सटीक समाचार, चंडीगढ़/पानीपत। हरियाणा में विशेष गहन पुरीक्षण (SIR IN Haryana) के तहत प्रथम चरण का कार्य पूरा हो गया है। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा शुक्रवार 31 जुलाई को मतदाता सूची के प्रारुप (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) जारी कर दिया जाएगा। ऑनलाइन जारी इस ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में लोग अपना नाम चेक कर सकेंगे। यदि इसमें आपका नाम नहीं है या कुछ गलती है तो एक माह तक दावा व आपत्ति कर सकते हैं।
1.72 करोड़ मतदाताओं के डिजिलटीकरण हुआ
प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीरवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा के लिए सभी जिलों के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक में पानीपत के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिले में अब तक की एसआईआर की विस्तृत प्रगति से अवगत कराया। हरियाणा में बीएलओ ने कुल 2.06 फार्म बांटे और इनमें से 1.72 करोड़ का पूर्ण रूप से डिजिलटीकरण किया गया।
33.75 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटरलिस्ट में नहीं
उन्होंने बताया कि करीब 33.75 लाख मतदाताओं के नाम प्रमाणित नहीं हुए। इनमें स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता लगभग 13.75 लाख हैं। सत्यापन में 9.36 लाख मतदाता अनुपस्थित रहे और अपने पते पर नहीं मिले। 7.66 लाख मतदाताओं की मृत्यु की पुष्टि हुई। 2.04 लाख मतदाताओं के नाम पहले से ही अन्य स्थानों की मतदाता सूचियाें में पाए गए। करीब 1.01 लाख वोटरों ने अपने प्रपत्र जमा नहीं कराए।
पानीपत जिले में नौ लाख 85 हजार मतदाताओं का सत्यापन हुआ
उपायुक्त ने बताया गया कि जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों का संग्रहण और सत्यापन कार्य तेजी से पूरा किया गया है। जिले में कुल नौ लाख 66 हजार 687 मतदाता हैं। इनमें से सात लाख 85 हजार 16 मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है।
सत्यापित मतदाताओं के आधार पर 31 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद नियमानुसार उनका निस्तारण किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण पूरा कराया जा चुका है। सभी 93 सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को मतदान केंद्र आवंटित कर दिए गए हैं, जिससे पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
यह समाचार भी पढ़िये : Suicide In Train: चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी में शव मिलने से सनसनी, शौचालय में कुर्ते से गले में फंदे लगाकर खुदकुशी की
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित होने के बाद प्रत्येक निर्धारित स्थान पर इसे आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम सभाओं एवं शहरी वार्डों में भी मतदाता सूची का वाचन कराया जाएगा ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से कर सकते हैं दावे और आपत्तियां
उन्होंने बताया कि जिले में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के लिए जिला स्तर तथा सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 1950 हेल्पलाइन भी नागरिकों की सहायता के लिए सक्रिय है।
उपायुक्त ने बताया कि आमजन की सुविधा के लिए 8 और 9 अगस्त तथा 22 और 23 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नए मतदाता पंजीकरण, संशोधन एवं अन्य आवेदन स्वीकार करेंगे। साथ ही जिले के कॉलेजों एवं शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित कर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके प्रथम बार मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
यह भी समाचार पढ़िये: New Currency: देश में जल्द चलेंगे 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक के नोट, सरकार ने दी मंजूरी, ट्रायल के लिए 200 करोड़ के नोट छपेंगे
सभी नोटिस ईसीआईनेट पोर्टल के माध्यम से जारी किए जाएंगे तथा बीएलओ घर-घर जाकर उनका वितरण सुनिश्चित करेंगे। सुनवाई की पूरी प्रक्रिया भी आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी तथा जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं समय-समय पर मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही प्राप्त प्रपत्रों की भी नियमित जांच की जाएगी ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तैयार हो सके।
ऐसे चेक करें ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम –
- सबसे पहले voters.eci.gov.in पर जाएं।
- इसके बाद Download Electoral Roll पर क्लिक करें।
- राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र, भाषा चुनें और फिर कैप्चा भरें।
- -इसके बाद अपना भाग संख्या सिलेक्ट करें।
- फिर Download Selected PDFs पर क्लिक करें।
- इसके बाद वोटरलिस्ट डाउनलोड हो जाएगा।

