सफलता के संग संस्‍कार भी जरूरी, स्‍वामी सच्चिनानंद ने संस्‍करशाला में दी सीख

Vaidic Parivar Sanskarshala: पानीपत में वेदिक परिवार द्वारा आयोजित संस्‍कारशाला में विद्यार्थियों को संबोध्तिा करते वैदिक प्रवक्‍ता स्‍वामी सच्चिदानंद। (फोटो सौजन्‍य वैदिक परिवार)
Vaidic Parivar Sanskarshala: पानीपत में वेदिक परिवार द्वारा आयोजित संस्‍कारशाला में विद्यार्थियों को संबोध्तिा करते वैदिक प्रवक्‍ता स्‍वामी सच्चिदानंद। (फोटो सौजन्‍य वैदिक परिवार)
Published: 21 Nov, 2026 at 01:52 AM

सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Vaidik Parivar: वैदिक परिवार, पानीपत द्वारा आयोजित संस्‍कारशाला में जीवन में संस्‍कारों के महत्‍व पर व्‍यापक चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय वैदिक प्रवक्ता स्वामी सच्चिदानंद ने विद्यार्थियों को जीवन में अच्छे संस्‍कार की सीख दी। उन्‍होंने कहा कि जीवन में सफलता के संग अच्‍छे संस्‍कार भी जरूरी होता है।

वैदिक परिवार पानीपत ने किया संस्‍कारशाला का आयोजन

कार्यक्रम का आयोजन पानीपत के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल एवं आर्य बाल भारती स्कूल में किया गया। स्‍वामी सच्चिदानंद ने कहा कि किसी व्यक्ति की महानता का मूल्यांकन उसकी बड़ी गाड़ी, बड़े बंगले, अधिक जमीन-जायदाद या कारखानों से नहीं किया जा सकता। व्यक्ति वास्तव में बड़ा तभी बनता है, जब उसके जीवन में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा हो।

कहा- शिक्षा के साथ संस्‍कारों का होना भी आवश्‍यक

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बहुत पढ़ा-लिखा है, लेकिन उसके जीवन में संस्कार नहीं हैं, तो उसकी शिक्षा समाज के लिए उपयोगी होने के बजाय विनाशकारी भी बन सकती है। आज भ्रष्टाचार में शिक्षित लोगों की संलिप्तता, पढ़े लिखे लोगों के माता-पिता का वृद्धाश्रमों में रहना और आतंकवाद जैसी गतिविधियों में पढ़े-लिखे लोगों का शामिल होना इस बात की ओर संकेत करता है कि केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। शिक्षा के साथ संस्कारों का होना भी उतना ही आवश्यक है।

‘लक्ष्‍य प्राप्‍त करना अच्‍छी बात, लेकिन समाज व राष्‍ट्र सेवा का ध्‍यान रहे’

उन्होंने कहा कि आज बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और आईएएस अधिकारी बनना चाहते हैं। इन लक्ष्यों को प्राप्त करना अच्छी बात है, लेकिन इन पदों को केवल सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का अवसर समझना चाहिए।

स्‍वामी जी ने कहा, सुख का मूल धर्म है और धर्म का अर्थ कर्तव्‍यों का पालन है

उन्होंने भारतीय संस्कृति के मूल सिद्धांत को समझाते हुए कहा कि सुख का मूल धर्म है और धर्म का अर्थ है अपने कर्तव्यों का पालन करना। जो व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करता है, वह जीवन में सुखी रहता है। विद्यार्थी का धर्म एकाग्रचित होकर शिक्षा ग्रहण करना है, शिक्षक का धर्म अपने विद्यार्थियों को श्रेष्ठ नागरिक बनाना है और प्रत्येक व्यक्ति का धर्म है कि ईश्वर ने उसे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाए।

यह समाचार भी पढ़िये: चुलकाना धाम में खाटू श्‍याम के जन्‍मोत्‍सव पर भव्‍य शृंगार, वृंदावन ट्रस्‍ट ने अर्पित किया विशाल केक

विद्यार्थियों को अनुशासन की प्रेरणा दी

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्‍होंने कहा कि अपनी दिनचर्या निर्धारित करें, सुबह जल्दी उठें और रात को जल्दी सोएं। प्रातः उठकर सबसे पहले ईश्वर को प्रणाम करें। अपनी बुद्धि और एकाग्रता के विकास के लिए प्रतिदिन कम से कम 51 बार गायत्री मंत्र का जाप करें। माता-पिता और गुरुजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लें तथा अपने माता-पिता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें।

‘माता-पिता को सबसे अच्‍छा मित्र बनाएं’

उन्होंने खान-पान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘जैसा खाओ अन्न, वैसा हो जाए मन।’ इसलिए सात्विक और शुद्ध भोजन को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि जीवन में महान बनने का संकल्प लें, ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करें और माता-पिता को अपना सबसे अच्छा मित्र बनाएं।

उन्‍होंने कहा कि माता-पिता से अपने मन की प्रत्येक बात साझा करें, ताकि परिवार में विश्वास, संवाद और संस्कारों का वातावरण बना रहे। उन्होंने कहा कि जीवन में केवल बड़ा पद प्राप्त करना ही सफलता नहीं है, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना सबसे बड़ी उपलब्धि है। शिक्षा व्यक्ति को योग्य बनाती है, लेकिन संस्कार उसे महान बनाते हैं।

मुख्‍य अतिथि हरपाल ढांडा ने कहा- लक्ष्‍य निर्धारित की जुट जाएं

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरपाल ढांडा ने अपने संबोधन में बच्चों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। उन्‍होंने कहा कि बच्‍चे अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक सारे सुख चैन छोड़कर जुट जाएं। सफलता का मूलमंत्र यही है। आर्य बाल भारती स्कूल के प्रधान रणदीप कादयान ने वैदिक परिवार की संस्कार शाला कार्यक्रम की सराहना की और समय की जरूरत बताया।

इस अवसर पर डॉ. राजबीर आर्य, अशोक अरोड़ा, प्रिंसिपल नरेंद्र मान, प्रिंसिपल अशोक आर्य, आशीष दुहन व अन्य अध्यापक गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवक्ता मोनिका दुहन ने किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *