सटीक समाचार, पानीपत। Illegal Colonies Demolition: यदि आपने भी बिना पता किए कहीं मकान, फ्लैट या प्लाॅट लिया है तो सावधान हो जाएं। पानीपत की चार अवैध कालोनियों में रहने वाले लोगों की तरह कहीं आपका भी आशियाना न उजड़ जाए। पानीपत में करीब 30 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रहीं चार अवैध कालोनियाें को जिला योजनाकार की टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
पानीपत में चार अवैध कालोनियों और अवैध निर्माणों को किया गया ध्वस्त
इसके साथ ही, लगभग 30 डीपीसी (DPC) तथा कॉलोनियों में विकसित किए गए आंतरिक सड़क नेटवर्क को भी जेबीसी की सहायता से तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी भी काफी संख्या में तैनात किए गए थे।
अवैध कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार की बड़ी कार्रवाई
पानीपत की जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) टीम द्वारा बुधवार को अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया और सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के तहत जिले में अवैध कालोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी नगर योजनकार की टीम द्वारा कई अवैध कालोनियों को ध्वस्त किया गया है और किए गए निर्माणों को जेबीसी की मदद से गिराया गया है।

कार्रवाई मनाना, भापरा, करहंस और पट्टी कल्याणा क्षेत्र में की गई
अवैध कालोनियों के खिलाफ यह कार्रवाई मनाना, भापरा, करहंस एवं पट्टी कल्याणा के राजस्व एस्टेट में की गई। अभियान के दौरान अवैध कॉलोनियों में किए गए विकास कार्यों को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई को शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे लोगों के किसी तरह के विरोध से निपटा जा सके और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
जिला योजनाकार ने कहा- लोग अवैध कालोनियों व अवैध प्रापर्टी में निवेश से बचें
जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट, मकान अथवा अन्य संपत्ति की खरीद से पूर्व उसकी वैधता की विभागीय स्तर पर जांच अवश्य कर लें। लोग हर हालत में अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में सरकार द्वारा मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकती हैं। इसके कारण भविष्य में खरीदारों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
यह समाचार भी पढ़िये: Sawan 2026 Special New Story : जलनिधि की तरंगों से सोमनाथ की छटा निराली, यहां बरसती है शिव की परम कृपा, दर्शन से रोग-पाप से मुक्ति
अवैध कालोनियों व निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी। इससे योजनाबद्ध, सुरक्षित एवं वैध शहरी विकास को बढ़ावा दिया जा सकेगा।

