सटीक समाचार, धूरी। Punjab Politics : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जो राजनीतिक विरोधी सरकार को कामकाज के आधार पर चुनौती देने में असमर्थ हैं, वे व्यक्तिगत हमलों और मेरी छवि खराब करने की कोशिशों का सहारा ले रहे हैं। मैं छापेमारी और दबाव से नहीं डरनेवाला। पंजाब के लोगों के हितों समझौता नहीं करुंगा।
धूरी के गांंव मीमसा में लाेक मिलनी कार्यक्रम आयोजित
उन्होंने धूरी क्षेत्र के गांंव मीमसा में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम को संबोधित किया। भगवंत मान ने कहा कि जब उन्हें मेरे काम में कोई कमी नहीं मिलती और वे मेरी ईमानदारी को चुनौती नहीं दे पाते, तो मुझे बदनाम करने की कोशिश करते हैं। मेरी ईमानदारी उन लोगों के लिए समस्या बन गई है, जो स्वार्थ की राजनीति करने के आदी हैं। पंजाब के लोग सच्चाई जानते हैं और कोई भी राजनीतिक प्रचार उनके लिए किए गए कामों को मिटा नहीं सकता।

भगंवत मान ने कहा, मैं छापेमारी और दबाव से नहीं डरनेवाला
अपने कार्यालय पर सीबीआई की छापेमारी का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा, ‘भाजपा को लगता था कि छापेमारी और दबाव से मैं डर जाऊंगा, लेकिन मेरे कार्यालय पर छापेमारी के बाद सीबीआई खाली हाथ लौट गई। मैं पंजाब और इसके लोगों के हितों से कभी समझौता नहीं करूंगा। मेरी ताकत लोगों के विश्वास से आती है और मैं ईमानदारी तथा दृढ़ संकल्प के साथ उनकी सेवा करता रहूंगा।’
यह समाचार भी पढ़िये: ट्रंप का भारत की चार सहित आठ कंपनियोंं पर बड़ा एक्शन, PERM प्रोग्राम से किया सस्पेंड
उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को स्वयं को कार्यालयों और औपचारिक बैठकों तक सीमित रखने के बजाय लोगों की पहुंच में रहना चाहिए। मेरे आवास के दरवाजे पंजाब के लोगों के लिए हमेशा खुले रहे हैं और भविष्य में भी खुले रहेंगे। पंजाब के लोग मेरे लिए बाहरी नहीं हैं, बल्कि मेरा अपना परिवार हैं।

लोक मिलनी कार्यक्रम में अपनी सरकार के कामकाज के बारे में बताया
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में पहली बार ऐसी सरकार आई है, जो दिन-रात लोगों के लिए काम करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। साढ़े चार साल के कामों से उनकी सरकार ने लोगों का विश्वास जीता है। किसानों को दिन में बिजली और नहरी पानी उपलब्ध कराने, सरकारी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक परिवार को हर महीने 15,000 रुपये की बचत होने तथा धान की खरीद के तुरंत बाद भुगतान सरकार के काम को बताते हैं।
‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में भगवंत सिंह मान ने लिखा, ‘आज मैंने धूरी विधानसभा क्षेत्र के क्रांतिकारी गांव मीमसा में आयोजित जनसभा में अपने लोगों के साथ अपने विचार और दिल की बातें साझा कीं। आपके अपार प्रेम और सहयोग के कारण ही आज धूरी पंजाब की राजनीति का केंद्र बन गया है। पिछली सरकारों के खोखले दावों के विपरीत हमने जमीनी स्तर पर बड़े काम किए हैं।’
‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोगों ने वादे करने वाली सरकारों और परिणाम देने वाली सरकार के बीच अंतर देखा है। हमने पिछले साढ़े चार साल के अपने कामों से उनका विश्वास जीता है। सरकारी खजाने का एक-एक पैसा जनता का है और हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि विकास, बेहतर सार्वजनिक सेवाओं और जनकल्याणकारी पहलों के माध्यम से लोगों का पैसा उन्हीं तक वापस पहुंचे।

