पंजाब में आम आदमी क्लीनिक की संख्‍या 1244 हुई, 154 और जनता को समर्पित

Punjab Aam Adami Clinic: पंजाब के सीएम भगंवत मान ने राज्‍य में 154 नए आम आदमी क्‍लीनिकों का शुभारंभ किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Aam Adami Clinic: पंजाब के सीएम भगंवत मान ने राज्‍य में 154 नए आम आदमी क्‍लीनिकों का शुभारंभ किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Last Updated: 14 Oct, 2026 at 11:20 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, होशियारपुर। Punjab Health: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को 154 नए आम आदमी क्लीनिक (Aam Aadmi Clinic) जनता को समर्पित किए। इसके साथ ही राज्‍य में इन क्लीनिकों की संख्या 1,244 हो गई है। इस अवसर पर भगंवत मान ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता नारों की राजनीति करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और रोजगार प्रदान करना है।

आम आदमी क्‍लीनिकों में अब तक 6.48 करोड़ ओपीडी

उन्‍होंने इस अवसर पर चब्बेवाल के गांव हरखोवाल में सभा को संबोधित किया। उन्होंने क्लीनिकों में 6.48 करोड़ से अधिक ओपीडी और 54.20 लाख परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य योजना का उल्लेख किया। उन्होंने लोगों को सचेत किया कि सरकार बदलने से महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और सत्कार योजना सहित अन्य कल्याणकारी पहलों पर खतरा मंडरा सकता है।

अपने एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिखा, ‘ आज पंजाब के लोगों को 154 नए आम आदमी क्लीनिक समर्पित किए हैं। इन क्लीनिकों का उद्घाटन चब्बेवाल के गांव हरखोवाल में जनसभा के दौरान किया गया। हमारी सरकार का मिशन लोगों से जीत या हार के नारे लगवाना नहीं, बल्कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और रोजगार सुनिश्चित करना है।’

नए समर्पित क्‍लीनिकों में सबसे अधिक अमृतसर जिले में 36

सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नए समर्पित किए गए क्लीनिकों में से 36 अमृतसर में, 26 पटियाला में, 17 लुधियाना में, 12 गुरदासपुर में, 11 जालंधर में और 10 साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) जिले में हैं। इसके अलावा बाकी जिलों में भी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। ये क्लीनिक 107 दवाइयां और 47 तरह के डायग्नोस्टिक टेस्ट बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराते हैं ताकि लोगों को बिना किसी वित्तीय कठिनाई के जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: प‍ति की हत्‍या कर नीले ड्रम में बंद करने वाली मुस्‍कान और उसके प्रेमी को मौत की सजा

आम आदमी क्‍लीनिकों में 3.63 करोड़ टेस्‍ट मुफ्त किए गए

उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों में आने वाले मरीजों में से 1.98 करोड़ मरीज विशेष बीमारियों से पीड़ित थे, जबकि 3.63 करोड़ डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त किए गए हैं। ये सुविधाएं मेडिकल सलाह, दवाइयां और जांच सेवाएं बिना किसी अतिरिक्त खर्च के सुनिश्चित करके परिवारों को बड़ी वित्तीय राहत दे रही हैं।

भगवंत मान ने कहा, ‘हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना शुरू की है ताकि लोगों को पैसे की कमी के कारण अपनी सेहत से समझौता न करना पड़े। अब तक 54.20 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत आने वाले हर परिवार 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के हकदार हैं। अब तक 8.02 लाख लाभार्थियों ने इस योजना के तहत इलाज करवा लिया है, जो आम लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है।

सीएम बोले – स्‍वास्‍थ्‍य विभाग में 5388 युवाओं को नौकर‍ियां दीं

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 5,388 युवाओं को नौकरियां दी हैं। स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने और लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए हमने डॉक्टरों और पैरा-मेडिकल स्टाफ की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती की है।

उन्‍होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार, मुफ्त दवाइयां और लैब टेस्ट तथा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना पंजाब के लोगों के लिए सुलभ और किफायती स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करने के प्रति राज्य की व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, सांसद राज कुमार चब्बेवाल, विधायक ईशान चब्बेवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में पंजाब में उठाए गए कदम
  • आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार: राज्य में 1244 आम आदमी क्लीनिकों का मजबूत नेटवर्क स्थापित।
  • मुफ्त दवाइयां और जांच सेवाएं: आम आदमी क्लीनिक 107 दवाइयां और 47 तरह के डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त। सरकारी आंकड़ों के अनुसार मौजूदा 1,090 क्लीनिकों में 6.48 करोड़ ओपीडी दर्ज। इनमें 1.98 करोड़ मरीज आए। 4.01 करोड़ डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त किए गए।
  • मुख्यमंत्री सेहत योजना: पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना भी शुरू की है। इसके तहत योग्य परिवारों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज। आंकड़ों के अनुसार, 54.20 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी। 7.51 लाख लाभार्थी इस योजना के तहत पहले ही इलाज करवा चुके हैं।
  • भर्ती और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना: पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान स्वास्थ्य विभाग में 5,388 नियुक्तियां। इनमें साल 2022 से लेकर अब तक की भर्ती में 1,458 मेडिकल अफसर, 271 स्पेशलिस्ट डॉक्टर, 1,079 नर्सें और 1,352 मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर शामिल । ये नियुक्तियां सरकार द्वारा स्वास्थ्य स्टाफ बढ़ाने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की स्थिति सुधारने के प्रयासों का हिस्सा हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *