जियो ‘स्‍मार्ट शॉप’ से ऑफलाइन कारोबार को ऑनलाइन वाली ताकत

JIO Smart Shop: जियो ने दिल्‍ली में चल रहे इंडिया मोबाइल कांग्रेस में स्‍मार्ट शॉप सिस्‍टम पेश किया। (फोटो सौजन्‍य जियो)
JIO Smart Shop: जियो ने दिल्‍ली में चल रहे इंडिया मोबाइल कांग्रेस में स्‍मार्ट शॉप सिस्‍टम पेश किया। (फोटो सौजन्‍य जियो)
Last Updated: 8 Oct, 2026 at 12:18 AM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, नई दिल्ली। JIO Smart Shop: जियो ने ऑफलाइन बिजनेस को ऑनलाइन वाली ताकत देने और ग्राहकों को खुद से जोड़ने के उद्देश्‍य से कारोबारियों के लिए ‘स्‍मार्ट शॉप’ (Smart Shop) टेक सिस्‍टम पेश किया है। जियो का कहना है कि ग्राहक दुकान पर एक बार आकर चला जाता है तो अक्सर दुकानदार के पास उससे दोबारा जुड़ने का कोई आसान तरीका नहीं होता। जियो की ‘स्मार्ट शॉप’ इसी कमी को दूर करने की कोशिश है।

इस सिस्‍टम के जरिये ग्राहकों तक दोबारा पहुंचना आसान होगा

जियो द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस सिस्‍टम के जरिये सोशल मीडिया से ग्राहक तक पहुंचना, उसे शॉप पर लाना, क्यूआर स्कैन पर वाई-फाई और ऑफर देना और बाद में फिर से दुकान पर बुलाना ये सब किया जा सकेगा। यह टेक दिल्‍ली में 7अक्‍टूबर को शुरू हुए से इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 (India Mobile Congress 2026) में दिखाई गई है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 10 अक्‍टूबर तक चलेगी।

दिल्‍ली के इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में पेश किया

जियो के प्रवक्‍ता ने बताया कि हर फिजिकल दुकान का अपना एक कैचमेंट एरिया होता है, यानी वह इलाका, जहां से उसके ज्यादातर ग्राहक आते हैं। ऐसे में दुकानदार के लिए जरूरी है कि वह अपने आसपास के ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचे। इस काम में सोशल मीडिया मदद करता है।

जानें कैसे करेगा काम

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में इसे पेश करने के दौरान बताया गया कि जियो की ‘स्मार्ट शॉप’ पर दुकानदार हैप्टिक सोलो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से इंस्टाग्राम पर अपना कैटलॉग तैयार कर सकता है। सोशल मीडिया पोस्ट बना सकता है। और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अपने कैचमेंट एरिया के ग्राहकों तक पहुंच सकता है। जस्टडायल और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दिखे ग्राहक को शॉप तक लाना भी इसी सिस्टम का हिस्सा है।

ग्राहक वाईफाई के जरिये आसानी से जुड़ सकता है

जियाे की ओर से दावा किया गया है कि एक बार ग्राहक शॉप पर पहुंचा तो फिर वह दुकान को कभी भूलेगा नही। ग्राहक चाहे तो शॉप पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर वाई-फाई से जुड़ सकता है। यह केवल वाई-फाई के लिए नहीं है, शॉप पर उपलब्ध ऑफर और डिस्काउंट कूपन भी उसे तुरंत व्हाट्सऐप पर मिल जाएंगे। इसमें ग्राहक का फायदा तो है ही, दुकानदार को भी उससे डिजिटल तौर पर जुड़े रहने का रास्ता मिल जाएगा।

यह समाचार भी पढ़िये: Phare Langur: खो न जाए धरती की सुंदर धरोहर, लुप्‍त होने के कगार पर है यह दुर्लभ वन्‍यजीव

डैशबोर्ड बताएगा कौन ग्राहक आया और कौन लौटा

जियो स्मार्ट शॉप का डैशबोर्ड दुकानदार को बता सकता है कि ग्राहक कब आया, किस आउटलेट पर आया, कितनी देर रुका और वह पहली बार आया है या रिपीट कस्टमर है। कई शॉप हों तो उनकी जानकारी भी एक ही डैशबोर्ड पर देखी जा सकती है।

अभी इसे टेक्‍नालोजी डेमो के तौर पर पेश किया

इस सिस्‍टम का सीधा फंडा है- ग्राहक तक पहुंचो, उससे जुड़ो, उसकी विजिट को समझो, फिर से संपर्क करो। आखिर में उसे रिपीट ग्राहक में बदलो। जियो इसे सिर्फ वाई-फाई प्रोडक्ट नहीं, बल्कि ‘सिंगल पार्टनर, फुल स्टैक’ मॉडल के तौर पर दिखा रहा है। यानी, अलग-अलग डिजिटल जरूरतों के लिए कई टूल और वेंडर जोड़ने के बजाय एक इंटीग्रेटेड रिटेल सॉल्यूशन। फिलहाल इसे टेक्नोलॉजी डेमो के तौर पर दिखाया गया है। बताते चलें कि कंपनी कितने सोशल मीडया प्लेटफॉर्म्स को इस सिस्टम से जोड़ेगी अभी साफ नहीं है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *