सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Sanskarshala: हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने वैदिक परिवार द्वारा आयोजित संस्कारशाला में विद्यार्थियाें को जीवन में सफलता प्राप्त करने का मूलमंत्र दिया। उन्हाेंने कहा कि संस्कारों के संग लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत, समर्पण और ईमानदारी से जुटें।
वैदिक परिवार का डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल व आईसीएस कोचिंग सेंटर में संस्कारशाला
वैदिक परिवार पानीपत के तत्वावधान में संस्कारशाला अभियान के दूसरे दिन डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन एवं आईसीएस कोचिंग सेंटर में संस्कारशाला का आयोजन किया गया। इसमें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता एवं घरौंडा के एसडीएम अनुभव मेहता ने शिरकत की।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने विद्यार्थियों संग संवाद किया
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने उनकी रुचियों और जिज्ञासाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने उनसे उनकी सफलता का रहस्य जानना चाहा। इस पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जीवन में किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए संस्कारों का पालन करते हुए तीन बातें अत्यंत आवश्यक हैं—कड़ी मेहनत, समर्पण और ईमानदारी। जिस विद्यार्थी के जीवन में ये तीनों गुण हैं, उसे दुनिया की कोई भी शक्ति सफलता प्राप्त करने से नहीं रोक सकती।
यह समाचार भी पढ़िये: सफलता के संग संस्कार भी जरूरी, स्वामी सच्चिनानंद ने संस्करशाला में दी सीख
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप जिस भी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें। जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करें और जब तक उसे प्राप्त न कर लें, पूरी मेहनत, समर्पण और ईमानदारी के साथ प्रयास करते रहें। सफलता निश्चित रूप से कदम चूमेगी।

स्वामी सच्चिदानंद ने कहा- सफलता के लिए अनुशासन आवश्यक
अंतरराष्ट्रीय वैदिक प्रवक्ता स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन बेहद आवश्यक है। जो विद्यार्थी समय पर उठता है, समय पर भोजन करता है, नियमित पढ़ाई करता है, खेलकूद के लिए समय निकालता है और अपनी निर्धारित दिनचर्या का पालन करता है, वह निश्चित रूप से जीवन में सफलता प्राप्त करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और मोबाइल की बढ़ती लत के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट ज्ञान का विशाल भंडार है। इसका सदुपयोग व्यक्ति के विकास का माध्यम बन सकता है, लेकिन दुरुपयोग उसके जीवन को विनाश की ओर भी ले जा सकता है। ऐसे में तकनीक का उपयोग सदैव विवेक और सकारात्मक उद्देश्य के साथ करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं संस्कारवान जीवन अपनाने की अपील की।

एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा, विद्यार्थी देश के प्रति दायित्वों को भी समझें
घरौंडा के एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और राष्ट्र के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को छात्र जीवन से ही अपने कर्तव्यों और देश के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए तथा उनका ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जितना अधिक ज्ञान अर्जित करेंगे, उतना ही देश की प्रगति और विकास में अपना योगदान दे सकेंगे। उन्होंने कर्म करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि वेद में कहा कि मेरे एक हाथ में कर्म है और दूसरे हाथ में सफलता, यानि जो कर्म करेगा वह अवश्य सफल होगा।
इस अवसर पर डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल सुमिता अरोड़ा ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। आईसीएस कोचिंग सेंटर के संचालक सुरेश राव ने संस्कारशाला को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया। उन्होंने वैदिक परिवार से भविष्य में भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के आयोजन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के बाद पौधारोपण
कार्यक्रम के पश्चात डॉ अर्चना गुप्ता व अन्य अतिथियों ने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में वैदिक परिवार के प्रधान डॉ. पवन बंसल, सचिव डॉ. राजबीर आर्य, कोषाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, आशीष दुहन , सुरेश रावल, मंजू गुप्ता, पूजा कादयान, जातीं ज़ौका सहित विद्यालय एवं कोचिंग सेंटर के अध्यापकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

