पंजाब में विशेष अभियान के तहत 600 स्‍कूल अपग्रेड, दो लाख विद्यार्थियों को लाभ

Punjab Schools: पंजाब में विशेष अभियान के तहत स्‍कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है। (फाइल फोटो सोशल मीडिया)
Punjab Schools: पंजाब में विशेष अभियान के तहत स्‍कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है। (फाइल फोटो सोशल मीडिया)
Published: 10 Nov, 2026 at 08:45 PM

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab School Special Campaign: भगवंत मान सरकार द्वारा अपनी प्रमुख पहल ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे के अपग्रेड (Upgrade) करने के लिए विशेष अभियान (Special Campaign) चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रदेश के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है। अभियान के तहत अब तक 600 स्‍कूलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर कर इनकी दशा बेहतर की गई है। इससे दो लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।

यह विशेष अभियान 27 अक्टूबर को शुरू हुआ था और 14 नवंबर तक राज्यभर में चलेगा। दरअसल, भगवंत मान सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठाए गए हैं। इससे सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और विद्यार्थियों के अनुकूल शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

भगवंत मान ने कहा, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना शिक्षा के परिणामों में सुधार के लिए महत्वपूर्ण

इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, ‘हम सरकारी स्कूलों को ऐसे शिक्षण संस्थानों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिन पर बच्चे और उनके अभिभावक गर्व कर सकें। शिक्षा के परिणामों में सुधार करने के साथ-साथ हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि हमारे स्कूल विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करें। बुनियादी ढांचे में किए जा रहे ये सुधार इसी सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।’

अभियान के तहत स्‍कूलों में बुनियादी सुविधाओं का निर्माण व नवीनीकरण हो रहा है

सीएमओ के एक प्रवक्‍ता ने बताया कि बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने में अतिरिक्त क्‍लास रूम, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, कला एवं हस्तशिल्प कक्षों तथा अन्य आवश्यक स्कूली सुविधाओं का निर्माण और नवीनीकरण शामिल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए शिक्षा तक आसान पहुंच और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: डॉ. टंकेश्‍वर कुमार होंगे चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्‍वविद्यालय के नए कुलपति

यह पहल सामान्य बुनियादी सुविधाओं से आगे बढ़कर गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव है। इससे विद्यार्थियों के सीखने और शैक्षणिक प्रदर्शन के परिणाम बेहतर होते हैं। आधुनिक क्लासरूम , क्रियाशील प्रयोगशालाएं और बेहतर सुविधाएं स्कूलों में अधिक रोचक, प्रभावशाली और अनुकूल शिक्षण वातावरण तैयार कर रही हैं।

विभिन्‍न जिलों में उन्‍नत किए गए स्‍कूलों में हो रहे उद्घाटन समारोह

सीएमओ द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न जिलों में उन्‍नत किए गए स्‍कूलों के उद्घाटन समारोह शुरू हो चुके हैं। इनमें कैबिनेट मंत्री, विधायक, स्थानीय प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्कूल प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी व सदस्‍य और अभिभावक भाग ले रहे हैं।

बता दें कि यह शैक्षणिक परिवर्तन सामुदायिक सहयोग से संभव हो रहा है। स्कूलों में सुरक्षित और सुविधाओं से भरपूर वातावरण तैयार करके सरकार विद्यार्थियों की उपस्थिति, उनकी सक्रिय भागीदारी और सीखने के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

प्रदेशभर के शिक्षकों ने बुनियादी ढांचे में सुधार के सकारात्मक प्रभावों की सराहना की

प्रदेश भर के शिक्षकों और शिक्षाविदों ने इस पहल व अभियान की सराहना की है। मानसा जिले के जीएसएसएस रंघड़ियाल के शिक्षक अमरजीत सिंह चाहल ने कहा कि क्लासरूमों, प्रयोगशालाओं और स्कूलों में सुधार होने से हम पाठों को अधिक प्रभावशाली ढंग से पढ़ाने में सक्षम हुए हैं। विद्यार्थी पढ़ाई में अधिक रुचि ले रहे हैं और हम शिक्षण एवं सीखने की प्रक्रिया पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।

फाजिल्का जिले के जीपीएस चन्नणवाला के शिक्षक लवजीत ग्रेवाल ने कहा कि बुनियादी ढांचे में बदलाव के कारण स्कूलों में बच्चों की संख्‍या बढ़ रही है। इससे विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुधार हुआ है और बच्चों के लिए पढ़ाई का अधिक सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है।

सीएमओ द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के तहत भगवंत मान सरकार सुरक्षित और विद्यार्थियों के अनुकूल शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए क्‍लास रूम, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और अन्य आवश्यक स्कूली सुविधाओं को अपग्रेड करने पर अपना ध्यान केंद्रित रखना जारी रखेगी।

इस पहल के अंतर्गत सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने के लिए अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समितियों और स्थानीय नेताओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया है। बुनियादी ढांचे में सुधार से विद्यार्थियों की उपस्थिति, पढ़ाई में उनकी सक्रिय भागीदारी और शैक्षणिक परिणामों में बेहतरी आती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *