सटीक समाचार, चंडीगढ़। DA Increase: पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को पंजाब के कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इससे अब राज्य में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का कुल महंगाई भत्ता 53 प्रतिशत हो गया है। पिछले दो महीनों में महंगाई भत्ते में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसका लाभ आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा।
कुल महंगाई भत्ता 53% हुआ
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में भगवंत मान ने कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में महंगाई भत्ता 2022 के 28 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिसंबर के वेतन और पेंशन के साथ मिलेगा। पिछली सरकारें अक्सर खजाना खाली होने का रोना रोती थीं, लेकिन हमारी सरकार ने कर्मचारियों की भलाई को प्राथमिकता दी। हमने यह सुनिश्चित किया कि कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके जायज हक से वंचित रखने में वित्तीय मुश्किलों को बहाना नहीं बनाया जाए।
यह समाचार भी पढ़िये: सोने और चांदी की कीमतों में आया उछाल, अमेरिकी चुनाव नतीजों का असर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, ‘आज पंजाब के लगभग आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली के तोहफे के रूप में हमने महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इससे कर्मचारियों को लगभग 3,988 करोड़ रुपये का सालाना वित्तीय लाभ मिलेगा।’
भगवंत मान ने कहा, कर्मचारी और पेंशनर प्रशासनिक मशीनरी की रीढ़ की हड्डी
यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि कर्मचारी और पेंशनर पंजाब सरकार के पारिवारिक सदस्य हैं और प्रशासनिक मशीनरी की रीढ़ की हड्डी हैं। वे आम लोगों की शिकायतों को दूर करने, अमन-कानून बनाए रखने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए पूरी तनदेही और समर्पण भावना से अपनी ड्यूटियां निभा रहे हैं।
डीए में वृद्धि 1 नवंबर से लागू होगी
उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी पहली नवंबर से लागू होगी और दिसंबर महीने में दी जाने वाली तनख्वाह और पेंशन में तीन की बढ़ोतरी शामिल होगी। इस बढ़ोतरी से पंजाब में डीए 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। हमारी सरकार ने 2022 में सत्ता संभालने के बाद महंगाई भत्ते में लगातार बढ़ोतरी की है।
उन्होंने कहा कि 2022 से लेकर अब तक सूबा सरकार ने डीए में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। महज दो महीने पहले सितंबर में, डीए में आठ प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया गया था। यह पहली बार है, जब किसी सरकार ने महज दो महीनों के अंतराल में डीए में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
कहा- छठे पंजाब वेतन आयोग का लाभ 2016 की जगह 2021 से लागू हुए
भगवंत मान ने कहा कि जब 2022 में सूबा सरकार ने पदभार संभाला था तो छठे पंजाब वेतन आयोग से संबंधित बड़ी वित्तीय देनदारी पहले से बकाया थी। छठे पंजाब वेतन आयोग के लाभ पहली जनवरी 2016 से लागू होने चाहिए थे, लेकिन इसकी सिफारिशों को जुलाई 2021 में लागू किया गया था। नतीजे के तौर पर पहली जनवरी 2016 से 30 जून 2021 के लगभग 14,191 करोड़ रुपये के बकाये हो गए थे।
अब तक 4891 करोड़ रुपये के बकाये जारी किए गए
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने इस लंबे समय से लटक रही वित्तीय देनदारी को योजनाबद्ध तरीके से हल किया है और 14,191 करोड़ रुपये के बकाये की अदायगी के लिए चरणबद्ध योजना तैयार की है। हमने पेंशनरों को प्राथमिकता दी और उनके बकाये पहली अप्रैल 2025 को जारी कर दिए गए थे। सेवा निभा रहे सरकारी मुलाजिमों के बकाये पहली अप्रैल 2026 से जारी किए जाने शुरू हो गए हैं। अब तक 4,891 करोड़ रुपये के बकाये जारी किए जा चुके हैं और बाकी रहते 9,300 करोड़ रुपये भी अदा किए जाएंगे।
