सटीक समाचार, नई दिल्ली। LPG Booking : केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। गैस सिलेंडर बुक कराने की समय सीमा में बदलाव किया गया है और इसे कम किया गया है। अब उपभोक्ता एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की 25 दिनों में बुकिंग कर सकेंगे। मध्य पूर्व में युद्ध के कारण घरेलू गैस की आपूर्ति में बाधा आने के बाद गैस बुकिंग की समय सीमा को बढ़ा कर 45 दिन कर दिया गया था।
अब गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन के बाद कर सकेंगे घरेलू उपभोक्ता
सोमवार को सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर बुक करने की सीमा 45 दिन से घटा कर 25 दिन करने की घाेषणा की, यानि एक गैस सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगला गैस सिलेंडर 25 दिन के बाद कर सकेंगे। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने इसकी जानकारी साेशल मीडिया पर पोस्ट कर दी।
ज्यादा खपत वाले परिवारों को हो रही थी दिक्कत
सरकार से उन परिवारों को राहत मिलेगी जिनके यहां गैस की खपत ज्यादा है। बड़े और गैस की अधिक खपत वाले परिवारों को बुकिंग की समय सीमा में वृद्धि से खासी परेशानी हाे रही थी। गैस संकट के दौरान शहरी और ग्रामीण दाेनों क्षेत्रों में एलपीजी उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने अपने फेसबुक पेज पर लिखाा, एलपीजी सप्लाई की वर्तमान स्थिति में सुधार हुआ है और रिफिल बैकलॉग में काफी सुधार हुआ है। इसको देखते हुए केंद्र सरकार ने इसकी बुकिंग की पाबंदी में ढील देने का फैसला किया है। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अगले गैस सिलेंडर की बुकिंग अब 25 दिनों में की जा सकती है।
यह समाचार भी पढ़िये: Khedan Wattan Punjab Diyan : खेलों के रंग रंगेगा पूरा पंजाब, मैदान में एक संग तीन पीढ़ियां, तस्वीरों में देखें खेलों के उत्सव के आगाज का नजारा
उपभोक्ताओं की दिक्कत होगी दूर और मिलेगी सुविधा
- पिछले दिनों घरेलू गैस की आपूर्ति में बाधा आने से इसकी कमी हो गई थी। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
- देशभर में विभिन्न स्थानों पर एलपीजी सिलेंडर के लिए मारामारी की स्थिति पैदा हो गई थी। गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें नजर आती थी। इसका कालाबाजारी करने वालों ने भी फायदा उठाने की कोशिश की।
- इस दौरान सरकार ने उपभोकक्ताओं के लिए एक गैस सिलेंडर की सप्लाई के बाद दूसरे की बुकिंग की समय सीमा 25 दिन से बढ़कर 45 दिन कर दी। यह वृद्धि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए की गई थी।
- इससे परिवारों खास कर बड़े और अधिक खपत वाले परिवारों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। उपभोक्ताओं को इस कारण गैस सिलेंडर के लिए गैस एजेंसियों के बार-बार चक्कर भी लगाने पड़ते थे।
- घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग की समय सीमा 25 दिन होने से उपभोक्ताओं की बड़ी परेशानी दूर हो गई है। उनकी गैस खत्म होने की चिंता दूर हो गई हैै। बड़े परिवारों में भी अमूमन 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 25 दिन चल ही जाता है।
- सप्लाई सामान्य होने से उपभोक्ताओं को अब सिलेंडर के लिए बार-बार गैस एजेंसियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।


Pingback: Hockey: पंजाब में हॉकी एशियाई चैंपियनशिप ट्राॅफी 2026 के लिए व्यापक तैयारी, भगवंत मान ने जारी किया लोगो