Punjab Police में होगी बंपर भर्ती, 10 हजार नए पदों पर नियुक्ति की घोषणा

Punjab Police: पंजाब सीएम भगवंत मान ने फिल्‍लौर में आयोजित समाराेह में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्‍मानित किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Police: पंजाब सीएम भगवंत मान ने फिल्‍लौर में आयोजित समाराेह में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्‍मानित किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Last Updated: 3 Oct, 2026 at 10:20 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab Police: पंजाब पुलिस में जल्‍द ही बंपर भर्ती होनेवाली है। मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की, कि पंंजाब पुलिस में 10 हजार नए पदों पर भर्ती होगी। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में नशे की बुराई को जड़ से उखाड़ने के लिए पंजाब पुलिस में ये भर्तियां होंंगी। पंजाब ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के अंतिम और निर्णायक चरण पर जंग लड़ रहा है।

सीएम ने भगवंत मान ने कहा- नशे को जड़ से खत्म करने के लिए पंजाब पुलिस में होगी यह भर्ती

उन्‍होंने ‘एसएचओ मिलनी’ कार्यक्रम में यह घोषणा की। समारोह में उन्‍होंने शानदार कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया। भगवंत मान ने कहा कि पुलिस को नशे के खिलाफ हर जायज कार्रवाई करने की खुली छूट दी गई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से गांवों और कस्बों में जाने, लोगों को साथ लेने और इस बुराई पर रोक लगाने को कहा। उन्‍होंने कहा कि पुलिस फोर्स को जल्द ही 450 एएसआइ. और 3,400 पुलिस जवान मिलेंगे।

कहा- नशा तस्‍करों के खिलाफ कार्रवाई की पुलिस को पूरी छूट

उन्‍होंने समारोह की कुछ झलकियां अपने एक्‍स हेंडल पर भी साझा किए। उन्‍होंंने एक्स पर लिखा, ‘ आज फिल्‍लौर के महाराजा रणजीत सिंह अकादमी,में डीजीपी से लेकर एसएचओ तक के पंजाब पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत हमने पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई करने की पूरी खुली छूट दी हुई है। फोर्स को अत्याधुनिक सुविधाएं देने के साथ-साथ हम बिना किसी सिफारिश या पक्षपात के 10,000 नई भर्तियां भी करने जा रहे हैं।’

भगवंत मान ने समारोह में कहा कि यह एक ऐतिहासिक पहल है जिसके माध्यम से डीजीपी के साथ मिलकर आपके कामकाज के हालातों को समझने, पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनने और उनकी भलाई के लिए कदम उठाने के लिए एसएचओ के साथ सीधा संपर्क कायम कर रहा हूं।

‘पंजाब के लोग पुलिस से जवाबदेही की करते हैं उम्‍मीद’

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पुलिस जवानों के दबाव और चुनौतियों को समझती है और उनकी वाजिब चिंताओं के प्रति हमदर्दी भरा रवैया अपना रही है। लेकिन, सहयोग के साथ-साथ, पंजाब के लोग हर पुलिस अधिकारी से पेशेवर दृष्टिकोण, ईमानदारी और जवाबदेही की उम्मीद भी रखते हैं।

उन्‍होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जन सहयोग बहुत जरूरी है। लोग पुलिस को जानकारी दे रहे हैं और सहयोग कर रहे हैं। लेकिन एक बार जब जानकारी पुलिस तक पहुंच जाती है तो तुरंत और असरदार कार्रवाई करना उसकी जिम्मेदारी है।

कहा- पंजाब तकनीक आधारित पुलिसिंग की ओर बढ़ रहा है

भगवंत मान ने कहा कि हर शिकायत और कार्रवाई को पूरी जानकारी के साथ गंभीरता, पेशेवर तरीके और बिना किसी डर या पक्षपात से निपटाया जाना चाहिए। पंजाब के लोगों को नशों और अपराध से बचाने के मामले में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली की क्षमता को मजबूत कर रही है। पंजाब तकनीक-आधारित पुलिसिंग की ओर बढ़ रहा है। इसमें एआइ आधारित निगरानी प्रणाली का उपयोग भी शामिल है।

यह समाचार भी पढ़िये: Punjab: नशा पीड़ितों के लिए पायलट प्रोजेक्‍ट, पाक सीमा से सटे तीन जिले चुने गए

पुलिस फोर्स के आधुनिकीकरण के लिए व्‍यापक कदम उठाए

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पुलिस फोर्स के आधुनिकीकरण के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। सड़क सुरक्षा फोर्स के रूप में विशेष और तकनीक से लैस पुलिसिंग का बड़ा उदाहरण है। यह सड़क सुरक्षा और इमरजेंसी रिस्पांस को मजबूत करने के लिए बनाई गई थी और फरवरी 2024 में इसकी शुरुआत से लेकर अब तक इसने कई कीमती जानें बचाने में मदद की है। समारोह में पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, राज्‍य के डीजीपी गौरव यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *