Punjab Portal: भगवंत मान ने लांच किए दो पोर्टल, कहा- पंजाब बनेगा निवेशकों की प्राथमिकता

Punjab Portal: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दो नए पोर्टल हुनर पंजाब और फास्‍ट ट्रैक पंजाब को लांच किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Portal: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दो नए पोर्टल हुनर पंजाब और फास्‍ट ट्रैक पंजाब को लांच किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Last Updated: 8 Oct, 2026 at 11:53 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab Portal : पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान ने यहां पंंजाब सरकार के दो नए पोर्टल लांच किए। ये पोर्टल हैं- ‘हुनर पंजाब’ (Hunar Punjab) और ‘फास्‍ट ट्रैक पंजाब’ (Fast Track Punjab)। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि पंजाब निवेशकों के लिए प्राथमिकता वाले स्‍थान के रूप में उभर रहा है। राज्‍य में कारोबार में सुगमता, पारदर्शिता और रोजगार पैदा करने पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

कहा- पोर्टल 45 दिनों के भीतर सिंगल विंडाे में सभी मंंजूरियां सुनिश्‍च‍ित करेंंगे

पोर्टल लांच करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ये नए पोर्टल 45 दिनों के भीतर सिंगल विंडो के माध्यम से सभी आवश्यक मंजूरियां सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही ये निवेशकों को वित्तीय प्रोत्साहनों की पारदर्शी तरीके से निगरानी करने में सक्षम बनाएंगे और उद्योगों को कुशल युवाओं से सीधे जोड़ेंगे।

पिछले चार वर्ष में राज्‍य में 1.89 लाख करोड़ रुपये का निवेश

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, ‘पिछले चार वर्षों के दौरान पंजाब में 1.89 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है, जिससे 6.31 लाख नए रोजगार पैदा हुए हैं। निवेशकों के इस विश्वास को बनाए रखने के लिए हमने आज दो प्रमुख पोर्टल लांच किए हैं।’

दोनों पोर्टलों की शुरूआत उद्योगों और युवाओं के लिए महत्‍वपूर्ण कदम

पोर्टल लांच करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हुनर पंजाब और फास्ट-ट्रैक पंजाब की शुरुआत पंजाब के उद्योग और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम है। ‘हुनर पंजाब’ उद्योग और कुशल युवाओं के बीच की दूरी को कम करेगा और राज्य के भीतर हमारे युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करेगा।

‘हुनर पंजाब’ पोर्टल पर 1750 संस्‍थान पंजीकृत हो चुके हैं

उन्‍होंने बताया कि ‘हुनर पंजाब’ पोर्टल पर लगभग 1,750 संस्थान पंजीकृत हो चुके हैं। औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के लिए स्थानीय कुशल युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कंपनियां अब इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कुशल युवाओं से सीधे जुड़कर उन्हें नौकरी पर रख सकेंगी।

यह समाचार भी पढ़िये: Punjab: ‘लाल डोरा’ के अंदर बने मकानों पर बड़ी राहत, मिलने लगे मालिकाना सर्टिफिकेट

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने और सरकारी कामकाज में अधिक पारदर्शिता लाने के लिए सभी विभागों में ई-ऑफिस और ऑनलाइन प्रणालियां लागू कर दी हैं। ये प्रणालियां अनावश्यक देरी को कम कर रही हैं और सरकारी प्रक्रियाओं को अधिक जवाबदेह बना रही हैं।

जानें ‘हुनर पंंजाब’ और ‘फास्‍ट ट्रैक पंजाब’ पोर्टल के बारे में खास बातें
  • हुनर पंजाब’ युवाओं की प्रतिभा, नेटवर्किंग और रोजगार तक पहुंच के लिए सिंगल प्लेटफॉर्म है। यह प्रमुख कमियों जैसे उपलब्ध प्रतिभा के बारे में जानकारी का अभाव, उद्योग और संस्थानों की अलग-अलग आवश्यकताएं, मांग और आपूर्ति के बीच संपर्क की कमी तथा निर्धारित जवाबी समय-सीमा के अभाव को दूर करेगा।
  • सीएम ने बताया कि ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ के साथ-साथ ‘हुनर पंजाब’ पोर्टल उद्योग के लिए कौशल विकास और रोजगार के प्रमुख केंद्र हैं। ये पोर्टल चार महत्वपूर्ण चरणों को एक ही मंच पर लाते हैं। इनमें संस्थानों की खोज, भर्ती एवं रोजगार, इंटर्नशिप एवं औद्योगिक प्रशिक्षण तथा उद्योग-संस्थान सहयोग शामिल हैं।
  • सात प्रशासनिक विभागीय श्रेणियों में 1,700 से अधिक संस्थान पहले ही इस पोर्टल का हिस्सा बन चुके हैं। इस व्यवस्था में निश्चित समय-सीमा और जवाबदेही तय की गई है, ताकि आवेदनों और अनुरोधों का निर्धारित समय के भीतर निपटारा किया जा सके।
  • उद्योगों, संस्थानों और विभागों के लिए विशेष डैशबोर्ड तैयार किए गए हैं। यह प्लेटफॉर्म हेल्प-डेस्क सहायता के साथ-साथ सवालों और शिकायतों के निवारण की सुविधा भी प्रदान करेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया सभी हितधारकों के लिए आसान और अधिक पारदर्शी हो जाएगी।
  • ‘हुनर पंजाब’ पोर्टल उद्योगों, संस्थानों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और विभागों की साझेदारी से शुरू से अंत तक इंटर्नशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करेगा। यह युवाओं को वास्तविक रोजगार और प्रशिक्षण के अवसरों से जोड़ने के लिए व्यवस्थित ढांचा उपलब्ध करवाएगा।
  • ‘हुनर पंजाब’ पोर्टल एमओयू आधारित उद्योग-संस्थान साझेदारी को औपचारिक रूप देगा। इनमें गेस्ट लेक्चर, फैकल्टी विकास, ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, पाठ्यक्रम संबंधी सुझाव, बुनियादी ढांचे एवं तकनीकी सहायता तथा सी.एस.आर. सहयोग शामिल हैं।
  • सरकार शुरू से अंत तक की प्रक्रियाओं, अलग-अलग यूजर लॉगिन, राज्य स्तर पर टैलेंट मैनेजमेंट एवं प्लेसमेंट, प्रशिक्षण और सहयोग की विभागीय निगरानी के साथ सभी चार मॉड्यूल को पूरी तरह लागू करने की दिशा में काम कर रही है।
  • ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ पोर्टल निवेशकों को मिलने वाली वित्तीय रियायतों के बारे में भी पारदर्शी जानकारी देगा। निवेशक विभिन्न कार्यालयों और प्रक्रियाओं पर निर्भर रहने के बजाय पोर्टल के माध्यम से ही इन रियायतों को ट्रैक कर सकेंगे।
मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा- दोनों पोर्टल कामकाज में पारदर्शिता लाएंगे

उद्योग, वाणिज्य एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि ये दोनों पोर्टल विभाग के कामकाज में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर उद्योग एवं निवेश पंजाब अपने पूरे कामकाज का डिजिटलीकरण कर रहा है, ताकि निवेश परियोजनाओं की मंजूरी या अन्य संबंधित प्रक्रियाओं में कोई बाधा न आए।

यह समाचार भी पढ़िये: नाना पाटेकर का अद्भूत था कला व फिल्मों का सफर, जड़ों से रहा गहरा जुड़ाव

उन्होंने कहा कि पंजाब की प्रगति और विकास में उद्योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये पोर्टल उद्योगों को कुशल मानव शक्ति तक पहुंच बनाने में मदद करेंगे, साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगे कि पंजाब के युवाओं को उनके अपने राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर मिलें। इस अवसर पर मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *