सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Local Update New: भारतीय जनता पार्टी के कालाआम मंडल के सेक्टर-25 शक्ति केंद्र की टिफिन बैठक हुई। इसमें हरियाणा भाजपा की अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि टिफिन बैठक से संगठन में समरसता और कार्यकर्ताओं में आपसी संवाद बढ़ता है। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर खास संदेश दिया।
कालाआम मंडल सेक्टर 25 शक्ति केंद्र की हुई टिफिन बैठक में भाजपा कार्यकर्ता हुए शामिल
बैठक में कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। बैठक में बूथ नंबर 222,223 एवं 238 के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में डॉ. अर्चना गुप्ता ने मुख्य रूप से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
‘मन की बात’ कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों के साथ सुनें
उन्होंने कहा कि अगले रविवार को होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम को कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर अधिक से अधिक लोगों के साथ सुनें और समाज के विभिन्न वर्गों की इसमें भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक माह ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के ऐसे सामान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वैज्ञानिकों, युवाओं, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की उपलब्धियों को देश के सामने रखते हैं।
कहा- पीएम नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम से मिलती है नई प्रेरणा
उन्होंने कहा कि इन प्रेरणादायी कार्यों से समाज के अन्य लोगों को भी कुछ नया और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। ‘मन की बात’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के सकारात्मक प्रयासों, नवाचारों और उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का माध्यम भी है। इससे युवाओं एवं नए उद्यमियों को अनेक नए विचार और बिजनेस आइडिया भी प्राप्त होते हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से संगठन के विस्तार पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ें तथा प्रत्येक बूथ समिति में समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करें। संगठन तभी मजबूत होगा, जब इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी होगी।
टिफिन बैठक से कार्यकर्ताओं में बढ़ती है आत्मीयता
उन्होंने टिफिन बैठक को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंंने कहा कि भाजपा द्वारा प्रतिमाह आयोजित की जाने वाली टिफिन बैठक कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता, संवाद और सामाजिक समरसता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इन बैठकों में कार्यकर्ता आपस में बैठकर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हैं तथा एक-दूसरे के घर से लाया हुआ भोजन मिल-बांटकर खाते हैं। इससे कार्यकर्ताओं के बीच अपनापन और भाईचारा बढ़ता है।
यह समाचार भी पढ़िये: Airport New Rule: अब International Travel होगा आसान, इमिग्रेशन की लंबी कतार से मुक्ति, 1 सितंबर से लागू होगा नया नियम
उन्होंने कहा कि समाज में ऊंच-नीच, भेदभाव और जातिगत दूरियों को समाप्त करने के लिए सामाजिक समरसता अत्यंत आवश्यक है। टिफिन बैठक इसी भावना को मजबूत करती है। जब सभी कार्यकर्ता एक साथ बैठकर बिना किसी भेदभाव के भोजन करते हैं, तो आपसी दूरी कम होती है और समाज में समानता एवं भाईचारे की भावना को बल मिलता है। उन्होंने आह्वान किया कि आने वाली टिफिन बैठकों में भी अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गुरुदेव कुमार, शक्ति केंद्र प्रमुख डॉ. राजबीर आर्य, मंडल महामंत्री दीपक गोयल, एवं काकू मलिक, बूथ अध्यक्ष मिथलेश शर्मा, कंवल सहारण कृष्णा सैनी, नगर निगम पार्षद बिट्टू प्रजापत, प्रमोद शर्मा, ममता गोयल, रामू गुर्जर, निधि जुनेजा, राजेश सरपंच, सतीश गुप्ता, कपिल गुप्ता सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

