सटीक समाचार, मुंबई। JIO IPO: जियो आईपीओ में दूसरे दिन 22 अक्टूबर सुबह के कुछ घंटे में ही रिटेल निवेशकों का कोटा भी पूरी तरह भर गया है। गुरुवार सुबह जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के देश के अब तक के सबसे बड़े इस IPO की रिटेल कैटेगरी 100 फीसदी सब्सक्राइब हो गई।
कोटा पूरा भरने के बावजूद निवेशक अब भी IPO में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 23 अक्टूबर तक का समय है। IPO में आवेदनों की संख्या भी 40 लाख के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही कुल सब्सक्रिप्शन 3.34 गुना पहुंच चुका था।
कर्मचारी कोटा 1.54 गुना और शेयरहोल्डर कोटा 1.79 गुना सब्सक्राइब
जियो आईपीओ (JIO IPO) के पहले ही दिन 21 अक्टूबर को बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) की कैटेगरी भी 9.42 गुना सब्सक्राइब हो चुकी थी। इसके बावजूद बड़े संस्थागत निवेशकों की भारी मांग बरकरार है। रिलायंस के कर्मचारियों और शेयरहोल्डर्स के लिए आरक्षित कोटे पहले ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो चुके हैं। गुरुवार सुबह कर्मचारी कोटा 1.54 गुना और शेयरहोल्डर कोटा 1.79 गुना भर चुका था।
रिटेल कोटा फुल होने के बावजूद आवेदन जारी, 23 अक्टूबर तक निवेश का मौका
IPO में 100 फीसदी सब्सक्रिप्शन का मतलब है कि उपलब्ध शेयरों के मुकाबले पूरी मांग आ चुकी है। लेकिन, इससे आवेदन प्रक्रिया बंद नहीं होती। निवेशक अंतिम तारीख 23 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं, हालांकि शेयरों का आवंटन तय नियमों और संबंधित कैटेगरी में मांग के आधार पर होगा।
यह समाचार भी पढ़िये: JIO IPO के पहले दिन ही टारगेट से 3.16 गुना सब्सक्राइब, 30213 करोड़ के शेयरों के लिए 67,745 कराेड़ रुपये की बोलियां
जियो IPO को पहले दिन 3.16 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था
बता दें कि जियो आईपीओ (JIO IPO) को पहले दिन 21 अक्टूबर को 3.16 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। पहले दिन 30.5 लाख आवेदन मिले थे। एंकर निवेशकों से अलग पहले दिन 69,745 करोड़ रुपये की बोलियां मिली थीं।
जियो ने एंंकर निवेशकों से पहले ही जुटा लिए थे 8110 करोड़ रुपये
बता दें कि एंकर निवेशकों (एंकर पोर्शन) से आईपीओ का इश्यू जारी होने से पहले जियो ने 8110 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी को आईपीओ से कुल 30213 करोड़ रुपये जुटाने हैं। इस तरह एंकर पोर्शन से राशि जुटाने के बाद कंपनी ने आम लोगों और संस्थागत निवेशकों के लिए 22103 करोड़ रुपये के नेट इश्यू जारी किए गए हैं।
कर्मचारी और शेयरधारक कोटा पहले दिन ही भर गए थे
जियो कर्मचारियों और रिलायंस शेयरधारकों के लिए रिजर्व कोटे भी पूरी तरह भर चुके हैं। 21 अक्टूबर को जियो आईपीओ को कुल 3.20 लाख करोड़ रुपये की बोलियां मिल चुकी थीं। इनमें एंकर निवेशकाें के करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये और गैर एंकर निवेशकों की लगभग 70 हजार करोड़ रुपये की बोलियां शामिल हैं।
बता दें कि 21 अक्टूबर को कर्मचारी कोटा 1.36 गुना और शेयरहोल्डरों का कोटा 1.46 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। गैर संस्थागत निवेशकों (NII) श्रेणी में 1.68 गुना और रिटेल कैटेगरी में 73% सब्सक्रिप्शन हुआ था। रिटेल कैटेगरी में पहले दिन 6908 करोड़ रुपये की बोलियां आई थीं और यह अपने आप में एक रिकार्ड था।

