सटीक समाचार, जामनगर (गुजरात)। Champions of Care: रिलायंस के वनतारा और अनंंत अंबानी ने जानवरों और पशुओं के लिए खास अभियान शुरू किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एक्जिक्युटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने देशभर में जानवरों की मदद के लिए ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ मुहिम शुरू करने की घोषणा की है। वनतारा की इस मुहिम से 50 से ज्यादा पशु कल्याण संगठन जुड़े हैं। अनुमान है कि इसके जरिए हर साल करीब 20 लाख कम्यूनिटी जानवरों (आसपास रहने वाले जानवर) को इलाज, रेस्क्यू, शेल्टर, भोजन और दूसरी जरूरी मदद पहुंचाई जाएगी।
सड़कों पर छोड़े गए कुत्ते, बिल्लियों सहित अन्य जानवरों की मदद की जाएगी
वनतारा के अनुसार, ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ मुहिम के तहत सड़कों पर रहने वाले कुत्ते और बिल्लियां, छोड़े गए या घायल जानवर के साथ ही मवेशी, गधे और घोड़े भी शामिल होंगे। इनको मदद देने के साथ ही जरूरत के मुताबिक पशु कल्याण संगठनों को एम्बुलेंस, रेस्क्यू उपकरण, इलाज और जांच की मशीनें, शेल्टर और ट्रेनिंग जैसी मदद दी जाएगी।
जरूरतमंद जानवरों की देखभाल के काम को मजबूत करना चाहते हैं: अनंत अंबानी
अनंत अंबानी ने कहा, ‘ हर दिन बहुत से लोग सीमित साधनों के बावजूद जरूरतमंद जानवरों की देखभाल करते हैं। इन लोगों में जानवरों और पशुओं के लिए अपार दया भाव होती है। उनका कार्य बताता है कि दया की कोई सीमा नहीं होती है। इस धरती पर हर जीवन देखभाल, सुरक्षा और सम्मान का हकदार है।

उन्होंने कहा कि ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ के जरिए हम उनके साथ खड़े होकर इस काम को और मजबूत करना चाहते हैं। हम कम्युनिटी जानवरों (आसपास के जानवरों) के लिए देखभाल को बेहतर बनाना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य एक ज्यादा दयालु भारत बनाने में सहायता करना है। हमारे लिए यही ‘एवरी लाइफ मैटर्स’ का असली अर्थ है।’
विभिन्न संगठनों व वनतारा के साथ काम करने के सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए
वनतारा और मुहिम से जुड़े संगठनों ने साथ मिलकर काम करने के लिए एक सहमति पत्र पर भी हस्ताक्षर किए। इसके तहत वे जानकारी, अनुभव और संसाधन साझा करेंगे, ताकि जानवरों की मदद करने वाले संगठनों को उनकी जरूरत के मुताबिक बेहतर सहयोग मिल सके।
वनतारा में हुई दो दिवसीय बैठक
इस अवसर पर आयोजित बैठक में एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया (AWBI) के आठ सदस्य मौजूद थे। बता दें कि एडब्ल्यूबीआइ (AWBI) देश में जानवरों के कल्याण को बढ़ावा देने के लिए कानूनी सलाहकार संस्था है। बता दें कि वनतारा में यह बैठक दो दिन हुई। इसमें विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और यहां तैयार सुविधाओं और सिस्टम का अवलोकन किया।
इस अवसर पर एडब्ल्यूबीए (AWBI) के सदस्य और पूर्व चेयरमैन एपी गुप्ता ने कहा कि चैंपियंस ऑफ केयर मुहिम शुरू करने के लिए अनंत अंबानी की सोच की तारीफ करता हूंं। मुझे उनकी व्यक्तिगत कोशिश ने प्रभावति किया है। यह मुहिम पूरे देश में कम्युनिटी जानवरों के कल्याण और देखभाल की दिशा में सार्थक पहल है।

