BJP New Team Update: नई टीम की घोषणा के बाद भाजपा अध्‍यक्ष न‍ितिन नवीन ने तीन राज्‍यों के प्रभारी बदले, यह है पार्टी की खाास रणनीति

भाजपा ने उत्‍तर प्रदेश में विनोद तावड़े, पंजाब में डॉ. सतीश पुनिया और गुजरात में तरुण चुघ को पार्टी का प्रदेश प्रभारी बनाया है। (फाइल फोटो सोशल मीडिया)
भाजपा ने उत्‍तर प्रदेश में विनोद तावड़े, पंजाब में डॉ. सतीश पुनिया और गुजरात में तरुण चुघ को पार्टी का प्रदेश प्रभारी बनाया है। (फाइल फोटो सोशल मीडिया)
Last Updated: 18 Aug, 2026 at 03:20 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, नई दिल्‍ली। BJP New Team Update: भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम की घोषणा के एक दिन बाद तीन राज्‍यों के नए प्रभारियों की नियुक्ति की। उन्‍होंने उत्‍तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में पार्टी के प्रदेश प्रभारी बदल दिए हैं। इन तीनों राज्‍यों में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बड़ी और खास रणनीति के तहत यहे बदलाव किए गए हैं।

बिहार में जीत के बाद उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाएंगे विनोद तावड़े

भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में बिहार के प्रभारी रहे विनोद तावड़े को उत्‍तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है। जगदीश ईश्‍वरन सह प्रभारी बनाए गए हैं। विनोद तावड़े पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचिव हैं और जगदीश ईश्‍वरन को नितिन नवीन की नई टीम राष्‍ट्रीय मंत्री बनाया गया है। बिहार में भाजपा के नए प्रभारी के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है।

उत्‍तर प्रदेश में अगले साल होनेवाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए नए प्रभारी के रूप में विनोद तावड़े की नियुक्ति को महत्‍वपूर्ण माना जा रहा है। विनोद तावड़े कई राज्‍यों में प्रभारी रहे हैं। तावड़े हरियाणा और बिहार में पार्टी प्रभारी रहे। पार्टी ने उनके नेतृत्‍व में बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज की थी। उत्‍तर प्रदेश में इससे पहले राधामोहन सिंह भाजपा के प्रदेश प्रभारी थे।

विनोद तावड़े हरियाणा में जुलाई 2024 तक पार्टी के प्रभारी रहे और इस दौरान कुछ महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर कार्य किया था। व‍ह कर्नाटक, दिल्‍ली और पश्चिम बंगाल में भी सह प्रभारी रह चुके हैं। 2027 का उत्‍तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रहा है। पार्टी यहां विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रि‍क बनाना चाहती है।

डॉ. सतीश पुनिया हरियाणा में जीत के बाद अब पंजाब में रणनीति बनाएंगे

इसी तर‍ह, भाजपा ने पंजाब में डॉ. सतीश पुनिया को पार्टी नया राज्‍य प्रभारी बनाया है। वह पहले हरियाणा में पार्टी प्रभारी थे। अभी स्‍पष्‍ट नहीं है कि हरियाणा में भाजपा के प्रदेश प्रभारी कौन होंंगे। डॉ. सतीश पुनिया को एक दिन पहले ही भाजपा का राष्‍ट्रीय महासचिव बनाया गया था। पंजाब में पहले गुजरात के पूर्व मुख्‍यमंत्री विजय रुपाणी भाजपा के प्रदेश प्रभारी थे।

पुनिया के पार्टी प्रभारी रहते हुए हरियाणा में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था और 90 में से 48 सीटें जीत कर लगातार तीसरी बार अपनी सरकार बनाई थी। इस हैट्रिक में उनकी भूमिका व रणनीति महत्‍वपूर्ण रही। उनको चुनावी रणनीति में माहिर माना जाता है।

गुजरात में तरुण चुघ को पार्टी राज्‍य प्रभारी

गुजरात में भाजपा ने तरुण चुघ को पार्टी का प्रदेश प्रभारी बनाया है। उनको नितिन नवीन की नई टीम में भाजपा का राष्‍ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया था। तरुण चुघ को ये दो अहम जिम्‍मेदारियां देने से स्‍पष्‍ट हो गया है कि पंजाब भाजपा में उनकी अब ज्‍यादा भूमिका नहीं रह जाएगी।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : BJP New Team: नितिन नवीन ने अपनी नई टीम बनाई, वसुंधरा राजे व पंजाब के मनप्रीत बादल उपाध्‍यक्ष, स्मृति ईरानी और हरियाणा के संजय भाटिया बने महासचिव

पंजाब और गुजरात दोनों राज्‍यों में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। गुजरात का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए इस बार बेहद महत्‍वपूर्ण हो गया है। तरुण चुघ को राजनीति और चुनावी प्रबंधन में माहिर माना जाता है। गुजरात में अभी भूपेंद्र यादव भाजपा के प्रदेश प्रभारी थे।

पंजाब में भाजपा ने मनप्रीत सिंह बादल को पार्टी का राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष बनाकर एक तरह से स्‍पष्‍ट कर दिया कि वह राज्‍य में प्रभावशाली सिख चेहरे को आगे लाना चाहती है। पार्टी को पता है कि सिखों में अपनी पकड़ बनाए बिना पंजाब में अपनी बदौलत सरकार नहीं बना सकती।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *