सटीक समाचार, पानीपत। SD PG College: एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण के सहित सात पदक जीते। इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला योगासन स्पोर्टस एसोसिएशन द्वारा मेहराणा में किया गया था। कॉलेज पहुंंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
जिला योगासन चैंपियनशिप में भतेरी, कशिश, मुस्कान और वैभव ने जीते स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय खेलों में तीन बार की स्वर्ण पदक विजेता भतेरी ने कलात्मक जोड़ी और तालबद्ध जोड़ी में स्वर्ण, कशिश ने कलात्मक जोड़ी और तालबद्ध जोड़ी में स्वर्ण, अंतराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों की पदक विजेता मुस्कान ने तालबद्ध जोड़ी में रजत और वैभव ने तालबद्ध जोड़ी में स्वर्ण एवं पारंपरिक विधा में कांस्य पदक हासिल कर कॉलेज का मान बढाया।
कॉलेज पहुंंचने पर पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत
विजेता खिलाड़ियों का कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने भतेरी, कशिश, मुस्कान और वैभैव के साथ-साथ डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो पूजा, प्रो आनंद, प्रो नीलम, कोच मोहित और ग्राउंड्समैन प्रताप सिंह के प्रयासों की भूरी-भूरी सराहना की।
कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल ने कहा, खेलों से व्यक्तित्व का विकास होता है
कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल ने कहा कि खेलों में भाग लेने से हमें अनेक फायदे मिलते है। व्यक्ति का रूप और व्यक्तित्व खेलों से ही बनता और निखरता है। खेल के मैदान और मुकाबले में हर खिलाड़ी अगर लगन के साथ भाग ले तो न सिर्फ हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि परस्पर प्यार और सदभाव में भी वृद्धि होती है।
उन्होंने कहा कि तनाव और अवसाद से भरी आज की आधुनिक जीवन शैली में खेल और योग ही हमें स्वस्थ और तनावमुक्त रख सकते है । योग एक तपस्या है और जो इसमें जितनी अधिक मेहनत करेगा उतनी ही सफलता उसे मिलेगी । योग सोने की तरह होता हैं जिसे जितना अधिक तपायेंगे उतना ही निखार इसमें आएगा।
यह समाचार भी पढ़िये: Punjab Police में होगी बंपर भर्ती, 10 हजार नए पदों पर नियुक्ति की घोषणा
‘मेहनत, लगन और जुनून का कोई विकल्प नहीं’
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने सभी विजेताओं की भरपूर प्रशंसा की और कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि कॉलेज के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और स्वर्णिम स्थान रखती है। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ सुशीला बेनीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर पदक लाना बहुत बड़ी बात है। यह एक विलक्ष्ण उपलब्धि है । पानीपत के ग्रामीण अंचल में पल-बढ़कर भी इस खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि सफलता किसी शहर या सुविधा की मोहताज नहीं होती है। मेहनत, लगन और जूनून का कोई विकल्प नहीं है।

