सटीक समाचार, नई दिल्ली। New Update On Onion Price: देश में प्याज की कीमत (Onion Price) लगातार बढ़ रही है। इसको नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार बाजार में प्याज का अपना बफर स्टॉक उतार रही है। इसे नैफेड जैसी एजेंसियों के माध्यम से विभिन्न शहराें में 35 रुपये प्रति किलाे के भाव से बेचा जाएगा। नासिक से दिल्ली सहित पांच प्रमुख खपत केंद्रों तक विशेष ट्रेन ‘कांदा एक्सप्रेस’ से प्याज की सप्लाई शुरू की गई है।
दिल्ली व चेन्नई सहित पांच शहरों के लिए कांदा एक्सप्रेस से प्याज का स्टॉक भेजा गया
विशेष ट्रेन कांदा एक्सप्रेस से दिल्ली, गुवाहाटी, चेन्नई, एर्नाकुलम और मदुरै प्याज के रैक रवाना किए गए हैं। प्याज का यह स्टॉक दो दिन में इन स्थानों पर पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद अन्य शहरों तक विशेष ट्रेन से प्याज भेजे जाने की संभावना है। केंद्र सरकार की उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने बताया कि कांदा एक्सप्रेस के माध्यम से सोमवार को देश के बड़े खपत वाले केंद्राें तक नासिक से प्याज भेजना शुरू कर दिया गया।
नैफेड जैसी एजेंसियों के माध्यम से 35 रुपये किलो बेचा जाएगा प्याज
इसके साथ ही राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संंघ (नैफेड) और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (एनसीसीएफ) जैसी एजेंसियों के माध्यम से खुदरा बाजार में प्याज 35 रुपये किलो के भाव से बेचा जाएगा। सरकार प्याज का अपना बफर स्टॉक थोक और खुदरा बाजार दोनों में उतारेगी।
सरकार के पास प्याज का करीब 1.21 लाख टन का बफर स्टॉक
बता दें कि सरकार के पास प्याज का लगभग 1.21 लाख टन का बफर स्टॉक है। इस साल प्याज की अनुमानित उपज करीब 307.37 लाख टन है। पिछले साल प्याज की करीब 307.67 लाख टन उपज हुई थी।
कब शुरू हुई थी ‘कांदा एक्सप्रेस’ ट्रेन ?
- यह ट्रेन पहली बार 20 अक्टूबर 2024 में चलाई गई थी। पहली बार यह विशेष ट्रेन प्याज का स्टॉक लेकर नासिक से दिल्ली गई थी।
इस ट्रेन से अब तक कितना प्याज प्रति वर्ष भेजा गया है ?
- इस ट्रेन से वर्ष 2024-25 में कुल 14 रैक में करीब 12 हजार टन प्याज भेजा गया था। इसे देश के पांंच शहरों में भेजा गया था।
- इसके बाद 2025-26 में देश के 16 शहरों में करीब 88 हजार टन प्याज भेजा गया। इस बार कुल 86 रैक में प्याज भेजा गया।
यह समाचार भी पढ़िये : Airport New Rule: अब International Travel होगा आसान, इमिग्रेशन की लंबी कतार से मुक्ति, 1 सितंबर से लागू होगा नया नियम
विभिन्न शहरों में प्याज का खुदरा भाव (प्रति किलो)
- दिल्ली – 55 रुपये।
- मुंबई – 52 से 60 रुपये।
- चेन्नई – 60 रुपये।
- कोलकाता – 53 से 55 रुपये।
- बेंगलुरु – 45 से 55 रुपये।
- पटना – 48 से 55 रुपये।
- जयपुर- 50 रुपये।
- चंडीगढ़ – 55 से 65 रुपये।
