सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Purvanchal Samaj: हरियाणा की औद्योगिक नगरी पानीपत में पूर्वांचल समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया और धरना दिया। शुक्रवार को समस्त पूर्वाचल समाज के बैनर तले शहर में प्रदर्शन किया गया और पानीपत रेलवे स्टेशन परिसर में देर रात तक धरना दिया गया। उनकी मांग है कि वंदे भारत और गरीब रथ सहित लंबी दूरी की ट्रेनों का पानीपत जंक्शन पर ठहराव हो। इसके साथ ही पहले चल रही जिन ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है उनको भी पानीपत से दोबारा चलाया जाए।
शहीद स्मारक से पानीपत रेलवे स्टेशन तक किया प्रदर्शन
समस्त पूर्वांचल समाज के पदाधिकारियों ने घोषणा की, कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा आंदोलन जारी रखेंगे। पूर्वांचल समाज के लोग शुक्रवार को सुबह लघु सचिवालय परिसर स्थित शहीदी स्मारक के पास एकत्रित हुए।
स्मारक पर पहले शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उसके बाद लघु सचिवालय से लेकर रेलवे स्टेशन तक रोष मार्च निकाला गया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी और पूर्वांचल समाज के लोग पानीपत रेलवे स्टेशन परिसर में धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन में काफी संख्या में महिलाएं भी हुईं शामिल
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज की महिलाएं भी शामिल हुई। प्रदर्शनकारी रेलवे प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे बौर अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज उठा रहे थे। लोग देर रात तक स्टेशन परिसर में धरने पर बैठे रहे।
पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों ने कहा, काफी समय से की जा रही हैं मांगें
समस्त पूर्वांचल समाज के जिला प्रधान उमाशंकर व पानीपत नगर निगम के मनोनीत पार्षद डा. गौरव श्रीवास्तव सहित अन्य पूर्वांचल समाज के नेताओं ने कहा कि पूर्वांचल समाज द्वारा पानीपत रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव व नई ट्रेनों की चलाने की मांग काफी समय से की जा रही है। इस संबंध में हरियाणा सरकार, रेल मंत्री और रेलवे प्रशासन को कई बार पत्र लिखा गया।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही
उन्होंने कहा कि पानीपत में लाखों की संख्या में पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश-बिहार के लोग रहते हैं। पूर्वांचल समाज के लोग यहां के उद्योग-धंधों की रीढ़ हैं। इसके बावजूद यहां रेल सुविधाओं के मामले में उनकी अनदेखी की जा रही है। पूर्वाचल समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
यह समाचार भी पढ़िये : Panipat: जुवेनाइल कोर्ट ने दोषी 3 किशोरों को सुनाई अनोखी सजा, तीन माह अस्पताल में करना होगा यह काम
कहा- लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनों का यहां ठकराव नहीं, कुछ के रूट बदल दिए
उन्होंने कहा कि यहां अधिकतर लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं है। एक मात्र अमृतसर कटिहार एक्सप्रेस (आम्रपाली एक्सप्रेस) ट्रेन का ही पानीपत जंक्शन पर दो मिलट का ठहराव है। इस कारण इसमें काफी भीड़ हो जाती है और काफी लोग इसमें सवार नहीं हो पाते हैं। पहले यहां से होकर चलाई जा रही शहीद एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनाें का रूट बदल दिया गया और उनको अंबाला से सहारनपुर होकर चलाया जा रहा है।
छह सूत्रीय मांगपत्र पेश किया
इसके साथ ही नई दिल्ली से कटरा तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस और गरीब रथ एक्सप्रेस का भी यहां ठहराव नहीं है। ऐसे में यहां लाखों की संख्या में रह रहे पूर्वांचल के लोगों को रलवे की सुविधा के लिए दिल्ली या अन्य स्टेशन जाना पड़ता है। इससे उनको काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
समस्त पूर्वांचल समाज ने छह सूत्रीय मांगपत्र पेश किया है। प्रदर्शन व धरना में अवधेश यादव, रवि मिश्रा, पूनम रामदेव, मधु शुक्ला, पूनम कश्यप, ऊर्मिला सहित पूर्वाचल समाज के कई नेता शामिल हुए।
ये हैं पूर्वांचल समाज की मांगें
| 1. पानीपत रेलवे स्टेशन पर गरीब रथ ट्रेन (12203/12204) का ठहराव किया जाए। |
| 2. होली, दिवाली और छठ त्योहारों पर पानीपत से पूर्वांचल की ओर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं। |
| 3; पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन (12801/12802) को पानीपत हाेकर संचालित किया जाए। |
| 4. शहीद एक्सप्रेस ट्रेन (14673/14674) को पहले की तरह पानीपत होकर चलाया जाए और यहां इसका पूर्व की भांति ठहराव हो। |
| 5. पानीपत से बिहार के लिए कम से कम दो नई ट्रेनों शुरू की जाएं। |
| 6. दिल्ली से कटरा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का पानीपत जंक्शन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए। |

