दो School of Eminence का लुधियाना में शुभारंभ हुआ, भगवंत मान बोले- पंजाब में नई ऊंचाइयों पर पहुंचे सरकारी स्‍कूल

सीएम भगवंत मान ने ने लुधियाना में स्‍कूल ऑफ एमिनेंस का शुभारंभ किया। (पंजाब डीपीआरओ)
सीएम भगवंत मान ने ने लुधियाना में स्‍कूल ऑफ एमिनेंस का शुभारंभ किया। (पंजाब डीपीआरओ)

सटीक समाचार, लुधियाना। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना के स्‍कूल ऑफ एमिनेंस (School Of Eminence) का शुभारंभ किया। इसके साथ ही लुधियाना जिले में स्‍कूल ऑफ एमिनेंस की संख्‍या 16 हो गई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब में शिक्षा में लगातार निवेश ने राज्‍य में सरकारी स्‍कूल नई ऊंचााइयों पर पहुंचाया है।

भगवंत मान ने लुधियाना के किदवई नगर और मिलर गंज में एक-एक ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ का शुभारंभ किया। ये स्‍कूल आधुनिक कक्षाओं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, ऑडिटोरियम तथा अन्य उन्नत सुविधाओं से सुसज्जित हैं। भगवंत मान ने कहा कि ये स्‍कूल सरकारी शिक्षा को मजबूत करने और विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजाब सरकार के प्रयासों का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत ढांचे, विदेशों में शिक्षकों के प्रशिक्षण तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के कारण अभिभावकों का सरकारी स्कूलों के प्रति विश्वास लगातार बढ़ा है। पंजाब ने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में 27वें स्थान से छलांग लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया है।

भगवंत सिंह मान ने विद्यार्थियों से किया संवाद

मुख्यमंत्री ने ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ का दौरा किया और विद्यार्थियों के साथ काफी समय बिताया। उन्होंने कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशालाओं तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया और आधुनिक आधारभूत ढांचे का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, वैज्ञानिक प्रयोगों और सीखने के अनुभवों पर बातचीत की। इस दौरान अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उनसे ऑटोग्राफ लिये। कुछ विद्यार्थियों ने प्रेम और सम्मान के प्रतीक के रूप में हाथों से बनाए गए स्केच और चित्र उन्हें भेंट किए।

स्‍कूल ऑफ एमिनेंस आर्थिक रूप से कमजोर बच्‍चों को गुणवत्‍ता पूर्ण शिक्षा देते हैं

उन्होंने कहा कि ये स्कूल आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री नेबताया कि किदवई नगर स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस 10.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। नया भवन 8300 वर्ग गज से अधिक क्षेत्र में बनाया गया है और इसमें कुल 60 कमरे हैं, जिनमें 27 कक्षाएं, सात आधुनिक प्रयोगशालाएं, एक पुस्तकालय, प्राचार्य कक्ष, 500 विद्यार्थियों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम तथा नौ शौचालय शामिल हैं।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : E20 Petrol: ई-20 पेट्रोल पर सरकार ने कही बड़ी बात, एथेनाॅल न मिलाते तो इतने रुपये लीटर बिकता पेट्रोल

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, मिलर गंज स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस 3.48 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह नई इमारत 1800 वर्ग गज से अधिक क्षेत्र में निर्मित की गई है और इसमें कुल 22 कमरे हैं। इनमें 11 कक्षाएं, सात प्रयोगशालाएं, प्राचार्य कक्ष तथा छह शौचालय शामिल हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यहां एक लिफ्ट भी स्थापित की गई है। इससे पहले इंद्रपुरी, लुधियाना में भी एक अत्याधुनिक स्कूल ऑफ एमिनेंस भवन का उद्घाटन किया जा चुका है।

उन्होंने आगे कहा, इंद्रपुरी स्कूल प्रीमियम सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें एक स्विमिंग पूल तथा एक टेनिस कोर्ट भी शामिल है। यहां विद्यार्थियों की संख्या 1320 से बढ़कर 1788 हो गई है।

लुधियाना में 200 सरकारी स्‍कूलों को उन्‍नत किया गया

मुख्यमंत्री ने कहा, लुधियाना जिले के 200 सरकारी विद्यालयों के आधारभूत ढांचे का व्यापक उन्नयन किया गया है। जिले भर में लगभग तीन लाख विद्यार्थी सरकारी विद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं। लुधियाना में अब 16 स्कूल ऑफ एमिनेंस, 11 स्कूल ऑफ ब्रिलियंस तथा 35 स्कूल ऑफ हैप्पीनेस संचालित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने एक्स सोशल मीडिया पेज भी इस बारे में पोस्‍ट डाला। उन्‍होंंने लिखा, आज लुधियाना में नए ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ भवन का उद्घाटन करना मेरे लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है। हमारे सरकारी स्कूलों का उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को निजी स्कूल छोड़कर यहां प्रवेश लेने के लिए प्रेरित कर रहा है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर हम उस ‘रंगले पंजाब’ का निर्माण कर रहे हैं, जिसका हमारे बच्चे सपना देखते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *