सटीक समाचार, नई दिल्ली। Haryana Startup: हरियाणा के स्टार्टअप अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाएंगे और इस दिशा में कदम बढ़ाएंगे। हरियाणा के सात स्टार्टअप संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कारोबार की संभावनाएं तलाशेंगी। इसके लिए इन स्टार्टअप के प्रतिनिधि स्टार्टअप इमर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
आईआइटी दिल्ली के आबूधाबी परिसर में स्टार्टअप इमर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे
हरियाणा के इन सात स्टार्टअप को यह अवसर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने अपने सोनीपत परिसर स्थित अटल इनक्यूबेशन सेंटर (एआईसी) के माध्यम से दिया है। इसके तहत स्टार्टअप प्रतिनिधियों का एक दल 16 और 17 नवंबर को आईआईटी दिल्ली के अबूधाबी परिसर में आयोजित स्टार्टअप इमर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लेगा। दल का नेतृत्व एआईसी आईआईटी दिल्ली के सीईओ आलोक पांडे करेंगे।
हरियाणा में विकसित नई तकनीकों व नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहंचाने का लक्ष्य
इस पहल का उद्देश्य हरियाणा में विकसित नई तकनीकों और नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप प्रतिनिधि यूएई के उद्योग जगत, निवेशकों, शोध संस्थानों और उद्यमिता से जुड़े विशेषज्ञों के साथ संवाद करेंगे। इससे उन्हें विदेशी बाजार की जरूरतों को समझने के साथ कारोबार के विस्तार और तकनीकी साझेदारी के अवसर मिल सकेंगे।
यह समाचार भी पढ़िये: सोना और चांदी ने फिर लगाया गोता, Gold का रेट 1.35 लाख व Silver 1.77 लाख के करीब
आईआईटी दिल्ली के कॉरपोरेट रिलेशंस के डीन प्रो. जयंत जैन और आईआईटी दिल्ली अबूधाबी के प्रो. मोहम्मद अली हैदर के मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह पहल की जा रही है।
ऊर्जा, पर्यावरण और स्वास्थ्य क्षेत्र के स्टार्टअप शामिल
अबूधाबी जाने वाले दल में ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े चार स्टार्टअप शामिल हैं। वहीं स्वास्थ्य तकनीक क्षेत्र से तीन स्टार्टअप को शामिल किया गया है।
ये स्टार्टअप आबूधाबी में इमर्शन कार्यक्रम में भाग लेंगे
| पैरा एनर्जिया | ऊर्जा, जलवायु और पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र। |
| कार्बोनेशन इंडिया | ऊर्जा, जलवायु और पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र। |
| ग्रास इंजीनियरिंग | ऊर्जा, जलवायु और पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र। |
| बायो संजीवनी सस्टेनेबल सॉल्यूशंस | ऊर्जा, जलवायु और पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र। |
| एक्सोबोट डायनेमिक्स | स्वास्थ्य तकनीक क्षेत्र। |
| ओम शिवा हेल्थ एंटरप्राइज | स्वास्थ्य तकनीक क्षेत्र। |
| लॉजिक्सबूट्स | स्वास्थ्य तकनीक क्षेत्र। |
स्टार्टअप के प्रतिनिधि अबूधाबी के शिक्षकों व शोधकर्ताओं से करेंगे भेंट
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप प्रतिनिधि आईआईटी दिल्ली अबूधाबी के शिक्षकों और शोधकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा स्थानीय विश्वविद्यालय का दौरा करने के साथ स्टार्टअप एडी के उद्यमिता नेटवर्क और उद्योग प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। इस दौरान नई तकनीकों के परीक्षण, पायलट प्रोजेक्ट और संभावित व्यावसायिक साझेदारी पर चर्चा होगी।
विदेशी बाजार में उतरने से पहले विशेषज्ञों ने दिए टिप्स
अबूधाबी दौरे से पहले 13 नवंबर को एआईसी आईआईटी दिल्ली के सोनीपत परिसर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र एवं नेक्स्टवर्स वेंचर्स की निवेश समिति के सदस्य प्रियांक गर्ग और स्कूल ऑफ इंस्पायर्ड लीडरशिप (एसओआईएल) के बोर्ड सदस्य योगेश एंडले ने स्टार्टअप संस्थापकों का मार्गदर्शन किया।
इसमें विशेषज्ञों ने यूएई के बाजार में कारोबार शुरू करने की तैयारी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यवसाय बढ़ाने, निवेशकों से जुड़ने और वैश्विक व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाने के संबंध में जानकारी दी।
भारतीय नवाचारों को वैश्विक पहचान दिलाना लक्ष्य : प्रो. जैन
आईआईटी दिल्ली के कॉरपोरेट रिलेशंस के डीन प्रो. जयंत जैन के अनुसार, संस्थान का उद्देश्य भारतीय स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध कराना है। आईआईटी दिल्ली अबूधाबी के माध्यम से स्टार्टअप को वैश्विक उद्योग नेटवर्क, शोध सहयोग और नई तकनीकों के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा। यह पहल भारत में विकसित नवाचारों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
हरियाणा के स्टार्टअप को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान : आलोक पांडे
एआईसी आईआईटी दिल्ली के सीईओ आलोक पांडे ने बताया कि इस पहल का मकसद स्टार्टअप को केवल विदेशी बाजार की जानकारी देना नहीं, बल्कि वहां के उद्योगों और निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। इससे स्टार्टअप को तकनीकी परीक्षण, व्यावसायिक साझेदारी और नए बाजारों में विस्तार की संभावनाएं तलाशने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सोनीपत स्थित अटल इनक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से हरियाणा में नवाचार और उद्यमिता को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। अब आईआईटी दिल्ली अबूधाबी के सहयोग से यहां विकसित तकनीकों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। इससे प्रदेश के स्टार्टअप को वैश्विक पहचान मिलने के साथ हरियाणा को नवाचार और उद्यमिता के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।


Pingback: एसडी पीजी काॅलेज की टीम ने जीता विश्वविद्यालय कबड्डी चैंपियनशिप, लगातार 5वीं बार जीता खिताब - Sateek S
Pingback: दुष्यंत चौटाला ने कहाा- हरियाणा में धान खरीद में हुआ 1500 से 2000 करोड़ रुपये का घपला - Sateek Samachar