सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Ramlila: पानीपत के इंसार बाजार की ऐतिहासिक डॉ. भगवान दास वाली श्री बाल सायंकाल रामलीला समिति (रजि.) द्वारा आयोजित श्री रामलीला का समापन हो गया। इसका समापन भगवान श्रीराम के भव्य राज्याभिषेक समारोह से बुधवार सायं हुआ।
राज्याभिषेक समारोह शाहजी की कोठी के पास स्थित डॉ. भगवान दास क्लीनिक परिसर में असीम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर श्रीराम के राज्याभिषेक के दर्शन किए और समारोह का आनंद लिया।
वैदिक मंत्रोच्चार और मनोहारी झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भगवान श्रीराम, माता सीता, भ्राता लक्ष्मण एवं संकटमोचन श्री हनुमान जी की सजीव एवं मनोहारी झांकी ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जैसे ही श्रीराम के राज्याभिषेक का दिव्य प्रसंग जीवंत हुआ पूरा प्रांगण ‘जय श्रीराम’ और ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के उद्घोषों से गूंज उठा।
संत-महात्माओं का मिला सानिध्य एवं आशीर्वाद
समारोह में संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम में वातावरण को अलौकिक बना दिया। कार्यक्रम में परम पूज्य मातृश्री कांता देवी जी महाराज तथा महामंडलेश्वर स्वामी अरुण दास जी महाराज ने शिरकत की। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया और सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। इसके साथ ही, महंत बेबी शर्मा जी (किन्नर) ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और लोगों के लिए मंगल कामनाएं कीं।
यह समाचार भी पढ़िये: श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर ‘प्लानिंग’ का किया खुलासा, क्या फिलहाल बंद हो गए टीम इंडिया के दरवाजे
समारोह में समिति के पदाधिकारियों एवं गणमान्य अतिथि रहे उपस्थिति
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र मिड्ढा, सरपरस्त मंगल सैन सिक्का, जय भगवान, उप-प्रधान डॉ. पुनीत कौशल, महासचिव हरीश अरोड़ा, सचिव विपिन तलवार, कोषाध्यक्ष नीलम मिड्ढा, नीरज विज, महेश नारंग, कपिल वर्मा सहित समिति के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
शहर के अनेक प्रमुख एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे
समाजसेवी चंद्र सहगल, चमन लाल गुलाटी, चांद मारिया, तरुण छोकरा, अशोक नारा, राकेश खंडूजा, राजकुमार मिगलानी, नरेश बजाज, लक्की दुआ, पुनीत गुप्ता, जसविंदर सिंह, अश्वनी हुंडिया, विकास जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
डॉ. महेन्द्र मिड्ढा ने कहा, श्री राम के आदर्श सेवा व सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं
समिति के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र मिड्ढा एवं समस्त पदाधिकारियों ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी पधारे हुए अतिथियों, संत जनों, श्रद्धालुओं, सहयोगी संस्थाओं, कलाकारों और समर्पित स्वयंसेवकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श हम सभी को सत्य, प्रेम, त्याग और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। समारोह के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ देश-समाज की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
