पंजाब में जनगणना 2027 के ऑनलाइन दूसरे चरण की शुरूआत, ऐसे करें स्‍व-गणना

Census 2027: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने जनगणना 2027 के दूसरे चरण ऑनलाइन स्‍व-गणना का शुभारंभ किया। (फोटो सौजन्‍य पंजाब डीपीआरओ)
Census 2027: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने जनगणना 2027 के दूसरे चरण ऑनलाइन स्‍व-गणना का शुभारंभ किया। (फोटो सौजन्‍य पंजाब डीपीआरओ)
Published: 16 Nov, 2026 at 10:56 PM

सटीक समाचार, संगरूर। Census 2027: पंजाब में सोमवार को जनगणना 2027 का ऑनलाइन का दूसरा चरण शुरू हो गया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना पूरी करके इसकी शुरुआत की। इस अवसर पर उन्‍होंने राज्‍य के लाेगों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

ऑनलाइन स्‍व-गणना 30 नवंबर तक होगी

दूसरे चरण में 30 नवंबर तक अपनी ऑनलाइन स्व-गणना होगी। उन्होंने कहा कि परिवारों, परिवार के सदस्यों, आय, शिक्षा और रहने की स्थितियों के बारे में सही आंकड़े पंजाब की भविष्य की योजना और विकास नीतियों की नींव बनेंगे। उन्‍होंने कहा कि इसके लिए किसी भी दस्तावेज़ की आवश्यकता नहीं होगी और सारी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी।

भगवंत मान ने अपना और परिवार का विवरण जमा कर स्‍व-गणना प्रक्रिया की शुरूआत की

भगवंत मान ने इस अवसर की कुछ झलकियां अपने सोशल मीडिया एक्‍स पेज पर साझा की। उन्‍होंने लिखा, ‘आज हमने पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की है। यह प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक जारी रहेगी, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे ही ऑनलाइन अपना विवरण जमा कर सकते हैं। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर गणना की जाएगी। एकत्र किए गए ये आंकड़े राज्य की भविष्य की योजनाओं और विकास नीतियों को नया रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’

भगवंत मान ने कहा, 16 साल बाद हो रही है जनगणना

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि 16 साल के अंतराल के बाद भारत की जनगणना कराई जा रही है। उन्होंने कहा, ‘जनगणना दो चरणों में कराई जा रही है। इसका पहला चरण, जिसमें घरों की सूची बनाना और मकानों की गणना शामिल थी, पंजाब में पहले ही सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इस चरण के दौरान घरों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और घरेलू संपत्तियों के बारे में जानकारी एकत्र की गई थी।’

उन्‍होंने सभी जनगणना अधिकारियों, गणनाकारों, सुपरवाइजरों, मास्टर ट्रेनरों, फील्ड ट्रेनरों और राज्य प्रशासन के अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों की लगन और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि उनके समर्पित प्रयासों ने पहले चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और ये प्रयास पूरे कार्य को सही और व्यापक बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

स्‍व-गणना में कोई दस्‍तावेज नहीं कराना होता है अपलोड या जमा

अपना व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि उन्होंने स्वयं यह प्रक्रिया पूरी की है और यह बहुत ही सरल और सुविधाजनक है। उन्होंने कहा, ‘मैंने स्वयं अपनी स्व-गणना पूरी कर ली है और यह सारी प्रक्रिया अत्यंत आसान और सुविधाजनक है। इसे पूरा करने में लगभग 25 से 30 मिनट लगते हैं और कोई भी दस्तावेज़ जमा कराने की आवश्यकता नहीं है। लोगों को बिना किसी झिझक के आगे आना चाहिए और अपनी इस महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी को पूरा करना चाहिए।’

यह समाचार भी पढ़िये: श्री बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्र‍क्रिया में पवित्र ‘घृत कंबल’ परंपरा का निर्वहन, Video देखें

भगंवत मान की अपील, सभी लोग जनगणना में दिल से भाग लें

हर नागरिक से जनसंख्या गणना मुहिम में पूरे दिल से भाग लेने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पूरी ईमानदारी और उत्साह के साथ स्व-गणना पूरी करना हम सभी की साझा ज़िम्मेदारी है। इसमें हर नागरिक की गिनती होगी और यह कार्य केवल आंकड़े एकत्र करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकास और सामाजिक-आर्थिक नीतियों के लिए पंजाब का भविष्य का खाका तैयार करने के बारे में है।

भारत की पहली डिजिटल जनगणना

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें मोबाइल एप्लिकेशन और ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा के माध्यम से आंकड़े एकत्र किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जनगणना संचालन (पंजाब) की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने मुख्यमंत्री को जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

ऐसे करें स्‍व-गणना
1. सबसे पहले भारत सरकार के आधिकारिक स्‍व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाएं और अपनी भाषा चुनें। पोर्टल में अंग्रेजी और हिंदी सहित 16 भारतीय भाषाएं उपलब्‍ध हैंं।
2. इसके बाद अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन (Log in) करें। इसके लिए मोबाइल नंबर और कैप्‍चा कोड दर्ज करें और फिर मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी (OTP) से इसे सत्‍पापित करें। सबसे खास बात यह है कि पहले चरण में अपने मकान के सूचीकरण के दौरान जो मोबाइल नंबर पंंजीकृत किया था, इस चरण में भी उसी का इस्‍तेमाल करना उचित रहेगा।
3. इसके बाद अपने घर के लोकेशन की पुष्टि करें। यदि आपने पहले चरण में पंजीकृत मोबाइल नंबर का इस बार भी दर्ज किया है तो आपके घर के लोकेशन की जानकारी स्‍क्रीन पर जाएगी। यदि मोबाइल नंबर बदल गया है या आपका निवास स्‍थान बदल गया है तो मोबाइल के लोकेशन की अनुमति देकर अथवा मैप पर खुद घर का लोकेशन चुन सकते हैंं।
4. इसके बाद स्‍व-गणना के लिए प्रश्‍नावली का उत्‍तर भरें। इसके लिए पोर्टल पर खुद, परिवार और परिवार के प्रत्‍येक सदस्‍य के व्‍यक्तिगत विवरण से जुड़े 40 प्रश्‍नों के उत्‍तर दर्ज करने होंगे। घर के मुखिया से इसमें जानकारी भरने की शुरूआत करें और फिर क्रमबद्ध परिवार के सभी सदस्‍यों के सभी विवरण व जानकारी भरे।
5. इसके बाद इस विवरण को सबमिट कर दें।
6. सभी विवरण सफलातापूर्वक जमा यानि सबमिट करने के बाद 11 अंकों की विशिष्‍ट स्‍व-गणना आईडी (SE ID) जनरेट हो जाएगी। इस तरह आपकी स्‍व-गणना पूरी हो जाएगी।
7. इस आईडी के बारे में जानकारी संभाल कर रखें, क्‍योंकि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान प्रगणक यानि जनगणना कर्मी आपके डेटा की प‍ुष्टि के लिए स्‍व-गणना आईडी मांगेंगे।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *