18 Oct, 2026 at 12:06 AM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Bhupinder Singh Hooda: पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 12 साल से सत्ता में होने के बावजूद आज भी भाजपा के पास गिनवाने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है। झूठे वादे, बढ़ता अपराध, सर्वाधिक बेरोजगारी, सर्वाधिक कर्जा, ताबड़तोड़ घोटाले, किसानों समेत हर वर्ग पर लाठीचार्ज, यही है बीजेपी का रिपोर्ट कार्ड।

कहा- झूठे वादे, बढ़ता अपराध, सर्वाधिक बेरोजगारी, ताबड़तोड़ घोटाले यही है बीजेपी का रिपोर्ट कार्ड

वह भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में किसान मंडियों में रो रहे हैं। सरकारी खरीद नहीं होने की वजह से किसानों को अपना धान एमएसपी से 400 रुपये प्रति क्विंटल और बाजरा एमएसपी से 800-900 रुपये प्रति क्विंंटल कम दाम पर बेचना पड़ रहा है। जबकि बीजेपी 2024 चुनाव में धान का किसानों को 3100 रुपये रेट देने का वादा करके सत्ता में आई है।

कहा- किसानों को एमएसपी भी नहीं मिल रही है

उन्‍होंने कहा कि आज किसानों को 3100 रुपये तो दूर, एमएसपी (MSP) पर फसल बेचने के लिए भी आंदोलन और आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ रहा है। भाजपा ने वादा किया था कि स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करेंगे, सी2 फार्मूले पर MSP देंगे, लेकिन उसका यह वादा भी धरा का धरा रह गया। सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन लागत को ही कई गुना बढ़ा दिया।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: मेरठ में पति की हत्‍या में एक और महिला व प्रेमी को मृत्‍युदंड, 3 दिन में दो महिला समेत चार को यह सजा

हुड्डा ने कहा कि कौशल कर्मियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन पिछले ही विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं होगा, क्योंकि ये तो कच्ची व्यवस्था है। सत्ता में बैठे लोगों ने 2 लाख भर्तियां करने का वादा किया था, लेकिन आज तक 2 साल में HSSC की एक भी भर्ती नहीं निकाली।

कहा- सरकारी विभागों में दो लाख पद खाली

उन्‍होंने कहा कि यह सरकार भर्ती करना तो दूर, सीईटी (CET) तक नहीं करवा रही है। आज भी सरकारी विभागों में दो लाख पद खाली पड़े हुए हैं। बेरोजगार युवा प्रदेश और देश छोड़कर पलायन कर रहे हैं। महिलाओं को 2100 रुपये देने के वादे से तो खुद भाजपा मुकर ही चुकी है। उसके ऊपर 50 तरह की शर्तें थोपकर सरकार ने ज्यादातर महिलाओं को इस योजना के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है।

कहा- भाजपा ने झूठे वादे से सरकार बनाई

हुड्डा ने कहा कि भाजपा को जनता से कोई सरोकार नहीं है, क्योंकि उसने झूठे वादे और वोट चोरी के दम पर सरकार बनाई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोट की लूट का खुलासा पूरे देश के सामने कर चुके हैं और पूरा देश इस चोरी के खिलाफ आंदोलित है।

हुड्डा ने याद दिलाया कि कैसे सरकार ने चुनावों से ठीक पहले लाखों लोगों को रातोंरात बीपीएल बनाकर राशन कार्ड दिए गए और मुफ्त अनाज का लालच देकर उनके वोट हासिल किए गए। हजारों युवाओं की भर्ती प्रक्रिया को भी जानबूझकर लटकाया गया और उन्हें वोट के लिए ब्लैकमेल किया गया। कौशल कर्मियों को पक्का करने का झूठा वादा करके उनका भी वोट लूट लिया।

हुड्डा ने कहा कि 2014 में जब कांग्रेस ने सरकार छोड़ी थी, तो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार देने, खिलाड़ियों और बुजुर्गों को सम्मान देने, किसानों को एमएसपी देने, खुशहाली और कानून-व्यवस्था के मामले में देश का नंबर वन राज्य था। लेकिन आज हरियाणा बेरोजगारी, नशे, अपराध और कर्ज के मामले में देश का नंबर वन राज्य बन गया है।

बोले- प्रदेश में अपराध चरम पर है

उन्‍होंने कहा कि आज प्रदेश में अपराध चरम पर है, और केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक ने हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य घोषित किया है। यहां 60 से ज्यादा आपराधिक गैंग सक्रिय हैं और लूट, डकैती, फिरौती, फायरिंग व मर्डर रुटीन के अपराध हो गए हैं। जिस पुलिस विभाग को अपराध पर काबू करना चाहिए, वह खुद सरकार और व्यवस्था से विश्वास खो चुका है। नतीजतन, ADGP जैसे पद पर बैठे वरिष्ठ अधिकारी को आत्महत्या करनी पड़ रही है।

हरियाणा क आर्थिक हालत काे खराब बताया

उन्‍होंने आर्थिक दशा की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा ने हरियाणा की आर्थिक हालत इतनी खराब कर दी है कि 18 बड़े राज्यों में हरियाणा 14वें स्थान पर फिसल गया है। हरियाणा बनने से लेकर 2014 तक प्रदेश के ऊपर करीब 70 हजार करोड़ का कर्ज था। लेकिन बीजेपी सरकार में यह बढ़कर साढे पांच लाख करोड़ का हो गया है।

उन्‍हाेंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्कूली शिक्षा से लेकर उच्चतर शिक्षा का बंटाधार कर दिया है। यही कारण है कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) रैंकिंग में हरियाणा की किसी यूनिवर्सिटी ने टॉप 100 में भी जगह नहीं पाई।इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के अनुसार पिछले 5 साल में हरियाणा पुलिस की रैंकिंग 8वें स्थान से खिसककर 14वें स्थान पर पहुँच गई है। 18 बड़े राज्यों में हरियाणा पुलिस 14वें नंबर पर है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *