सटीक समाचार, फिल्लौर। Punjab Drug: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में नशा खुलेआम बिक रहा है। दूसरी ओर, पंजाब को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और पंजाबियों को बदनाम किया जा रहा है। केंद्र सरकार से पंजाब को बदनाम करने के बजाय अंतरराष्ट्रीय सीमा और गुजरात के रास्ते नशे की आमद को रोके। उन्होंने दोहराया कि मानसा में सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को भी कड़ी सजा दी जाएगी।
भगवंत मान ने कहा, पंजाब से नशे का खात्मा करना सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य
भगवंत सिंह मान ने कहा कि नशे का खात्मा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंजाब पुलिस को बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान की समीक्षा की। उन्होंने नशे के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने के लिए डीएसपी को 117 नए वाहन उपलब्ध कराने की घोषणा की और इस लड़ाई को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा, “आज फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान की समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसे जन आंदोलन बनाना होगा। हमने पुलिस को बिना किसी सिफारिश या हस्तक्षेप के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की पूरी स्वतंत्रता दी है।
कहा- युद्ध नशाें विरुद्ध ले चुका जन आंदोलन का रूप
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसका उद्देश्य राज्य और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं है, बल्कि एक गंभीर सामाजिक अभिशाप है, जो हजारों युवा पंजाबियों के सपनों, आकांक्षाओं और जीवन के लिए खतरा बना हुआ है। सरकार नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और पंजाब की शान बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह समाचार भी पढ़िये: JIO IPO: विश्लेषकों को तेजी की संभावना, लिस्टिंंग में 15-20% वृद्धि की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मिशन को स्थायी सफलता तभी मिल सकती है, जब प्रत्येक नागरिक इस सामूहिक संघर्ष में सक्रिय भागीदार बनेगा। हर परिवार, हर गांव, हर मोहल्ला और प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक इस सामाजिक अभिशाप के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा हो। पंजाब का भविष्य दांव पर लगा है और हम चुपचाप तमाशा देखते नहीं रह सकते।
एशियाई हॉकी चैंपियंस में आने के लिए लोगों को दिया आमंत्रण
उन्होंने कहा कि आगामी एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी, जो 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होनी है। पूरे राज्य के खेल प्रेमियों और नागरिकों को इसका उत्साहपूर्वक आनंद लेने का निमंत्रण देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करना पंजाब की समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने और अगली पीढ़ी को प्रेरित करने का अवसर है।
पंजाब पुलिस की भूमिका को शानदार बताया
पंजाब पुलिस की शानदार भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस बल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी उपलब्धियों के माध्यम से इतिहास रचा है और नशे के खिलाफ इस लड़ाई में एक बार फिर अपनी क्षमता साबित करेगा। उन्होंने कहा, “पंजाब पुलिस ने अतीत में कई अवसरों पर अपनी काबिलियत का प्रमाण दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि अधिकारी और जवान राज्य में सक्रिय नशा नेटवर्कों को ध्वस्त करके एक और यादगार अध्याय लिखेंगे।”
कहा- मानसा की घटना के मामले की हर पहले से होगी जांच
मानसा की घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले से सख्ती से निपटा जाएगा और दोषी पाए जाने वालों को कानून के अनुसार उदाहरणात्मक सजा दी जाएगी। घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहन जांच की जाएगी और यदि जांच में साजिश साबित होती है, तो उसका पर्दाफाश किया जाएगा।
भगवंत मान ने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज के कल्याण के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले लोगों के इरादों को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। कानून अपना काम करेगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और इसके पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलबीर सिंह और तरुनप्रीत सिंह सौंद , पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Pingback: युवा महोत्सव में प्रस्तुतियों ने किया मंत्रमुग्ध, पानीपत के आर्य पीजी कॉलेज को जोनल खिताब - Sateek