पंजाब की महिलाओं के मोबाइल फोन पर बजी टूं-टूं, सीएम ने खाते में डाली सम्‍मान राशि

Punjab Women: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने मावां धीयां सतिकार योजना के तहत महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Women: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने मावां धीयां सतिकार योजना के तहत महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Last Updated: 1 Oct, 2026 at 11:30 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, खडूर साहिब। Punjab Women: पंजाब की महिलाओं के मोबाइल फोन पर फिर टूं-टूं बजी और उनके बैंक खातों में सम्‍मान राशि क्रेडिट होने का नोटिफिकेशन आया। मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गोइंदवाल साहिब में आयोजित समागम (समारोह) महिलाओं के बैंक खातों में यह राशि ट्रांसफर की।

मावां धीयां सतिकार योजना के तहत 36.87 लाख महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर

मांवां धीयां सतिकार योजना के तहत करीब 36.87 लाख महिलाओं के खातों में 3000 से 4500 रुपये आए। समारो‍ह में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार लोगों के टैक्स का पैसा सीधा उनकी भलाई वाली योजनाओं में लगा रही है।

कहा- महिलाओं के माेबाइल फोन पर टूं-टूं के संदेश पहुंचते रहेंगे

उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में जब तक उनकी सरकार सत्ता में रहेगी महिलाओं के मोबाइल फोन पर ‘टूं-टूं’ के संदेश लगातार पहुंचते रहेंगे। अगर कांग्रेस, भाजपा या अकाली दल सत्ता में आते हैं तो महिलाओं की मासिक सम्मान राशि, मुफ्त बिजली और मुफ्त बस यात्रा जैसी सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी।

इसके साथ ही अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा, ‘ श्री गोइंदवाल साहिब में हुए समागम में इतनी बड़ी संख्या में पहुंचने के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। आज ‘मावां धीआं सतिकार योजना’ के तहत माताओं -बेटियों के खातों में 3,000 से 4,500 रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए हैं।’

कहा- श्री खडूर साहिब पवित्र धरती

समागम के दौरान भगवंत मान ने महान सिख गुरु साहिबान की चरण स्पर्श प्राप्त इस पवित्र धरती पर नतमस्तक होकर अपनी श्रद्धा और सम्मान भेंट किया। उन्होंने कहा कि यह वही पवित्र धरती है, जहां श्री गुरु अमरदास जी ने सती प्रथा का अंत किया और लंगर प्रथा को और मजबूत किया। इसमें माता खीवी जी ने खुद सेवा निभाई। इसी लिए हमने ‘मावां-धीआं सतिकार योजना’ के लिए इस महान और ऐतिहासिक धरती का चयन किया है।

महिलाओं के खातों में अगले तीन माह की सम्‍मान राशि जारी की गई

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की माताएं व बेटियों के लिए अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर महीने की दूसरी किस्त जारी की जा रही है और 36.87 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 1,262.54 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जा रहे हैं। आज हर महिला को तीन महीने की किस्त एक साथ मिल रही है। इससे पहले 73.99 लाख महिलाओं को सम्मान राशि के रूप में 2,562.33 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। आज की राशि को मिलाकर अब तक महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि के रूप में कुल 3,824.87 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं।

सीएम ने कहा- सामाजिक क्रांति है यह योजना

उन्होंने कहा कि यह योजना एक सामाजिक क्रांति है, जो महिलाओं का आत्मविश्वास और स्वाभिमान बढ़ाएगी। यह महिलाओं की आर्थिक आजादी का मार्ग भी है। पंजाब की लगभग 97 फीसदी महिलाएं इस योजना का लाभ लेने के योग्य होंगी। यह देश की अपनी तरह की पहली ऐसी योजना है, जिसके तहत सभी योग्य महिलाओं को सम्मान राशि दी जा रही है। हमारा लक्ष्य सम्मान योजना का लाभ एक करोड़ महिलाओं तक पहुंचाना है।

याेजना के तहत एक करोड़ महिलाओं को सम्‍मान राशि देने का लक्ष्‍य

भगवंत मान ने कहा कि इस योजना में कोई शर्तें नहीं हैं। अगर एक ही परिवार में तीन महिलाएं योग्य हैं तो तीनों ही सम्मान राशि लेने की हकदार हैं। योजना के तहत महिलाओं की रजिस्ट्रेशन करवाने में 1.37 लाख ‘सतिकार सखियों’ ने सबसे बड़ा योगदान दिया है और उन्हें प्रोत्साहन राशि के रूप में अब तक 51 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है। इसी तरह रजिस्ट्रेशन के काम में सहयोग दे रही आंगनवाड़ी वर्करों को भी 25 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: पंचभूत स्‍थल अरुणाचलेश्‍वर में बरसती है परम शिवकृपा, पुनर्जन्‍म चक्र से मुक्ति

कहा- 25 साल राज करनेवालों के पास 25 नेता भी नहीं बचे

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने आम परिवारों में से नेता पैदा करके उन्हें मौका दिया है। इससे पहले राजनीति पर बादल परिवार, कैप्टन परिवार या मजीठिया परिवार का ही दबदबा रहा। जो पंजाब पर 25 साल राज करने के दावे करते थे, आज उनके पास 25 नेता भी नहीं बचे। सुखबीर बादल और अन्य जमानत पर बाहर हैं, जबकि रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा, जिनके पिता बादल साहिब के साथ जेल काटते रहे, आज ‘आप’ में शामिल हो गए हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधा

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रधान के पद से हटा दिया गया है और अब नया प्रधान नियुक्त किया जाएगा। नया प्रधान भी कांग्रेसी नेताओं को एकजुट नहीं कर सकेगा। नए प्रधान की नियुक्ति के बाद उनके बीच आपसी लड़ाई और बढ़ेगी। समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और अन्य नेता भी मौजूद थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *