पंजाब में होगी निर्बाध बिजली आपूर्ति, सीएम भगवंत मान ने केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल संग की बैठक

Punjab Power Supply: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और राज्‍य में बिजली आपूर्ति को लेकर चर्चा की। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Power Supply: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और राज्‍य में बिजली आपूर्ति को लेकर चर्चा की। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Published: 15 Oct, 2026 at 11:44 PM

सटीक समाचार, नई दिल्ली/चंडीगढ़। पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने पंजाब को निर्बाध बिजली और कोयले की आपूर्ति का भरोसा दिलाया है। ऐसे में राज्‍य में बिजली की कमी नहीं होने दी जाएगी। भगवंत मान ने दिल्‍ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय बिजली मंत्री से की मुलाकात

भगवंत मान ने कहा कि केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल के साथ हुई बैठक के बाद केंद्र ने राज्य को बिजली और कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है। पंजाब इस वर्ष केंद्रीय पूल में 180 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) चावल का योगदान देगा।

कहा- अन्‍न भंडार में योगदान के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति जरूरी

उन्होंने कहा कि देश के अन्न भंडार में राज्य के इस योगदान को लगातार जारी रखने के लिए विश्वसनीय बिजली आपूर्ति अनिवार्य है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शाहपुर कंडी बांध के संबंध में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा बार-बार जारी किए जा रहे नोटिसों पर भी चिंता जताई। उन्‍होंने बताया कि कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार कोल इंडिया और झारखंड सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है।

सीएम ने मनोहर लाल के साथ बैठक में हुई चर्चा को साझा किया

इस बैठक के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं को साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्‍स हैंंडल पर पोस्‍ट में कहा ‘आज मैंने केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसके दौरान पंजाब को बिजली और कोयले की निर्बाध आपूर्ति से संबंधित मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।’

उन्‍होंने लिखा, ‘ हमने केंद्र को अवगत कराया कि पंजाब देश के अन्न भंडार में 180 लाख मीट्रिक टन चावल का योगदान देता है और इस योगदान को बनाए रखने के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। मुझे खुशी है कि केंद्रीय मंत्री ने हमारी लगभग सभी मांगें स्वीकार कर ली हैं और बिजली तथा कोयले की निर्बाध आपूर्ति का भरोसा दिया है। हमने भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है कि पंजाब देश के अन्न भंडार में अपना बहुमूल्य योगदान जारी रखेगा।’

भगवंत मान ने कहा, पीएसपीसीएल के संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि बैठक के दौरान पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) से संबंधित कई मुद्दों, विशेष रूप से कोयले की आपूर्ति और बिजली के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पंजाब को कोयले या बिजली की किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े और बिजली उत्पादन बिना किसी रुकावट के जारी रहे। पंजाब केंद्रीय पूल में 180 लाख मीट्रिक टन चावल की आपूर्ति करता है और इतनी बड़ी मात्रा में अनाज उत्पादन के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति अत्यंत जरूरी है।

कहा- हम कोयले कीआपूर्ति के बारे में कोल इंडिया व झारखंड सरकार से संपर्क में

मुख्यमंत्री ने कहा ‘ हम पछवाड़ा कोयला खदानों से कोयले की आपूर्ति के संबंध में कोल इंडिया और झारखंड सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोयले की आपूर्ति में कोई बाधा न आए, ताकि पंजाब बिना किसी रुकावट के बिजली उत्पादन जारी रख सके।’

मनोहर लाल को रणजीत सागर और शाहपुर कंडी बांध परियोजना के दौरे का आमंत्रण दिया

उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर लागू की जा रही केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित मुद्दे भी उठाए गए। केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल को पंजाब में रणजीत सागर और शाहपुर कंडी बांध परियोजनाओं का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया है।

उन्‍होंने कहा कि बांध का निर्माण पूरा होने के बाद राज्य को पर्यावरण संबंधी प्राधिकरणों या राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की ओर से बार-बार नोटिस जारी होने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। हमें चल रही परियोजना के संबंध में लगभग हर वर्ष एक या दो नोटिस मिलते रहते हैं, जिससे अनावश्यक परेशानियां पैदा होती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘देश के जलविद्युत उत्पादन में पंजाब का योगदान लगभग 40 प्रतिशत है। हमने केंद्रीय बिजली मंत्री के साथ इन मुद्दों पर चर्चा की है, क्योंकि हमारी जलविद्युत परियोजनाओं का सुचारू संचालन और पूरा होना राज्य के साथ-साथ देश के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।’

भगवंत मान को पेरिस फूड फेस्टिवल के लिए निमंत्रण मिला

महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के निमंत्रण मिलने के बावजूद विदेश यात्रा की अनुमति के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पेरिस में एक फूड फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है, जहां पंजाब का प्रतिनिधित्व करने के लिए मार्कफेड की ओर से एक स्टॉल लगाया जा रहा है। मुझे इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फ्रांस सरकार की ओर से भी निमंत्रण मिला है।

मानसा की घटना को दुर्भाग्‍यपूर्ण बताया

मानसा में हुई दुखद घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसके लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना की साजिश रचने में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कानून के कटघरे में लाया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: प‍ति की हत्‍या कर नीले ड्रम में बंद करने वाली मुस्‍कान और उसके प्रेमी को मौत की सजा

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी पार्टियां शवों पर राजनीति कर रही हैं और इस त्रासदी का इस्तेमाल अपने निजी हितों को पूरा करने के लिए कर रही हैं। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और कानून-व्यवस्था कायम रखी जाए। इस अवसर पर मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *