सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Survey New Update: राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा जिले में सर्वेक्षण कराए जा रहे हैं। इससे बेहतर योजना निर्माण, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने में मदद मिलेगी। विभिन्न क्षेत्रों में कराए जा रहे महत्वपूर्ण सर्वेक्षण में क्या आप शामिल हुए हैं। अगर नहीं तो अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण में तुरंत भाग लेकर अपना योगदान दें।
डीसी की अपील- सभी लोग सर्वेक्षणों में अपना योगदान दें
जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने भी लोगों से इन सर्वेक्षणों में पूरी गंभीरता और सहयोग के साथ भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग र्वेक्षण टीमों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता के लिए सही आंकड़े सबसे महत्वपूर्ण आधार होते हैं।
उन्होंंने कहा कि सरकार द्वारा लोगों की वास्तविक आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति, रोजगार, आय, ऋण, निवेश, कृषि और उद्यमों से संबंधित जानकारी के आधार पर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं। ऐसे में सर्वेक्षण के दौरान दी गई सही जानकारी का सीधा लाभ व्यापक स्तर पर नीति निर्माण और विकास योजनाओं को मिलता है।
सर्वेक्षण में भाग लेने वालों के नाम व पहचान गुप्त रखी जाएगी
दरअसल, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा एकत्र किए जाने वाले आंकड़े केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों एवं प्रतिष्ठानों की व्यक्तिगत पहचान को गोपनीय रखा जाता है। इसलिए लोग बिना किसी संकोच के सर्वेक्षण टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के क्षेत्र संकार्य प्रभाग की ओर से जिले में अगस्त में पांच प्रमुख सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। इनमें राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, ऋण एवं निवेश तथा कृषक परिवारों की स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण, असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण तथा प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण शामिल हैं।
यह समाचार भी पढ़िये: Gold Silver Price New Update: सोने और चांदी की उड़ान जारी, इस सप्ताह इतनी बढ़ीं कीमतें
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकती हैं, जब वास्तविक और विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध हों। परिवारों की आय, रोजगार की स्थिति, ऋण एवं निवेश, कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति और प्रवासन से संबंधित जानकारी भविष्य की नीतियों व योजनाओं को अधिक व्यावहारिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लोगों की सहभागिता से तैयार होने वाले विश्वसनीय आंकड़े बेहतर योजना निर्माण एवं विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
किन क्षेत्रों में कौन सा सर्वेक्षण
राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण –
- पानीपत शहर के उत्तम नगर।
- वार्ड-20, किला रोड।
- निजामपुर।
- राक्सेड़ा।
- नारायणा ।
आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण –
- असंध रोड।
- भम्मा चौक।
- न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी।
- अत्तौलापुर।
- कवी।
- इसराना।
- समालखा क्षेत्र।
ऋण एवं निवेश तथा कृषक परिवारों की स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण–
- काबड़ी रोड।
- इसराना।
- बांध।
- कुराड़ क्षेत्र।
असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण
- संजय चौक पर।
प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण–
- सेक्टर-25 ।
- दीवाना क्षेत्र।

