सटीक समाचार, पानीपत। JJP Dushyant Chautala: जननायक जनता पार्टी (Jan Nayak Janta Party) के नेता और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में धान खरीद और मतदाता सूचियां में गंभीर गड़बड़ी हुई है। प्रदेश में इस बार धान खरीद के दौरान 1,500 से 2,000 करोड़ रुपये का घपला हुआ है। पार्टी इसके तथ्य जुटा रही है और तथ्य मिलने के बाद प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की सीअीबाई जांच की मांग करेगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मतदाता सूचियों में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया
वह पानीपत मेंं जाटल रोड स्थित जजपा (JJP) के कार्यालय में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ता के साथ बैठक की। बैठक में जजपा (JJP) की स्थापना दिवस पर 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होनेवाली जन-जन अधिकार रैली की तैयारियों के बारे में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में दुष्यंत चौटाला के पिता और जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.अजय चौटाला भी मौजूद रहे।
यह समाचार भी पढ़िये: हरियाणा के 7 स्टार्टअप अब विदेश में करेंगे कारोबार, यूएई में तलाशेंगे संभावनाएं
डॉ: अजय चौटाला ने कहा कि भाजपा के शासन में जनता परेशान है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से सभी वर्ग के लोग प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। यही कारण है कि जनता देश और प्रदेश में सत्ता में परिवर्तन लाना चाहती है। उन्होंंने लोगों से जजपा की महेंद्रगढ़ रैली में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की।
कहा- बड़े स्तर पर फर्जी वोट बनवा कर भाजपा ने चुनाव जीता और फिर नाम कटवा दिए
बैठक के बाद दोनों नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत की। दुष्यंत ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने बड़े स्तर पर फर्जी वोट बनवाकर चुनाव जीता और बाद में पकड़े जाने के डर से उन्हें कटवा दिया। उन्होंने पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में करीब 70 हजार वोट कटने का दावा भी किया।
दुष्यंत ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, सरकारी जमीन पर खेती और बेरोजगारी सहित कई मुद्दों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से नौकरियों और छात्रवृत्ति का हिसाब मांगा।
कहा- मंडियों में किसानों को फसल के खरीदार नहीं मिल रहे
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में किसानों को फसल के खरीदार नहीं मिल रहे हैं। इसराना मंडी में अब भी पीआर धान पड़ा है और किसान मजबूरी में कम दाम पर फसल बेच रहे हैं। पहले प्रदेश में करीब 1,300 मिलें थीं, जो अब घटकर 600 रह गई हैं। इससे धान की खरीद और उठान प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्रियों ने मंडियों का दौरा कर कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक किसी मिलर या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
वोट चोरी नहीं, यह वोट की डकैती है
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दुष्यंत ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सवा करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी बयान का भी जिक्र किया। दुष्यंत ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जाति और धर्म से जोड़ रही है। जजपा अपने स्थापना दिवस से इस मुहिम को बड़े स्तर पर उठाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में साढ़े पांंच लाख से अधिक वोट काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित आसपास के राज्यों से मतदाताओं के नाम यहां पंजीकृत करवाकर वोट डलवाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इसे वोट चोरी कहना भी कम है, यह वोट की डकैती है और नागरिकों के संवैधानिक अधिकार पर हमला है।
पूर्व सैनिक एसएस राठी और पूर्व उम्मीदवार राजेश सैनी का वोट कटने का दिया उदाहरण
दुष्यंत चौटाला ने पूर्व सैनिक एसएस राठी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने सेना में रहते हुए देश की सेवा की और गोली लगने के बावजूद सेना की पेंशन ले रहे हैं। वह पिछले 20 साल से मतदान कर रहे थे, लेकिन इस बार उनका नाम भी मतदाता सूची से काट दिया गया। इसी तरह रोहतक से उम्मीदवार रहे राजेश सैनी का वोट भी कटने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल आपत्ति दर्ज कराकर अपने लोगों के वोट दोबारा जुड़वा सकते हैं, लेकिन आम आदमी अपने संवैधानिक अधिकार के लिए कहां जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक फायदे के लिए लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित कर रही है।
भाजपा पर तंज किया, कहा- नाव डूबने से पहले ही भागने लगे चूहे
उन्होंने कहा कि देश में नौजवानों को वोट के अधिकार से दूर किया जा रहा है। इसके साथ ही दुष्यंत ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा, ‘नाव डूबती है तो चूहे भागने लगते हैं, लेकिन यहां तो नाव डूबने से पहले ही चूहे भागने लगे हैं।’ उन्होंने इसे भाजपा की राजनीतिक स्थिति और चुनावी रणनीति से जोड़कर निशाना साधा।
हर जिले में गोलीबारी और फिरौती की धमकियों का दावा
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दुष्यंत ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रदेश के हालात पर ध्यान देना चाहिए। उनके अनुसार, प्रदेश का कोई ऐसा जिला नहीं है, जहां गोली चलने की घटना न हुई हो। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में हुई हत्याओं और फिरौती की धमकियों का पूरा आंकड़ा वह दे सकते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से ग्रुप सी और डी में दी गई नौकरियों तथा विद्यार्थियों को दी गई छात्रवृत्ति का हिसाब भी मांगा। दुष्यंत ने कहा कि मुख्यमंत्री झूठ बोल रहे हैं और प्रदेश की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटका रहे हैं।
कहा- इसराना में सरकारी जमीन पर धान की फसल लगाई
दुष्यंत ने इसराना विधानसभा क्षेत्र की चौधरी देवी लाल रूरल टाउनशिप का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसका नक्शा और प्लानिंग मंजूर हो चुकी है, लेकिन पंचायती राज मंत्री के इसी क्षेत्र से होने के बावजूद जमीन पर पाइपलाइन और आधारभूत ढांचे का काम नहीं हो पा रहा। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायती राज विभाग की जमीन किसी व्यक्ति को खेती के लिए दी गई है। इस जमीन पर धान की फसल लगी है।
उन्होंने कहा कि इसकी जांच हो कि सरकारी जमीन पर किसने धान लगाया और यदि फसल ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकृत हुई है तो किसके नाम पर हुई। उन्होंने सरकारी जमीन पर इस तरह किसी व्यक्ति द्वारा खेती करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
अनिल विज की टिप्पणी पर कहा- जनता प्यार करती है तो दुत्कारती है
हरियाणा के मंत्री अनिल विज की जेजेपी पर की गई टिप्पणी के सवाल पर दुष्यंत ने कहा कि अनिल विज ने भी राजनीति में समय का बदलाव देखा है। जनता प्यार भी करती है और दुत्कारती भी है। उन्होंने कहा कि विज वह दौर भी देख चुके हैं, जब वह सांसद थे और जनता ने भाजपा को 303 से घटाकर 238 सीटों पर पहुंचा दिया था।
सोनिया गांधी की किताब पढ़ने के बाद ही कोई टिप्पणी करेंगे
सोनिया गांधी की किताब पर सवाल पूछे जाने पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने अभी तक किताब नहीं पढ़ी है। इसे पढ़ने के बाद ही कोई टिप्पणी करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने अपनी जिंदगी और अपने बारे में कुछ लिखा है तो उसने सही ही लिखा होगा।


Pingback: भगवंत मान सरकार का कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज - Sateek Samachar