सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab Jobs: पंजाब में दीवाली के अवसर पर सैकड़ों युवाओं को सरकारी नौकरियों का तोहफा मिला है। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को मोहाली में आयोजित समारोह में 801 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। राज्य में और जल्द ही और भर्तियां होंगी। अगले सप्ताह 600 और युवाओं को नियुक्तिपत्र दिए जाएंगे।
भगवंत मान ने युवाओं काे नियुक्ति पत्र सौंपे, कहा- हमारी सरकार में अब तक 71,777 भर्तियां
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के समय अब तक कुल भर्तियों की संख्या 71,777 हो गई है। प्रत्येक नियुक्ति पूरी तरह बिना किसी ‘कैश’ या ‘सिफारिश’ के मेरिट के आधार पर की गई है। पिछली सरकारों के समय पैसे, सिफारिशों और रिश्वत के जरिए लाखों रुपये में सरकारी नौकरियां बिकती थीं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिना एक रुपये की रिश्वत के पारदर्शी प्रक्रिया से भर्तियां सुनिश्चित की हैं। उन्होंने विपक्ष को भर्ती में भ्रष्टाचार की एक भी मिसाल दिखाने की चुनौती दी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलेंगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, ‘आज मोहाली में 801 नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। अब तक हमने 71,777 से अधिक युवाओं को पूरी तरह नि:शुल्क और केवल मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं।’
कहा- विपक्ष के पास ठोस मुद्दे नहीं, मेरे खिलाफ कर रहा दुष्प्रचार
समारोह में भगवंत मान ने कहा कि विपक्ष किसी ठोस मुद्दे के अभाव में मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है। इन नेताओं को चुनौती देता हूं कि वे मुझ पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित करें या राजनीति छोड़ दें। वे इसलिए निराश हैं क्योंकि हमारी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और जनकल्याण के अभूतपूर्व कार्यों को सहन नहीं कर पा रहे हैं।

भगवंत मान ने शिअद और कांग्रेस पर निशाना साधा
शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने अपने निजी हितों की राजनीति के जरिए पंजाब को आर्थिक और सामाजिक बदहाली की ओर धकेला है। इन पार्टियों के नेता अब मुझे बदनाम करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उनके आरोपों का हमारा जवाब हमेशा हमारा काम, हमारी उपलब्धियां और आम परिवारों के चेहरों पर मुस्कान होगा।
यह समाचार भी पढ़िये: धनतेरस और दीवाली पर होगा विशेष शुभ संयोग, शुभ मुर्हुत में पूजन होगा बेहद फलदायी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन 801 परिवारों के लिए बेहद खास है, जिनके युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन से सरकारी कर्मचारी बनने का गौरव हासिल किया है। प्रत्येक नियुक्ति एक युवा के सपनों और पूरे परिवार की आशाओं का प्रतिनिधित्व करती है। हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि राजनीतिक पहुंच या पैसा नहीं, बल्कि योग्यता ही पंजाब के युवाओं के भविष्य का फैसला करेगी।

पीएसपीसीएल में 600 सहायकों की भर्ती होगी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पीएसपीसीएल में सहायक पदों पर लगभग 600 और भर्ती के अवसर पहले ही पैदा किए जा चुके हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और मजबूत हुए हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, ‘ हमारी सरकार शिक्षा ढांचे को मजबूत कर रही है और बेहतरीन संस्थान स्थापित कर रही है, ताकि आम और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे देश की प्रशासनिक व्यवस्था में उच्च पदों तक पहुंच सकें।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब उनकी सरकार पंजाब के युवाओं को आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनने योग्य बनाने के लिए काम कर रही है, तब पिछला अकाली नेतृत्व पशुपालन में सब्सिडी देने की बात करता था। पशुपालन में कोई बुराई नहीं है, लेकिन पंजाब के युवाओं की आकांक्षाओं को इतने संकीर्ण दायरे तक सीमित नहीं किया जा सकता। राज्य के बच्चे भविष्य के प्रशासक, वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर और नेता बनने के अवसरों के हकदार हैं।
