भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, सरकार किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल दे गन्‍ने का भाव

Bhupinder Singh Hooda: पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा ने किसानों को गन्‍ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल देने की मांग की है। (फाइल फोटो)
Bhupinder Singh Hooda: पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा ने किसानों को गन्‍ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल देने की मांग की है। (फाइल फोटो)
Published: 13 Nov, 2026 at 10:06 PM

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Haryana Sugarcane Rate: पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा सरकार किसानों को गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल दे। किसानों की यह मांग पूरी तरह जायज है। कुछ ही महीने पहले 45 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी आज खुले बाजार में 65 से 70 रुपये प्रति किलो पर बिक रही है और इसकी कीमत में 44%-55% तक वृद्धि हुई है। चीनी का रेट बढ़ने के बावजूद किसानों को उसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है।

कहा, सरकार की गलत नीतियों के कारण चीनी के जमाखोर व कालाबाजारी करने वाले उठा रहे फायदा

हुड्डा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते जमाखोर और कालाबाजारी करने वाले इसका फायदा उठा रहे हैं। गन्ने का भाव 415 से 430 रुपये प्रति क्विंटल करना यानी मात्र 15 रुपसे प्रति क्विंटल बढ़ाना किसानों के साथ क्रूर मज़ाक है। हुड्डा ने किसानों की मांग के मुताबिक गन्ने के भाव में वृद्धि करने की मांग की।

हुड्डा ने कहा- किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर

उन्होंने कहा कि हरियाणा के गन्ना उत्पादक किसान गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से घोषित कीमतें खेती की लगातार बढ़ती लागत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई ने किसानों की कमर तोड़ दी है।

खेती की लागत बढ़ गई है

हुड्डा ने कहा कि डीजल, खाद, बीज, कृषि उपकरण आदि महंगे होने से खेती की लागत बढ़ गई है। इस कारण किसानों की आमदनी बढ़ने की बजाय घट गई है। डीजल का भाव दोगुना हो गया। खाद के कट्टे का भाव दोगुना हो गया। बाजार में खाद्यान्नों की कीमत रोज नये रिकार्ड बना रही है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का लागत भाव भी नहीं मिल रहा है।

यह समाचार भी पढ़िये: पंजाब के 24 लाख बिजली उपभोक्‍ताओं को बड़ी राहत, बकाया बिलों के लिए एकमुश्‍त योजना पेश

बोले- भाजपा शासन में सिर्फ 3% बढ़ा गन्‍ने का भाव

हुड्डा ने कहा कि 2004 में हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनी तो उस समय गन्ने का भाव 117 रुपसे से बढ़ाकर 310 रुपये प्रति क्विंटल किया गया थाा।यह वृद्धि 165% बढ़ोतरी थी और देश में सबसे ज्यादा थी। पिछले करीब साढ़े 12 साल में भाजपा सरकार ने गन्ने का भाव 310 रुपये से केवल 415 रुपये प्रति क्विंटल किया है। हमारे समय गन्ने के भाव में हर साल 17% बढ़ोतरी होती थी लेकिन भाजपा सरकार मात्र 3% भाव ही बढ़ा रही है। हमारी सरकार के दौरान किसानों से गन्ना खरीद के साथ तुरंत भुगतान सुनिश्चित किया जाता था।

सीएम नायब सिंह सैनी हरियाणा के किसानों का वाजिब हक देने में फेल: हुड्डा

उन्होंने कहा कि एक तरफ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी राज्य पंजाब जाकर वहां किसानों का हमदर्द होने का दिखावा कर रहे हैं और किसानों का वोट लेने के लिए बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। दूसरी तरफ, सीएम सैनी हरियाणा के किसानों को उनकी उपज का वाजिब हक देने में पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं। इससे हरियाणा का किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। हुड्डा ने कहा कि सरकार का मकसद किसानों को उनकी मेहनत का वाजिब दाम न देकर सिर्फ चंद उद्योगपतियों की तिजोरी भरना रह गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *