सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Purvanchal Samaj : रेलवे से संबंधित छह सूत्रीय मांगों को लेकर समस्त पूर्वांचल समाज का पानीपत रेलवे जंक्शन पर धरना जारी है। रविवार को धरने के तीसरे दिन कई राजनीतिक दलों के नेता भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने समस्त पूर्वांचल समाज की मांगों को जायज बताया और उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
तीन दिन पहले किया था प्रदर्शन किया था और धरना शुरू किया था
बता दें कि पानीपत के पूर्वांचल क्षेत्र के लोगों ने समस्त पूर्वांचल समाज संगठन के बैनर तले शुक्रवार को शहर में प्रदर्शन किया था और रेलवे स्टेशन परिसर में धरना शुरू किया था। प्रदर्शन लघु सचिवालय स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुआ था और शहर से गुजरता हुआ पानीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंंचा था। इसके बाद से यह धरना लगातार जारी है।

धरना स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेता सचिन कुंंडु, बुल्ले शाह, विजय जैन और जजपा के कई नेता
धरने के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोग यहां पहुंच चुके हैं और पूर्वाचल समाज के लोगों को समर्थन दे रहे हैं। रविवार को कांग्रेस, जननायक जनता दल सहित कई राजनीतिक दलों के नेता के साथ साथ स्थानीय नेता धरना स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस के नेता व पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके सचिन कुंडु, कांग्रेस नेता बुल्ले शाह, पानीपत ग्रामीण सीट से ही निर्दलीय चुनाव लड़ चुके विजय जैन और जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता धरना स्थल पर पहुंंचे।
राजनीतिक नेताओं के समर्थन के बाद रेलवे के कदम पर अब नजरें
पूर्वाचल समाज के आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिलने से अब कयास लगाए जा रहे हैं कि रेलवे उनकी मांगों को लेकर कदम उठा सकता है। पूर्वांचल समाज के लोगों ने पत्र भेजकर और वीडियो आदि जारी कर रेलवे के उच्च अधिकारियों से अपनी मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया है।

धरने में शामिल हुए पूर्वांचल समाज के कई नेता
धरने में समस्त पूर्वांचल समाज के जिला अध्यक्ष उमाशंकर राय, राजू श्रीवास्तव, राजेंद्र, दयानंद, अनिकेत पांडे, समस्त पूर्वांचल समाज के मीडिया प्रभारी रवि मिश्रा, शिव, सचिव अमन उपस्थित रहे। धरने में मधु शुक्ला, पूनम रामदेव, निरंजन सिंह, अवधेश यादव, मार्कण्डेय यादव, सोनू भारती, समस्त पूर्वांचल समाज के उपाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह और कुमार चंदन सिंह सहित पूर्वांचल समाज के अनेक प्रमुख लोग शामिल हुए।
जजपा के पानीपत जिला प्रधान सहित कई नेता धरना स्थल पर पहुंचे
जननायक जनता पार्टी के कई नेता पानीपत रेलवे स्टेशन परिसर में धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बिहार और पूर्वाचल की ओर जाने वाली ट्रेनों के पानीपत में ठहराव और अन्य प्रमुख ट्रेनों के स्टापेज की मांग का समर्थन किया। जननायक जनता पार्टी के जिला प्रधान रामनिवास पटवारी, पार्टी के इसराना हलका प्रधान कप्तान जागलन, पूर्व जिला पंचायती प्रकोष्ठ के जिला प्रधान सुमेर जागलान, मीनाक्षी चावला, ग्रामीण हलका प्रधान संगीत योगी, हलका प्रधान ग्रामीण शैलेंद्र योगी, पानीपत सिटी प्रधान अतुल हांडा, दीपक सहित कई नेता धरना स्थल पर पहुंचे। जननायक जनता पार्टी के नितिन ,सतबीर भगत रिसालू और अन्य नेता ने कहा कि पानीपत में सभी प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होना चाहिए।

पानीपत के उद्योगों में काफी संख्या में पूर्वाचल समाज के लोग काम करते हैं
समस्त पूर्वाचल समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक नगर पानीपत के उद्योगों में बिहार, उत्तर प्रदेश सहित पूर्वांचल के लोगों का योगदान है। यहां उद्योगों में पूर्वांंचल के लोग भारी संख्या में कार्य कर रहे हैं। पानीपत जिले में लाखों की संख्या मेंं पूर्वांचल के लोग रहते हैं। यहां उद्योगों के विकास में पूर्वाचल के लोगों ने अहम भूमिका निभाई है, लेकिन उनको अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलती हैं।
लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से दिक्कत
उनका कहना है कि यहां लंबी दूरी की ट्रेनों में अधिकतर का ठहराव नहीं है। पूर्वांचल और बिहार जाने वाली ट्रेनों में सिर्फ अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस (आम्रपाली एक्सप्रेस) का ही ठहराव है। इससे पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इस ट्रे्न में इतनी भीड़ हो जाती है कि उनमें चढ़ना मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि पहले पानीपत से होकर जानेवाली शहीद एक्सप्रेस और सरयू यमुना एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का रूट बदल दिया गया।
यह समाचार भी पढ़िये: पंचभूत स्थल अरुणाचलेश्वर में बरसती है परम शिवकृपा, पुनर्जन्म चक्र से मुक्ति
पूर्वांचल समाज के नेताओं ने कहा- अब तक 40-45 तक पत्र भेजे जा चुके
उनका कहना कि अब तक 40 से 45 तक पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन इन पर रेलवे के अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया। अब जब तक उनकी छह सूत्री मांगों को पूरा नहीं कर दिया जाता उनका धरना जारी रहेगा।
समस्त पूर्वांचल समाज की ये हैं मांगें
| 1. पानीपत रेलवे जंक्शन पर गरीब रथ ट्रेन (12203/12204) का ठहराव किया जाए। |
| 2. दिवाली, छठ ओर होली जैसे त्योहाराें पर पानीपत रेलवे जंंक्शन से बिहार और पूर्वांचल की ओर विशेष ट्रेनें चलाई जाएं। |
| 3. पुरुषोतम एक्सप्रेस ट्रेन (12801/12802) को पानीपत से होकर संचालित किया जाए। |
| 4. शहीद एक्सप्रेस ट्रेन (14673/14674) को पानीपत हाेकर चलाया जाए। |
| 5. पानीपत से बिहार और पूर्वांचल की ओर कम से कम दो ट्रेनें चलाई जाएं। |
| 6. दिल्ली से कटरा तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का पानीपत रेलवे स्टेशन पर ठहराव किया जाए। |
