सटीक समाचार, चंडीगढ़। Mohali New IT Hub: पंजाब का मोहाली देश में नए आइटी हब के रूप में उभर और विकसित हो रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि राज्य सरकार प्रौद्योगिकी कंपनी और नए निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए मजबूत ईको सिस्टम तैयार कर रही है। पंजाब में अधिक से अधिक निवेश लाकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।
सीएम भगवंत मान ने नैसकॉम के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की
भगवंत सिंह मान ने यहां ‘नैसकॉम’ (नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विसिज कंपनीज) के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने कहा कि पंजाब का मोहाली तेजी से प्रमुख आइटी हब के रूप में उभर रहा है। इसके तहत यह एआइ डिजिटल इनोवेशन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों के लिए अग्रणी केंद्र बनने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा, मजबूत कुशल प्रतिभा पूल, कम कारोबारी लागतें, ‘इन्वेस्ट पंजाब’ और नई जीसीसी नीति 2026 प्रौद्योगिकी कंपनियों और नए निवेश के लिए मजबूत इको-सिस्टम तैयार कर रही है।
कहा- आइटी क्षेत्र में मोहाली उत्तर भारत में तेजी से पसंदीदा स्थान बन रहा है
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक्स’ पर भी बैठक के बारे में पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘पंजाब को आइटी क्षेत्र में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ में नैसकॉम के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। पंजाब अब एआइ डिजिटल इनोवेशन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों (जीसीसी) के लिए प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ आइटी क्षेत्र में मोहाली उत्तर भारत में तेजी से पसंदीदा स्थान बन रहा है।
प्रौद्योगिकी आधारिेत परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है पंंजाब
बैठक में भगवंत मान ने कहा कि पंजाब प्रौद्योगिकी आधारित परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और राज्य में अगली पीढ़ी के लिए औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए उभरते तकनीकी मॉडलों का लाभ उठाना चाहता है। मैं नैसकॉम को मोहाली में अत्याधुनिक स्टार्टअप इन्क्यूबेटर में पंजाब के साथ साझेदारी करने और राज्य के स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत करने में योगदान देने का निमंत्रण देता हूं।
कृषि क्षेत्र में एआइ शामिल करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ पंजाब ने राज्य के कृषि क्षेत्र में एआइ को शामिल करने के लिए पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, आइआइटी रोपड़ और केंद्रीय कृषि मंत्रालय के साथ हाथ मिलाया है। यह सहयोग किसानों की पैदावार बढ़ाने और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट फार्मिंग मॉडल और भविष्यवाणी विश्लेषण को एकीकृत करने की दिशा में काम करेगा।’
यह समाचार भी पढ़िये : Airport New Rule: अब International Travel होगा आसान, इमिग्रेशन की लंबी कतार से मुक्ति, 1 सितंबर से लागू होगा नया नियम
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनियां पंजाब, विशेष रूप से मोहाली में निवेश के लिए भारी रुचि दिखा रहे हैं। मोहाली में विश्वस्तरीय हवाई, रेल और सड़क संपर्क, उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं, मानक शैक्षणिक संस्थान और भूमि की उपलब्धता के साथ अद्वितीय बुनियादी ढांचा है। ये चीजें मोहाली को वैश्विक कंपनियों और प्रौद्योगिकी आधारित निवेश के लिए आकर्षक स्थान बनाती हैं।

उन्होंने कहा, ‘ मोहाली और इसके आसपास छह विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थित हैं, जो वैश्विक कंपनियों को प्रतिभा पूल तक सीधी पहुंच देते हैं। कुशल मानव शक्ति, गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे और संपर्क का यह संयोजन कंपनियों को अपने कार्यों को स्थापित करने और विस्तार करने के लिए एक मजबूत इको-सिस्टम प्रदान करता है।’
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने ऐतिहासिक ‘राइट टू बिजनेस एक्ट’ पारित किया। इससे उद्यमियों के लिए कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आसान हुई। पंजाब की मजबूत सिंगल विंडो प्रणाली और डिजिटलीकृत सार्वजनिक सेवा वितरण उद्योग के मानकों के रूप में उभरी है। कई अन्य राज्यों ने भी पंजाब मॉडल अपनाया है। बैठक के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य और निवेश प्रोत्साहन मंत्री अमन अरोड़ा, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

