दिल्‍ली की रामलीला मैदान रैली के लिए ह‍रियाणा कांग्रेस के दिग्‍गज जुटे, बैठक में बनाई रणनीति

Congress Ramlila Maidan Rally: हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने 1 नवंबर को दिल्‍ली के रामलीला मैदान में होनेवाली रैली को लेकर बैठक की। बैठक में मौजूद (बाएं से दाएं) सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्‍त, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्‍यक्ष राव नरेंद्र व अन्‍य नेता। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
Congress Ramlila Maidan Rally: हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने 1 नवंबर को दिल्‍ली के रामलीला मैदान में होनेवाली रैली को लेकर बैठक की। बैठक में मौजूद (बाएं से दाएं) सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्‍त, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्‍यक्ष राव नरेंद्र व अन्‍य नेता। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
Last Updated: 28 Oct, 2026 at 09:50 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, चंडीगढ़/ नई दिल्ली। Congress Ramlila Maidan Rally: कांग्रेस की रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्‍ताव‍ित रैली के लिए हरियाणा कांग्रेस के दिग्‍गज नेता जुट गए हैं। इसके हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने दिल्‍ली में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर बैठक की और हरियाणा से अध‍िक से अधिक लोगों की रैली में उपस्थिति के लि‍ए रणनीति बनाई।

बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली होगी और इसे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली नाम दिया गया है। बुधवार को दिल्ली में सांसद दीपेंंद्र हुड्डा के सरकारी आवास पर आयोजित बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रमुख नेता और पदाधिकारी पहुंंचे।

बैठक में हरियाणा कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के साथ विधायक, सांसद और अन्‍य नेता पहुंचे

हरियाणा कांग्रेस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व सांसद दीपेद्र हुड्डा ने एक-एक नेता से बात करके तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में सांसदों और विधायकों के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, फ्रन्टल संगठनों के पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रैली में हरियाणा से लाखों लोगों के पहुंंचने का दावा किया

इस बैठक में सभी कांग्रेस विधायक, हरियाणा के सभी कांग्रेस सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षगण, फ्रन्टल संगठनों और पार्टी के विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारीगण शामिल हुए।

हरियाणा कांग्रेस के बयान में कहा गया है कि 1 नवंबर की रैली को लेकर नेताओं, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष भूपेंंद्र सिंह हुड्डा ने 1 नवंबर को हरियाणा से लाखों लोगों के रामलीला मैदान में पहुंचने का दावा किया।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: जियो के निवेशक पहले ही दिन मालामाल, शेयर प्राइस में 26.81 प्रतिशत का उछाल

भूपेंंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रैली तो 1 नवंबर को है लेकिन 2 नवंबर को पूरे देश में रामलीला ग्राउंड से हरियाणा की आवाज़ जाएगी। मौजूदा भाजपा सरकार भ्रष्ट है, जो बेईमानी से बनी है। इसको जाना ही होगा और जनहित की सरकार लानी होगी। रामलीला मैदान से यह आह्वान होगा। उन्होंने दावा किया कि यह रैली नहीं महारैली होगी और हरियाणा की जनता इसमें भागीदारी कर सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी।

हुड्डा बोले- लोगों की बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग है

उन्होंने कहा कि आज यहां सारे जंगी घोड़े बैठे हैं जो रामलीला ग्राउंड फुल करवा देंगे। हरियाणा में वोट चोरी नहीं, पूरी सरकार चोरी हुई है। जब चुनाव आयोग ने वोटिंग परसेंटेज अनाउंस कर दिया तब इस डिजिटल दौर में हरियाणा में वोटिंग परसेंटेज कैसे बदल गए, इसका जवाब आज तक नहीं दिया गया। लोगों की मांग है कि बैलट पेपर से चुनाव हो। हम संविधान को तोड़ने मरोड़ने नहीं देंगे।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने कहा- रैली में हरियाणा से सबसे अधिक भागीदारी होगी

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि पिछले विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय नेतृत्व ने हरियाणा से हुई सबसे बड़ी भागीदारी की सराहना की थी और इस बार भी अपेक्षा रखी है कि 1 नवंबर की रैली में हरियाणा की सबसे बड़ी भागीदारी होगी। वोट चोरी का सबसे बड़ा भुक्तभोगी हरियाणा हुआ है। उन्होंने कहा कि बदलाव की शुरूआत हो चुकी है। हरियाणा में आने वाले समय में कांग्रेस सरकार बनेगी।

राव नरेंद्र बोले- हरियाणा कांग्रेस को दिया गया टारगेट पूरा करेंगे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा का रोल हमेशा नंबर वन रहा है और इस बार भी नंबर वन रहेगा। हमें जो टारगेट मिला है, उससे ज्यादा हरियाणा के लोग रैली में लोग जाएंगे। रैली को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। हरियाणा में एसआईआर (SIR) में भी लोगों के साथ भारी अन्याय किया गया है। लाखों लोगों के वोट काट दिए गए।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, रैली को रोकने की कोशिश कर रही है भाजपा

कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य व सांसद दीपेंंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा इस रैली को रोकने की कोशिश कर रही है लेकिन हरियाणा से ताबड़तोड़ संख्या में इतने लोग आएंगे कि उसकी सारी कोशिशें धरी रह जाएंगी। राहुल गांधी लगातार हरियाणा के हक की आवाज जोर-शोर से उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे में हमारा फर्ज बनता है कि जब राहुल गांधी रामलीला मैदान पहुंचें तो पता चले कि हरियाणा के लोगों की संख्या वहां सबसे ज़्यादा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र, संविधान को बचाने के लिए लड़ाई चल रही है। इस संघर्ष में रामलीला मैदान की ये रैली मील का पत्थर साबित होगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *