Bhupinder Singh Hooda बोले- 2024 की हार की निराशा को पीछे छोड़ नई शुरूआत कर रही है कांग्रेस

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलाई विधानसभा क्षेत्र के दौरे के क्रम में एक गांव में लोगाें से मिलते हुए। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलाई विधानसभा क्षेत्र के दौरे के क्रम में एक गांव में लोगाें से मिलते हुए। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
Published: 23 Sep, 2026 at 11:22 PM

सटीक समाचार, रोहतक। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने कहा कि कांग्रेस 2024 के चुनाव में हार की निराशा की पीछे छोड़ नई लड़ाई की शुरूआत कर रही है। राज्‍य भर में ब्‍लॉक स्‍तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पार्टी को सक्रिय किया जा रहा है और रणनीति तैयार की जा रही है। राज्‍य में भाजपा के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।

हुड्डा ने शुरू किया अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी सांपला किलोई का दौरा

हुड्डा अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी सांपला किलोई के गांवों का दौरा शुरू किया है। इसी दौरान वह ग्रामीण सभाओं को संबोधित कर रहे थे। गांवों में लोगों ने जोरदार स्वागत किया। हुड्डा ने बताया कि ग्रामीण सभाएं कर लोगों से अपनी आगामी राजनीति के बारे में सलाह मशविरा किया। उन्होंने कहा कि लोग ही मेरी असली ताकत हैं। उन्‍होंने लोगों से कहा, अगर आप इजाजत देते हैं तो मैं पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ आर-पार के संघर्ष की शुरुआत करना चाहता हूं।

कहा- राज्‍य में ब्‍लॉक स्‍तर पर हो रही हैं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

हरियाणा कांग्रेस के एक बयान में कहा गया है कि इस दौरान गांववालों ने हुड्डा से कहा कि आप पूरे प्रदेश में जाईये और अपना संघर्ष शुरू कीजिए। हुड्डा ने कहा कि अब कांग्रेस 2024 की हार से उत्पन्न हुई निराशा को पीछे छोड़कर नई लड़ाई की शुरुआत कर रही है। हम राज्‍य में पार्टी संगठन के गठन के बाद लगातार ब्लॉक स्तर की कार्यकर्ता बैठकें कर रहे हैं। इस बीच मैंने एकबार अपने हलके के लोगों से विचार-विमर्श करना जरूरी समझा।

हुड्डा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे की शुरुआत ब्राह्मणवास गांव से की। हुड्डा ने कहा कि इस गांव का आशीर्वाद हमेशा से हमारे परिवार के साथ रहा है। यहां से आशीर्वाद लेकर वो पहले पूरे हलके व फिर पूरे प्रदेश में जाएंगे और तबतक नहीं रुकेंगे जबतक प्रदेश में कांग्रेस की जीत का परचम नहीं लहराया जाता। हुड्डा ने बुधवार को ब्राह्मणवाद, बसंतपुर, धामड़, रिठाल, कन्ही, जसिया, घिलौड़ खुर्द और घिलौड़ कलां का दौरा कर ग्रामीण सभाओं को संबोधित किया।

आरोप लगाया कि 2024 का विधासभा चुनाव भाजपा ने धांधली करके जीता

सभाओं में हुड्डा ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा धांधली करके जीती थी। राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ इसका खुलासा किया है। इसलिए हमारी अगली लड़ाई सिर्फ भाजपा के खिलाफ नहीं, बल्कि ऐसी चुनावी धांधली के खिलाफ भी है। उन्‍होंने कहा, चुनाव आयोग कहें या सत्ता पक्ष का टूलकिट?

​हुड्डा ने कहा, ‘ 3 में से 2 चुनाव आयुक्तों ने खुद चुनाव प्रक्रिया की धज्जियां उड़ने की पोल खोल दी है। 10 महीने में 14 बार एकतरफा फैसलों पर आपत्ति, वोटर लिस्ट में हेरफेर पर पर्दा डालना और फॉर्म 6 में अवैध बदलाव यह साफ दिखाता है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अकेले बैठकर चुनाव फिक्स कर रहे हैं।’

कहा- एसआइआर से 13 करोड़ वोटरों का नाम काटे गए

​उन्‍होेने कहा कि राहुल गांधी की ‘वोट चोरी’ की चेतावनी बिल्कुल सच थी और हरियाणा में इसके माध्‍यम से ही सत्ता चोरी की गई। एसआइआर (SIR) के नाम पर 13 करोड़ वोटरों का नाम कटना इसी तानाशाही का सुबूत है। जिस संस्था पर लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी थी, वही आज सत्ता पक्ष की कठपुतली बन रही है। यह भारतीय लोकतंत्र का सबसे संकटकालीन दौर है।’

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: Banks इस बार रविवार को भी खुले रहेंगे, सरकार ने बैंककर्मियों की तीन दिन की हड़ताल के कारण लिया फैसला

इस दौरान पत्रकारों के बातचीत में उन्‍होंने कहा कि भाजपा से जनता पूरी तरह नाउम्मीद हो चुकी है। कांग्रेस के कार्यकाल में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश और रोजगार सहित विकास के हर पैमाने पर देश का नंबर वन राज्य था। लेकिन, भाजपा ने उसे नशे, भ्रष्टाचार और अपराध में नंबर वन बना दिया।

बोले – हरियाणा में 60 अपराधी गिरोह सक्रिय

हुड्डा ने कहा कि आज हालात यह हैं कि खुद केंद्र सरकार की रिपोर्ट हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य बताती है। अपराध का आलम यह है कि प्रदेश में 60 अपराधी गिरोह सक्रिय हैं। ये गिराेह न सिर्फ अपराध करते हैं, बल्कि उसके बाद उसकी जिम्मेदारी भी लेते हैं, क्योंकि उनमें सरकार और कानून-व्यवस्था का कोई डर नहीं है। भाजपा ने हरियाणा की आर्थिक हालत इतनी खराब कर दी है कि 18 बड़े राज्यों में हरियाणा 14वें स्थान पर फिसल गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *