राजस्‍थान में भाजपा के पूर्व विधायक भड़ाना की पीट-पीटकर हत्‍या, ग्रामीणों ने किया हमला

Atar Singh Bhadana: राजस्‍थान के बयाना से विधायक रहे अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीट कर हत्‍या कर दी गई। (फाइल फोटो सोशल मीडिया)
Atar Singh Bhadana: राजस्‍थान के बयाना से विधायक रहे अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीट कर हत्‍या कर दी गई। (फाइल फोटो सोशल मीडिया)
Last Updated: 12 Oct, 2026 at 01:18 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, जयपुर। Atar Singh Bhadana: राजस्‍थान के भरतपुर जिले के बयाना में भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की ग्रामीणों की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्‍या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप है। 68 वर्षीय भड़ाना गांव भौड़ा स्थित अपने स्‍टोन क्रेशर प्‍लांट पर पहुंचे थे और आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। बुरी तरह घायल अतर सिंह को अस्‍पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भारी संख्‍या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

बयाना से 2003 में भाजपा टिकट पर विधायक बने थे

बता दें कि अतर सिंह भड़ाना 2003 में राजस्‍थान के बयाना सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे। वह मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद के रहनेवाले थे। उन्‍होंने राजस्‍थान के भौड़ा गांव में लीज पर खदान लिया था और क्रेशर प्‍लांट लगाया था।

क्रेशर प्‍लांट को लेकर ग्रामीणों से विवाद चल रहा था

बताया जाता है कि स्‍टोन क्रेशर प्‍लांट को लेकर करीब चार साल से अतर सिंह भड़ाना वहां के ग्रामीणों के साथ विवाद चल रहा था। ग्रामीणों द्वारा वहां धरना दिया जा रहा था। ग्रामीण वहां अतर सिंह पर अवैध खनन करने और पशु चारागाह पर अतिक्रमण करने का आरोप लगा रहे थे। भड़ाना ने क्रेशर प्‍लांट लीज की जमीन पर ले रखी थी और लीज के रास्‍ते को लेकर भी विवाद था।

आरोप है कि ग्रामीणों के समूह ने हमला कर

जानकारी के अनुसार, क्रेशर प्‍लांट पर अतर सिं‍ह अपने सहयोगियों के साथ रविवार शाम करीब 6.30 बजे से सात बजे के बीच पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों के एक समूह ने अतर सिंह और उनके सहयाेगी गगन शर्मा पर हमला कर दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पहले वैर अस्‍पताल ले जाया गया और वहां से जयुपर के एसएमएस अस्‍पताल रेफर किया गया। वहां रात करीब 11.30 बजे अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई।

ग्रामीणों का आरोप- अवैध खनन किया जा रहा था और अतिक्रमण भी किया गया

ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर प्‍लांट पर अवैध तरीके से खनन किया जा रहा था। पास के पशु चारागाह पर भी अतिक्रमण कर लिया गया था। इसके खिलाफ पिछले 10-15 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से वहां धरना व प्रदर्शन किया जा रहा था। उनका आरोप है कि रविवार शाम अतर सिंह के पक्ष के 40-50 लोग वहां पहुंचे और धरना दे रहे ग्रामीणाें को हटा दिया गया।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: मोबाइल जेब में और जियो AI ग्‍लास से हो जाएगा UPI पेमेंट, लाइव क्रिकेट कमेंट्री भी सुनें

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और फिर एक-दूसरे पर हमले कर दिए। दोनों पक्षाे के बीच पत्‍थर व लाठी-डंडाें चलने लगे। इस दोरान अतर सिंह भड़ाना बुरी तरह घायल हो गए। पहले उनको वैर अस्‍पताल और जयपुर के अस्‍पताल में ले जाया गया, लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका।

जानें अतर सिंह भड़ाना के राजनीतिक सफर के बारे में
  • अतर सिंंह भड़ाना हरियाणा के फरीदाबाद के रहनेवाले थे।
  • वह 1998 में भाजपा के टिकट पर राजस्‍थान के बयाना सीट से विधानसभा चुनाव लड़े। इस चुनाव में वह हार गए।
  • इसके बाद वह 2003 में फिर बयाना सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे। इस बार वह चुनाव जीत गए।
  • इसके बाद उन्‍होंने बयाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में फार्म हाऊस खरीदा और वहां रहने लगे।
  • राजस्‍थान में वसुंधरा राजे के मुख्‍यमंत्री के रूप में पहले कार्यकाल के दौरान हुए गुर्जर आंदोलन में वह अपनी ही सरकार का विरोध किया और भाजपा छोड़ दी।
  • अतर सिंह 2008 में बहुजन समाज पार्टी में शाम‍िल हो गए। इसके बाद वह कांग्रेस में आ गए। कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े, लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह वापस हरियाणा आ गए और फरीदबाद में रहने लगे।
  • 2008 में चुनाव में हार के बाद वह फिर से भाजपा में लौट आए और भाजपा के किसान मोर्चा के प्रदेशाध्‍यक्ष बनाए गए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *