सटीक समाचार, मोहाली। पंजाब में प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ के फ्री शो (Humare Ram Free Show) होंगे। भगवंत मान सरकार राज्य में इस नाटक के थियटरों में 41 फ्री मंचन करवाएगी। इसकी शुरूआत मोहाली से हुई है। नाटक का मंचन अगस्त और सितंबर के महीने में 12 शहरों में होगा।
राज्य के 12 शहरों में अगस्त और सितंबर में थियेटरों में होंंगे शो
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मोहाली में ‘हमारे राम’ के पंजाब के पहले शो में दर्शकों के साथ शामिल हुए। इस नाटक में मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा ने मुख्य भूमिका में दमदार अभिनय पेश किया। यह शो राज्यस्तरीय सांस्कृतिक अभियान की शुरुआत है। इसके तहत पंजाब सरकार अगस्त और सितंबर माह के दौरान 12 शहरों में 41 निःशुल्क शो करवाएगी।

श्री राम के शाश्वत संदेशाें को जनता तक पहुंचाने का प्रयास: भगवंत मान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह भगवान श्री राम के शाश्वत संदेशों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य थिएटर के प्रभावशाली माध्यम से सत्य, धर्म, दया और एकता का संदेश फैलाने के साथ-साथ सनातन धर्म के मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंंने पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
यह समाचार भी पढ़िये: Sawan 2026 Special :शिव की साधना स्थल पर बने इस मंदिर की शिल्पकला है बेजाेड़, पत्थरों को थपकी देने पर आती है ‘डमरू’ की आवाज, 39 वर्ष में हुआ तैयार
मोहाली में इस नाट्य मंचन के पहले शो के दौरान ऑडिटोरियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब एक पवित्र और ऐतिहासिक धरती है। ‘हमारे राम’ नाटक भगवान श्री राम के शाश्वत उपदेशों और आदर्शों को बहुत ही खूबसूरत तरीके से पेश करता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा इस शो के मुख्य आकर्षण हैं, जिनका दमदार अभिनय इस शो के आकर्षण को और बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि इस नाटक के शो पंजाब के 12 शहरों मोहाली, बठिंडा, जालंधर, फिरोजपुर, होशियारपुर, अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर और खन्ना करवाए जाएंगे। इस प्रयास का उद्देश्य पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि नाटक ‘हमारे राम’ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, खासकर युवा पीढ़ी द्वारा भरपूर समर्थन मिला है। यह शो रामायण को अनोखे और अनछुए पहलुओं से पेश करता है, जिससे दर्शकों को एक नया और ज्ञानवर्धक अनुभव मिलता है।
भगवान राम के उपदेश मानवता के मार्गदर्शक
भगवंत मान ने कहा, आज के दौर में भगवान श्री राम के उपदेश मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। कलाकारों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं 150 कलाकारों की पूरी टीम का पंजाब की पवित्र और महान धरती पर स्वागत करता हूं। इस अवसर पर पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने भी अपने विचार रखे।
भगवान श्री राम की शाश्वत विरासत को शानदार नाट्य श्रद्धांजलि
‘हमारे राम’ महान महाकाव्य रामायण पर आधारित नाटक है, जो वाल्मीकि रामायण के आध्यात्मिक तत्व से जुड़े भगवान श्री राम के जीवन और आदर्शों को आधुनिक नाट्य रूप में पेश करता है। गौरव भारद्वाज द्वारा निर्देशित और फेलिसिटी थिएटर द्वारा निर्मित इस नाटक में मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका में हैं। इसके मंचन में कई अन्य प्रमुख कलाकार शामिल हैं।
यह नाटक एक आध्यात्मिक अनुभव सृजित करने के लिए शानदार कहानी, बड़े सेट, प्रभावशाली एलईडी विज़ुअल्स, मूल संगीत, कोरियोग्राफी, पारंपरिक वेशभूषा और विशेष प्रभावों का सम्मिश्रण प्रस्तुत करता है। वर्ष 2024 में अपनी शुरुआत के बाद से, ‘हमारे राम’ के भारत और विदेशों में सैकड़ों शो हो चुके हैं। इस नाटक ने रामायण के कम ज्ञात पहलुओं को पेश करने और सत्य, धर्म, दया और भलाई के शाश्वत मूल्यों को मजबूत करने के लिए व्यापक प्रशंसा अर्जित की है।
कलाकारों के दिलकश अभिनय से मंत्रमुगध हुए दर्शक
इस शो ने शुरुआती दृश्य से लेकर अंतिम दृश्य तक दर्शकों को मंत्रमुगध रखा। आशुतोष राणा सहित कलाकारों के दमदार अभिनय, प्रभावशाली संवाद, रूहानी संगीत, शानदार विज़ुअल्स और विश्व स्तरीय स्टेज कला के संयोजन ने भावुक और आध्यात्मिक वातावरण सृजित किया। आशुतोष राणा ने रावण के किरदार में दमदार अभिनय से दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।
अन्य कलाकारों ने भी हर किरदार को पूरी शिद्दत के साथ जीवंत किया। नाटक की भावनात्मक गहराई, श्रद्धापूर्ण माहौल और कलात्मक उत्कृष्टता ने दर्शकों के दिलों को छू लिया, जिससे यह शाम भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का यादगार अवसर बन गई।
