सटीक समाचार, पानीपत। Seva Sankalp Abhiyan: पानीपत के एसडी पीजी कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरुकता सप्ताह में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर युवाओं ने सत्यनिष्ठा और ईमानदारी की राह पर चलकर कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम का आयोजन आईओसीएल रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल्स के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज एनएसएस का सहयोग रहा।
एसडी पीजी कॉलेज में पानीपत आइओसीएल के सौजन्य से सतर्कता जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आइओसीएल के चीफ जनरल मैनेजर (विजिलेंस) गौतम प्रिया थे। इस अवसर पर डिप्टी जनरल मैनेजर (विजिलेंस) विशाल मित्तल, सीनियर मैनेजर (विजिलेंस) संजीव कुमार, मैनेजर (एचआर) विजेंद्र कुमार और ऑफिसर कम्युनिकेशन (कोर्पोरेट) निकिता करिया भी मौजूद रहे। सभी का स्वागत कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और डॉ संतोष कुमारी ने किया।

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता
कार्यक्रम में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें कॉलेज के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बता दें कि इस वर्ष ‘सत्यनिष्ठा से समृद्ध’ विषय के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। यह सप्ताह केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप मनाया जा रहा है। आयोग शीर्षस्थ भ्रष्टाचार-रोधी निकाय है जिसे प्रशासन में ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार से संघर्ष करने का अधिदेश प्राप्त है।
भाषण प्रतियोगिता का परिणाम –
- पहला स्थान – दीपांजलि।
- दूसरा स्थान – विजेता।
- तीसरा स्थान – इशिका।
- सांत्वना पुरस्कार– श्वेता और अदिति।
- निर्णायक– डॉ. संतोष कुमारी और डाॅॅ. कविता रानी।

सीजीएम गौतम प्रिया ने छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई
कार्यक्रम के दोरान मंच संचालन डॉ संतोष कुमारी ने किया। गौतम प्रिया ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को सत्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिप्रेक्ष्य में सामाजिक जागरूकता की बहुत ज्यादा जरूरत है क्योंकि समाज में कई प्रकार की बुराइयां व्याप्त हैं। इनमे से कुछ बुराइयों का क्षेत्र इतना बड़ा है कि उनसे समाज का कोई भी वर्ग, चाहे वह समृद्ध, गरीब, ग्रामीण, शहरी कोई भी हो, अछूता नहीं है । समाज की इन कमियों और खामियों को हम लोगों को जागरूक बनाकर ही खत्म कर सकते हैं।
यह समाचार भी पढ़िये: जियो ‘स्मार्ट शॉप’ से ऑफलाइन कारोबार को ऑनलाइन वाली ताकत
जीवन में ईमानदारी से समृद्धि आती है: विशाल मित्तल
विशाल मित्तल ने कहा कि आईओसीएल ने इस प्रकार के कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं की भागीदारी को इसलिए सुनिश्चित किया है ताकि ये युवा समाज और जनता के मध्य समग्र जागरूकता और आदर्श सिस्टम का निर्माण कर सकें। आईओसीएल अपने आंतरिक कार्यकलापों पर पूरी तरह ध्यान देता है ताकि उसके सारे कर्मचारी ईमानदारी और सत्यनिष्ठ के साथ कार्य करें। समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रीय जीवन में ईमानदारी बनाए रखने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। जीवन में समृद्ध तभी आती है।

सत्यनिष्ठा की राह पर चलकर सफलता संभव: संजीव कुमार
संजीव कुमार ने कहा कि गलत तरीकों से पैसा कमाना ही भ्रष्टाचार है। ऐसा व्यक्ति अपने निजी लाभ के लिए देश की सम्पति का शोषण करता है और यह देश की उन्नति में सबसे बड़ा बाधक तत्व है। यदि व्यक्ति देश, समाज और अपने खुद के व्यक्तित्व के बारे गंभीरता से मंथन करे तो वह सत्यनिष्ठ के रास्ते पर चलकर सफलता की बुलंदियां प्राप्त कर सकता है।
यह समाचार भी पढ़िये: नाना पाटेकर का अद्भूत था कला व फिल्मों का सफर, जड़ों से रहा गहरा जुड़ाव
विजेंद्र कुमार ने कहा कि सत्यनिष्ठ नागरिक किसी भी कर्मचारी को ईमानदारी से काम करने के लिए मजबूर कर सकता है । यदि हमें अपने अधिकारों का ही पता नहीं होगा तो हम खुद को जागरूक नहीं कह सकते।

डॉ. अनुपम अरोड़ा ने कहा- देश के विकास में भ्रष्टाचार बड़ी बाधा
कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि हमारे देश के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक विकास में भ्रष्टाचार एक प्रमुख बाधा है । इसके खिलाफ सरकार, नागरिक और निजी क्षेत्र के लोगों को एकजुट होकर प्रयास करना होगा ताकि इस बुराई का जड़ से खात्मा हो सके । भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई लड़ने के लिए हर नागरिक को सत्यनिष्ठा और ईमानदारी का दृढ़ निश्चय करना होगा । विद्यार्थियों को जीवन के सभी कार्यों को ईमानदारी और सत्यनिष्ठा से करना है।

