भूपेंद्र सिंह हुड्डा HSVP की हालत पर भड़के, कहा- BJP Government नाम नहीं अपनी नीयत बदले

हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एचएसवीपी की हालत को लेकर राज्‍य सरकार पर निशाना साधा है। (सटीक समाचार)_
हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एचएसवीपी की हालत को लेकर राज्‍य सरकार पर निशाना साधा है। (सटीक समाचार)_

सटीक समाचार, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के अंतर्गत आने वाले सेक्टरों की खस्ता हालत के लिए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद हुडा (HODA) का नाम बदलकर एचएसवीपी (HSVP) तो कर दिया लेकिन उसके विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। विकास नाम बदलने से नहीं, नीयत बदलने से होता है। भाजपा सरकार नाम नहीं अपनी नीयत बदले।

सेक्‍टरों को एचएसवीपी को ट्रांसफर करने में हो रही है देरी

हरियाणा के वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता हुड्डा ने कहा कि सरकार की बदनीयती के कारण ही पंचकूला, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र और रोहतक समेत 10 शहरों में स्थित विकसित 50 प्रतिशत सेक्टरों को शहरी स्थानीय निकायों के हवाले करने की प्रक्रिया भी तय समयसीमा पर पूरी नहीं हो सकी। इन सेक्टरों के रखरखाव और नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी 31 मई तक निकायों को सौंपनी थी, लेकिन दो महीने बाद भी यह नहीं हो पाया।

पेयजल आपूर्ति , सीवरेज और सड़क आदि के कार्यों में हो रही है देरी

उन्‍होंने कहा‍ कि दरअसल, इन सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, पार्कों व सड़कों का निर्माण कार्य तक कई-कई साल देरी से चल रहा है। इतना ही नहीं, एचएसवीपी और निकायों के पास कर्मचारियों का भी भारी टोटा है। पक्की भर्तियां करने की बजाए सरकार कौशल निगम और ठेकेदारी पर कर्मचारी नियुक्त करने की सिफारिश कर रही है।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : Extortion Demand: शिक्षण संस्‍थान संचालक से 7 Crore मांगने के मामले में चार गिरफ्तार, एक संस्‍थान का ही पूर्व छात्र, हैरी बॉक्‍सर के नाम पर मांगी गई थी रंगदारी

बोली सिस्‍टम से प्‍लॉट महंगे हो गए

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में जब से भाजपा सत्ता में आई है, तभी से सेक्टरों का विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। प्लॉट्स के लिए लॉटरी सिस्टम की बजाए बोली लगाए जाने से जमीन के दाम कई गुना जरूर बढ़ गए, हालांकि वहां रहने वाले लोगों की सुविधाओं में भारी कटौती हो गई।

सेक्‍टरों में जमीन के दाम बढ़ने से बस रहीं अवैध कालोनियां

उन्‍होंने कहा कि हुडा (HODA) की स्‍थापना मध्यम वर्ग व निम्न-मध्यम वर्ग के लोगों को शहरों में सस्ते रिहायशी प्लॉट उपलब्ध करवाने के लिए हुई थी। इसका मकसद शहरों का योजनाबद्ध विकास करना और अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर अंकुश लगाना था। लेकिन, जब से भाजपा ने प्लॉटों की बोली लगाने की व्यवस्था शुरू की, सेक्टरों के रेट आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए। इसका परिणाम यह हुआ कि प्रदेश में अंधाधुंध अवैध कॉलोनियों का निर्माण शुरू हो गया। क्योंकि, सरकार ने मौजूदा सेक्टरों के रेट आसमान पर पहुंचा दिए और नए सेक्टरों के लिए कोई भी नई जमीन अधिग्रहण नहीं की।

सेक्‍टरों के नाम पर जनता को लूट रही है सरकार

उन्‍होंने कहा कि अब एक तरफ जनता को सरकार सेक्टरों के नाम पर लूट रही है और दूसरी तरफ जमीन माफिया अवैध और प्राइवेट कॉलोनियों के नाम से लूटा जा रहा है। हुड्डा ने प्रॉपर्टी टैक्स के नए नियम पर भी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि नए नियम से लोगों को पांच गुना तक अधिक टैक्स देना होगा, क्योंकि अब यह कलेक्टर रेट के साथ जोड़ दिया जाएगा। इसलिए जैसे-जैसे कलेक्टर रेट बढ़ेंगे, प्रॉपर्टी टैक्स भी उसी हिसाब से बढ़ता जाएगा।

प्रापर्टी टैक्‍स के नियम में बदलाव हो

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इतना ही नहीं, इमारत के हर फ्लोर का आंकलन अलग से किया जाएगा, जिससे टैक्स की देनदारी और ज्यादा बढ़ेगी। पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता पर यह अतिरिक्त तानाशाही बोझ पड़ेगा और मध्यम वर्ग की हालत बद से बदत्तर हो होती जाएगी। हुड्डा ने सेक्टरों में नागरिक सुविधाओं के निर्माण व विस्तार की मांग के साथ नए प्रॉपर्टी टैक्स के नियम में भी बदलाव की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की जेब पर डाका डालना छोड़कर, उन्हें सुविधाएं देने पर ध्यान दे।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : Mavaan Dhiyan Satkar Yojana: पंंजाब में साढ़े 33 लाख महिलाओं के खातों में आई सम्‍मान राशि, पांच लाख और का हुआ पंजीकरण

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *