चातुर्मास संपूर्ति के बाद भी डॉ. राजेश मुनि ने बनाया कीर्तिमान, 2519वें अभिग्रह में 108 शर्तें शामिल

Panipat Record: जैन संत डॉ. राजेश मुनि के अभिग्रह की शर्तों को दर्शाता पोस्‍टर और इनसेट में मुनि श्री की तस्‍वीर। (फोटो सौजन्‍य जैन सभा)
Panipat Record: जैन संत डॉ. राजेश मुनि के अभिग्रह की शर्तों को दर्शाता पोस्‍टर और इनसेट में मुनि श्री की तस्‍वीर। (फोटो सौजन्‍य जैन सभा)
Last Updated: 26 Nov, 2026 at 07:28 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Record: अभिगृहधारी उग्र विहारी डॉ. राजेश मुनि जी महाराज ने चातुर्मास संपूर्ति के पश्चात विहार करते-करते भी पानीपत में अपना एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। उन्‍होंने अपने 2519वें अभिग्रह में 108 शर्तों को शामिल किया। इनके फलित हुए बिना वह अपने 22 वर्षों से चले आ रहे अभिग्रह सहित दो-दिवसीय निर्जल उपवासों का पारणा नहीं करेंगे।

ये शर्तें उन पांच शर्तों के अतिरिक्त हैं जो डॉ. राजेश मुनि के परम शिष्य सेवाभावी राजेंद्र मुनि महाराज पानीपत आने के पश्चात स्वयं दो-दो निर्जल उपवासों के साथ अभिग्रह किए। ये सभी 113 बातें पूरी भी हो गईं और दोनों मुनि महाराजों का पारणा भी हो गया।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: चातुर्मास संप‍ूर्ति पर विदाई समारोह, जैन स्‍थानक में उमड़ी श्रद्धा और भक्ति

पहले शर्तों की संख्‍या 100 थी

इससे पहले उनके शर्तों वाला यह आंकड़ा 100 का था जो 1 नवंबर 2012 को उनके 904वें अभिग्रह के अवसर पर मध्य प्रदेश के कोपरगांव चातुर्मास में हुआ था। दरअसल, डॉ. राजेश मुनि के 2519वें अभिग्रह फलित होने का लाभ अंसल निवासी अजय जैन, विजय जैन और हेमंत जैन को मिला।

डॉ. राजेश मुनि जी महाराज के नाम से जुड़े घोषित विश्व कीर्तिमान:

गांधी मंडी जैन सभा के संरक्षक डॉ. एपी जैन ने बताया कि आध्यात्मिक क्षेत्र के किसी भी जैन संत द्वारा बनाए गए इतने विश्व कीर्तिमान नहीं मिलते। डॉ. राजेश मुनि महाराज के नाम से जुड़े कुछ कीर्तिमान विश्व पुस्तकों में रिकॉर्ड है। उनके नाम या उनकी प्रेरणा से बनी बातें अमेरिकी संस्था ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ (GBWR) में भी दर्ज़ हैं। संक्षेप में निम्न हैं-

1. डॉ. राजेश मुनि महाराज के 7 जुलाई , 2015 को 1100वें अभिग्रह के अवसर पर पहले विश्व कीर्तिमान का सम्मान इंदौर के साधना भवन स्थानक को मिला था। 2026 में नवंबर में डॉ. राजेश मुनि के दो दो निर्जल उपवासों सहित अभिग्रह के गतिमान रहने से यह आंकड़ा पानीपत में ही 2519 तक पहुंच गया।
2. राजस्थान भीलवाड़ा के कांस्या चातुर्मास में 2019 में 15,000 श्रावकों ने पटाखे न चलाने का संकल्प-पत्र भरा था। इसकी खुशी में मुनि महराज ने स्वयं अपने हाथों से 1719 सचित्र ग्रीटिंग कार्ड बना कर वितरित करने का रिकॉर्ड बनाया।
3. सिंगोली जैन समाज ने 3 सितंबर, 2017 को डॉ. राजेश मुनि को ‘वर्तमान के गुरुवेणी’ उपाधि से अलंकृत किया। इसकी खुशी में वहां के 1309 श्रावकों ने लगभग 5.5 किलोमीटर सामूहिक नंगे पांव यात्रा की। यह एक रिकॉर्ड के रूप में दर्ज़ है।
4. इंदौर में 4 मई, 2025 को आईआईटी माता-पिता की संतान, घातक मस्तिष्क कैंसर से पीड़ित 3 वर्षीय बालिका की मृत्यु निकट जान डॉ. राजेश मुनि ने उसके माता-पिता की सहमति से उसको अपने दिलाए गए 108वें संथारे का पचक्खान करवाया। यह निश्चित ही सबसे कम उम्र में संथारे का कीर्तिमान बना। वह बालिका उसके बाद 2 घंटे के अंदर ही काल धर्म को प्राप्त हो गई।
5. पानीपत के गांधी मंडी जैनस्‍थानक में डॉ. राजेश मुनि के 2500वें अभिग्रह वाले दिन 4 अक्टूबर, 2026 को सात दिन में लगभग 21,000 व्यक्तियों द्वारा नशा न करने का संकल्प- पत्र भरा। इसको एक रिकॉर्ड मानकर गोल्‍डन बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकॉर्ड्स के इंडिया हेड आलोक कुमार अपनी टीम के साथ यहां आए और वर्ल्‍ड रिकार्ड का प्रमाण-पत्र दिया।
डॉ. राजेश मुनि ने स्‍थापित कर चुके हैं कई कीर्तिमान

डॉ. एपी जैन ने बताया कि डॉ. राजेश मुनि के अनेक अन्य कीर्तिमान हैं, जिनको रिकॉर्ड में दर्ज़ कराने के प्रयास नहीं किए गए। इनमें विशेष उल्लेखनीय निर्जल उपवास वाले दिन भीषण गर्मी में 1 दिन में 70 किलोमीटर नंगे पांव चलना, संथारों पर पीएचडी थीसिस के लिए 3,000 पृष्ठों का शोध ग्रंथ लिखना आदि हैं।

अभिग्रह की लगभग असंभव सी दिखने वाली शर्तें –

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के द्वारा 12 अक्टूबर, 2026 को अर्द्धरात्रि को पानीपत की गांधी मंडी स्थित जैन स्थानक में पूरी की गई निम्न शर्तें एक नमूने के रूप में देखी जा सकती हैं-

1.मुख्यमंत्री अपने हाथ में एक सिक्का लेकर कहें कि भोजन कर लो। 2. उनके साथ आया एक पुलिसकर्मी (बॉडीगार्ड) नीचे बैठ जाए। 3. मुख्यमंत्री स्‍वयं पुलिस की टोपी पहन लें। इन शर्तों के पूरा होने से अभिग्रह फलित होने पर ही मुनिश्री ने अगले दिन सुबह एक नए अभिग्रह की शर्तें पूरी होने पर ही आठ दिनों के निर्जल उपवास का पारणा किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की ओर से मुनिश्री जी को राजकीय अतिथि की उपाधि से भी अलंकृत किया था।

परिवार को सोंपा गया हस्तलिखित अभिग्रह प्रपत्र

डॉ. एपी जैन ने बताया कि अभिग्रह में लिखी गई सभी शर्तें कठिन नहीं होतींं, लेकिन उनको पूरा करने वालों की उपस्थिति भी अभिग्रह वाले दिन आवश्यक होती है। स्वयं डॉ. राजेश मुनि महाराज द्वारा लिखा गया 113 शर्तों के अभिग्रह वाला मौलिक प्रपत्र गांधी मंडी जैन सभा के प्रधान जगदीश जैन व समाज के अन्य व्यक्तियों द्वारा अजय जैन, विजय जैन व हेमंत जैन की माताश्री जी को भेंट किया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *