Punjab New T20 league: पंजाब में शुरू हाेगा IPL की तर्ज पर नया क्रिकेट टी-20 लीग, भगवंंत मान से मिले अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह

पंजाब में नए क्रिकेट टी20 लीग की घोषणा के मौके पर सीएम भगवंत मान के साथ स्‍टार क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिह और प्रभसिमरन सिंह। (सौजन्‍य पंजाब डीपीआरओ)
पंजाब में नए क्रिकेट टी20 लीग की घोषणा के मौके पर सीएम भगवंत मान के साथ स्‍टार क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिह और प्रभसिमरन सिंह। (सौजन्‍य पंजाब डीपीआरओ)

सटीक समाचार, चंडीगढ़। पंजाब में आइपीएल (IPL) की तर्ज पर टी-20 क्रिकेट लीग (Punjab New T20 League) शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ (Sher E Punjab T20 League) की शुरुआत की घोषणा की। इस मौके पर स्‍टार क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह सहित कई क्रिकेटर मौजूद थे। मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने इस लीग को पंजाब का अपना आइपीएल करार दिया।

इस शेर – ए- पंजाब टी20 लीग में होंगी छह फ्रेंचाइजी टीमें

इस क्र‍िकेट टी20 लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें शामिल होंगी। इन टीमों में शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ सहित पंजाब के स्टार क्रिकेटर खेलेंगे। यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में खेली जाएगी। नौ अगस्त को होने वाली नीलामी में पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे उभरती प्रतिभाओं को स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने का एक बड़ा अवसर और मंच मिलेगा।

पंजाब को खेलों में मजबूत करने के लिए कर रहे हैं काम: भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। राज्‍य सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा खेल क्षेत्र में राज्य को और मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने खेलों को नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम में सबसे प्रभावशाली हथियार बताया।

भगवंत मान ने कहा, ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के खिलाड़ियों से मिलकर बहुत खुशी हुई। पंजाब की धरती ने हमेशा देश को नामवर खिलाड़ी दिए हैं। हंसता-खेलता पंजाब, रंगला पंजाब।’

शुभमन गिल फाजिल्‍का फाल्‍कन्‍स और अभिषेक शर्मा अमृतसर सूरमाज के लिए खेलेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘यहां पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ हुई बैठक के दौरान तय हुआ कि इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें होंगी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ‘फाजिल्का फाल्कन्स’ का प्रतिनिधित्व करेंगे। अर्शदीप सिंह ‘लुधियाना लायंस’, अभिषेक शर्मा ‘अमृतसर सूरमाज’ और, प्रभसिमरन सिंह ‘जालंधर वॉरियर्स’ के लिए खेलेंगे। रमनदीप सिंह ‘मोहाली किंग्स’ और गुरनूर बराड़ ‘बठिंडा रॉयल्स’ के लिए खेलेंगे।’

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : Humare Ram Free Show : पंजाब में ‘हमारे राम’, आशुतोष राणा का शानदार अभिनय, नाटक के 41 फ्री शो करवाएगी भगवंत मान सरकार

उन्‍होंने कहा कि पंजाब इस समय भारतीय क्रिकेट टीम की रीढ़ की हड्डी है, जिसके 21 खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं। ये सभी खिलाड़ी अब पंजाब की अपनी लीग के आकर्षण का केंद्र होंगे। पंजाब क्रिकेट लीग में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ी पंजाब के ही होंगे।

नौ अगस्‍त को होगी खिलाड़ि‍यों की नीलामी, हर टीम आपस में आठ-आठ लीग मैच खेलेगी

मुख्यमंत्री मान ने बताया, “इस उद्देश्य के लिए पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ियों का एक पूल तैयार किया गया है। इन खिलाड़ि‍यों की 9 अगस्त को नीलामी होगी।। इन खिलाड़ियों में अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मारकंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमानजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष भगत जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। यह लीग राउंड-रॉबिन आधार पर खेली जाएगी, जिसमें प्रत्येक टीम आठ लीग मैच खेलेगी।

भगवंत मान ने कहा- नशे के खिलाफ जंग में खेल सबसे बड़ा हथियार

उन्होंने कहा, ‘यह लीग पंजाब के युवा खिलाड़ियों को एक बड़े मंच पर खेलने का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करेगी। उन्हें स्थापित खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका अनुभव बढ़ेगा। पंजाब में नशे के कोढ़ को खत्म करने के लिए व्यापक मुहिम शुरू की गई है और खेल इस जंग में सबसे बड़ा हथियार हैं।’

राज्‍य में हाे रहा ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का हो रहा आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यभर में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत खेल प्रतियोगिताएं हर वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही हैं। राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 3,100 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। पंजाब अक्टूबर-नवंबर में पहली बार ‘हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ की मेजबानी करेगा और अब राज्य की अपनी क्रिकेट लीग भी शुरू होने जा रही है।’

इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत मेहता, सचिव एवं सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और उप प्रधान दीपक बाली ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप लीग के लोगो वाली टी-शर्ट भेंट की। इस अवसर पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप क्रिकेट बैट और गेंद भेंट की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *