सटीक समाचार, नई दिल्ली। अगर आप अगले तीन दिन बैंक बंद होने को लेकर चिंतित हैं तो टेंशन फ्री हो जाइये। अब बैंक अगले तीन दिन भी खुले रहेंगे। दरअसल, बैंककर्मियों की हड़ताल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच बैठक में देर रात समझौता हो गया। इसके बाद बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल को स्थगित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे आइबीए (IBA) और यूएफबीयू (UFBU) के बीच बैठक शुरू हुई और देर रात उनके बीच समझौता हो गया। इसके बाद बैंक यूनियनों की ओर से बयान जारी कर बैंंककर्मी हड़ताल पर नहीं जाएंगे। बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों के बीच विभिन्न मुद्दों पर सहमति बनी।
इन बिंदुओं पर बनी सहमति –
- बैंकों में महीने में सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने अर्थात बैंकों का कामकाज फाइव डे वीक करने के मुद्दे पर विचार के लिए आइबीए (IBA) और यूएफबीयू (UFBU) की संयुक्त समिति बनेगी। इस समिति का गठन तुरंत किया जाएगा। यह कमेटी इस मामले में सभी संभव विकल्प पर विचार करेग। सभी प्रभावित पक्षों से बातचीत करेगी और ग्राहकों और बैंक कर्मियों सहित सभी पक्षों के लिए सही समाधान सुझाएगी। इसमें ग्राहकों की सुविधा व हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बता दें कि अभी बैंकों में महीने में दो शनिवार को अवकाश रहता है।
- पे स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआइ (PLI) स्कीम में बदलाव को लेकर आइबीए (IBA) और बैंककर्मी यूनियनों के बीच वार्ता होगी। आइबीए सरकार के समक्ष यूनियनों की आपत्तियाें के हल के लिए संशोधन का प्रस्ताव पेश करेगी।
- इसके साथ ही 8 मार्च , 2024 को हुई बैठक के मिनट्स में दर्ज शेष मुद्दों पर भी दोनों पक्ष जल्द बातचीत करेंगे। इस बातचीत में इन मुद्दों के समाधान करने की दिशा में चर्चा होगी।
हड़ताल टलने से ग्राहकों को मिली बड़ी राहत
बता दें कि बैंककर्मियों की यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने सोमवार 28 सितंबर से 30 सितंबर तक तीन दिन तक देशभर मेंं बैंकों में हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। इस कारण ग्राहकों को असुविधा से बचाने के लिए रविवार 27 सितंबर को भी सारे बैंक खुले रहे और इनमें सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ।
यह समाचार भी पढ़िये : Pitru Paksha 2026: पितृ पक्ष शुरू,10 अक्टूबर तक होंगे श्राद्ध, जानें कौन सा श्राद्ध कब
हड़ताल के दौरान सरकारी बैंकों में चेक क्लिरेंस सहित अन्य सभी बैंकिंग सेवाओं के ठप होने की आशंका थी। इसके साथ ही ऑनलाइन बैंकिंंग सेवाओं के प्रभावित होने की संभावना थी। लेकिन,हड़ताल टल जाने से ग्राहकों को राहत मिली है।
