सटीक समाचार, नई दिल्ली। H1N1 Case New Update: जरा सावधान रहें, दिल्ली और मुंबई सहित देश में एच1एन1 इन्फ्लूएंजा (H1N1 Influenza) के संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। मध्य प्रदेश में इस संक्रमण से एक मरीज की मौत होने की भी खबर है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने अधिकारियों के साथ बैठक में स्थिति की समीक्षा की।
जेपी नड्डा ने अपने एक्स पेज पर पोस्ट किया कि देश में एच1एन1 इन्फ्लूएंजा (H1N1 Influenza) की मौजूदा स्थिति और इससे निपटने की तैयारियों की एक बैठक में समीक्षा की गई। इस संबंध में स्थिति की सक्रिय निगरानी, जांच और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों पर जोर दिया गया।
नड्डा ने कहा कि स्थानीय निकायों आदि संबंधित पक्षाें से जन जागरुकता और स्थिति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए तालमेल बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही स्वच्छता व हाथों की साफ-सफाई जैसी आदतों को अपनाने और सांस में तकलीफ व लगातार या गंभीर लक्षण वाले मामलों में अविलंब डाॅक्टरी सलाह लेने के लिए जागरूकता पैदा करने पर जाेर दिया गया।
दिल्ली में अब तक 1770 से अधिक मामले आए सामने
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में अब तक एच1एन1 के 1770 से अधिक मामले सामने आए हैं। पिछले वर्ष अब तक इसके करीब 229 मामले सामने आए थे। यह स्थिति चिंता पैदा करने वाली है। यही कारण है केंद्रीय स्वास्थ्य मंंत्री ने खासतौर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मॉनिटरिंग पर जोर दिया है।
मुंबई में अब तक 309 संक्रमण के मामले मिले
मुंबई में भी एच1एन1 संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। बीएमसी (BMC) यानि बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आंकड़े के अनुसार मुंबई में 15 अगस्त तक एच1एन1 इन्फ्लुएंजा संक्रमण के 309 मामले सामने आए। पिछले साल इस अवधि में इस संक्रमण के 72 मामले की सामने आए थे।
मध्य प्रदेश के इंदौर में महिला की हुई मौत
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला की इस संक्रमण से मौत का मामला भी सामने आया है। इंदौर की इस महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और शुरूआत में उसको एच1एन1 संक्रमण की जानकारी नहीं थी। अस्पताल प्रबंधन ने बाद में स्वास्थ्य विभाग को इस 62 वर्षीया महिला के एच1एन1 संक्रमण पाॅजिटिव हाेने की जानकारी दी।
केरलम में स्थिति सबसे गंभीर
केरलम में स्थिति सबसे गंभीर है। इस राज्य में इन्फ्लूएंजा ए के संक्रमण के अगस्त माह में ही 17 तारीख तक 1476 मामले और 21 लोगों की मौत का आंकड़ा सामने आया है। राज्य में जुलाई में 2899, जून में 2050 और मई में 526 मामले सामने आए थे। मई में इस संक्रमण से छह लोगाें की माैत हुई। जून में 26 लोगों की मौत और जुलाई में 31 लोगों की इस संक्रमण के कारण मौत हुई।
यह समाचार भी पढ़िये: UGC NET Paper New Update: NEET के बाद यूजीसी नेट के तीन पेपर की परीक्षाएं कैंसिल, NTA ने रिएग्जाम की तारीख घोषित की
बंगलुरू में भी मामले आए सामने
बंगलुरु में भी इन्फ्लूएंजा संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार यहां करीब 500 मामले सामने आए हैं और इनमें कुछ एच1एन1 के मामले भी हैं।
जानें लक्षण, बरतें सावधानी
एच1एन1 को इन्फ्लूएंजा ए का ही एक सब -टाइप माना जाता है। इसके लक्षणों की बात करें तो इसके संक्रमण से बुखार या कंपकपी के साथ बुखार, गले में खराश और खांसी आना, नाक बंद होना यानि सांस लेने में दिक्कत होना, नाक बहना, सिरदर्द और शरीर में थकान व दर्द रहना शामिल हैं। इसके साथ ही कई मरीजों को जी मितलाने और उल्टी की शिकायत भी हो सकती है। इस तरह के लक्षण हों ताे कभी अनदेखी न करें और तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।
