Punjab Politics: भगवंत मान ने कहा, काम की राजनी‍ति से लोगों का विश्‍वास जीता

Punjab Politics: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने फतेहगढ़ चूड़ि‍यां के घणिए के बांगर में लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Politics: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने फतेहगढ़ चूड़ि‍यां के घणिए के बांगर में लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Published: 3 Oct, 2026 at 11:58 PM

सटीक समाचार, फतेहगढ़ चूड़ियां। Punjab Politics: पंजाब के मुख्‍यमंंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब अब ‘काम की राजनीति’ और परिवार-केंद्रित राजनीति के बीच स्पष्ट अंतर देख रहा है। हमने ‘काम की राजनीति’ से लोगों का विश्‍वास जीता है। राज्‍य सरकार का ध्‍यान शासन का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने पर है।

फतेहगढ़ चूड़ि‍यां के घणिए के बांगर में लोक मिलनी कार्यक्रम

वह फतेहगढ़ चूड़ियां के घणिए के बांगर में आयोजित ‘लोक मिलनी’ को संबोधित किया। उन्‍होंंने कहा कि 90 प्रतिशत परिवारों के लिए मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये तक के इलाज, 88 प्रतिशत कृषि भूमि के लिए नहरी पानी और माताओं-बहनों को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता दी है।

उन्‍होंने कहा कि साढ़े चार वर्षों में हमारी सरकार ने कांग्रेस और अकाली शासन के 22 वर्षों से अधिक काम करके दिखाया है। राज्‍य में सरकारी स्कूलों की कायाकल्प ने पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में शीर्ष स्थान पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि 2027 से पहले लोगों का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है।

इसके साथ ही उन्‍होंंने इस कार्यक्रम के बारे में अपने एक्‍स हेंडल पर पोस्ट किया। उन्‍होंने लिखा, ‘ आज फतेहगढ़ चूड़ियां विधानसभा क्षेत्र के गांव घणिए के बांगर में विशाल जनसभा के लिए एकत्रित हुए माझा क्षेत्र के लोगों द्वारा दिखाया गया प्यार और उत्साह वास्तव में लाजवाब था। पारंपरिक पार्टियों ने ‘मैं और मेरा परिवार’ के नाम पर पंजाब को लूटा, लेकिन हमने ईमानदारी से काम किया है।’

कहा- 2027 में भी लोग विकास का रास्‍ता चुनेंगे

उन्‍होंने पोस्ट में लिखा, ‘रैली के दौरान करवाए गए जनमत सर्वेक्षण में लोगों द्वारा हाथ खड़े करके दिए गए जबरदस्त समर्थन ने साबित कर दिया कि उनका विश्वास हमारे साथ बरकरार है। इसने यह भी दिखा दिया है कि 2027 में पंजाब के लोग एक बार फिर विकास का रास्ता चुनेंगे।’

‘लोक मिलनी’ में भगवंत मान ने कहा कि सरकार का ध्यान परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करने, सरकारी संस्थानों को मजबूत करने और आवश्यक सेवाओं में सुधार लाने पर है। उन्होंने कहा, ‘शासन का अर्थ तभी है, जब इसके लाभ आम आदमी के दरवाजे तक पहुंचे। हमारी सरकार परिवारों पर वित्तीय बोझ कम करने और आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।

दावा किया, पंजाब में करीब 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लगभग 90 प्रतिशत परिवार मुफ्त बिजली का लाभ ले रहे हैं, जबकि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी पहल भी शुरू की हैं, जिनके तहत परिवारों को 10 लाख रुपये तक का इलाज कवर मिल सकता है। इन प्रयासों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी संसाधन आम परिवारों के लिए प्रत्यक्ष राहत में बदलें।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नहरी सिंचाई के विस्तार पर भी ध्यान दिया है और अब 88 प्रतिशत खेतों तक नहरी पानी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई ढांचे को मजबूत करना किसानों की भूजल पर निर्भरता कम करने और पंजाब की कृषि अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक है।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : सत्‍संग UK के वार्षिक उत्‍सव में दिखा अध्‍यात्‍म और संगीत-संस्‍कृति का सुंदर संगम

भगवंत मान ने कहा कि बिजली, स्वास्थ्य सेवा और सिंचाई के प्रति सरकार के दृष्टिकोण का घरेलू खर्चों, कृषि उत्पादकता और पंजाब की समग्र आर्थिक खुशहाली पर सीधा प्रभाव पड़ता है। किफायती दरों पर स्वास्थ्य सेवा, विश्वसनीय सार्वजनिक सेवाएं और बेहतर बुनियादी ढांचा सरकार के सेवा-कल्याण मॉडल के केंद्र में हैं।

कहा- विपक्षी दल मतभेद भुलाकर सत्‍ता के लिए एकजुट हो रहे

पंजाब की राजनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अतीत में राज्य पर शासन करने वाली पार्टियां अब आपसी मतभेदों के बावजूद सत्‍ता के लिए एकजुट होने का प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ये पार्टियां अलग-अलग समय में शासन करने के बाद अब पंजाब में राजनीतिक आधार तलाशने के लिए प्रयासरत हैं।

लोगों से किया सीधा संवाद

लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और स्थानीय विकास तथा सार्वजनिक सेवाओं से संबंधित उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जमीनी वास्तविकताओं को समझने और प्रशासनिक कार्रवाई के माध्यम से स्थानीय जरूरतों को पूरा करने के लिए लोगों के साथ सीधा संवाद एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *