भगवंत मान ने कहा, केंद्रीय जांच एजेंसियों के आप नेताओं के यहां छापे भाजपा के इशारे पर

Punjab CM Bhagwant Mann: पंजाब के सीएम भगवंत मान चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab CM Bhagwant Mann: पंजाब के सीएम भगवंत मान चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Last Updated: 4 Nov, 2026 at 09:17 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab ED Raid: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियां भाजपा के इशारे पर आम आदमी पार्टी के नेताओं के यहां छापे मार रही है। भाजपा और उसकी एजेंसियां चाहे जितनी मर्जी छापेमारी कर लें, लेकिन कोई भी चीज ‘आप’ सरकार को पंजाब के लोगों के लिए दिन-रात मेहनत करने से नहीं रोक सकती।

आप विधायक डॉ. अमनदीप कौर के यहां ईडी की छापेमारी

बता दें कि बुधवार को आप विधायक और आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रधान डाॅ. अमनदीप कौर अरोड़ा के यहां मोगा और लु‍धियाना जिले के खन्‍ना सहित अन्‍य स्‍थानों पर स्थित ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापे मारे। बुधवार सुबह ईडी की टीम मोगा में डॉ. अमनदीप कौर के घर पहुंची और वहां तलाशी ली।

इसके बाद ईडी टीम माेगा-लुधियाना पर आइकन फ्लैटों पर पहुंची और वहां तलाशी ली। दोपहर बाद ईडी एक टीम डॉ. अमनदीप के लुधियाना के खन्‍ना में उनके ननिहाल भी पहुंची और जांच की। ईडी की एक टीम ने मोगा के बाघापुराना मेंं आशीर्वाद नशा मुक्‍त‍ि अस्‍पताल पर भी छापा मारा। बताया जाता है कि यह अस्‍पताल डॉ. अमनदीप कौर के पति से जुड़ा है।

भगवंत मान ने कहा- केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा

पत्रकारों से बातचीत में इस छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। इसके माध्‍यम से विरोध की आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन ईमानदारी और समर्पण के साथ लोगों की सेवा कर रहे ‘आप’ नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों को कुछ नहीं मिलेगा।

केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने के बदले केंद्र सरकार लोगों की समस्‍याओं का हल करे

भगवंत मान ने कहा कि डराना-धमकाना, राजनीतिक बदला और साजिशें न तो ‘आप’ को कमजोर कर सकती हैं और न ही पंजाब के विकास के एजेंडे को पटरी से उतार सकती हैं। केंद्र सरकार को राजनीतिक बदले के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने की बजाय लोगों की समस्याओं के समाधान की ओर ध्यान देना चाहिए।

यह समाचार भी पढ़िये: पंजाब में दीवाली पर युवाओं को सरकारी नौकरियों का तोहफा, 801 को नियुक्‍ति‍ पत्र, और भर्तियां होंगी

उन्‍होंने कहा, ‘ ऐसे हथकंडे न तो आम आदमी पार्टी को डरा सकते हैं और न ही पंजाब के लोगों की सेवा करने के प्रति हमारी वचनबद्धता को कमजोर कर सकते हैं। पंजाब के लोगों ने हमें बदलाव और विकास के लिए जनादेश दिया है और राजनीतिक धमकी का कोई भी हथियार इस मिशन को रोक नहीं सकता।’

कहा- प्रत्‍येक दल राजनीतिक रैलियां करने को स्‍वतंत्र

राजनीतिक रैलियों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब पर भगवंत मान ने कहा कि राहुल गांधी सहित प्रत्येक राजनीतिक नेता रैलियां करने और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। लोकतंत्र विचारों की अभिव्यक्ति और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी की स्वतंत्रता से ही मजबूत होता है। प्रत्येक व्यक्ति को ऐसा करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।

एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल विधायक बन जाना ही पर्याप्त नहीं है। निर्वाचित प्रतिनिधियों की यह भी जिम्मेदारी है कि वे अपनी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहें, उसके सिद्धांतों का पालन करें और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दें। राजनीतिक जिम्मेदारी केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होती।

मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 2,000 श्रद्धालु कर रहे हैं धार्मिक स्थलों के दर्शन

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और तीर्थयात्राओं को सुविधाजनक बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 50 बसें चल रही हैं, जिनके माध्यम से करीब 2,000 श्रद्धालु पंजाब और अन्य राज्यों में स्थित धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं।

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में दिखा हॉकी के प्रति पंजाब का जुनून

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने खेल प्रेमियों को भारत और कोरिया के बीच होने वाले रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले को देखने के लिए निमंत्रण दिया। उन्‍होंने कहा कि टूर्नामेंट को मिल रहे शानदार जनसमर्थन और अंतरराष्ट्रीय हॉकी दिग्गजों की मौजूदगी ने एक बार फिर हॉकी के प्रति पंजाब के बेमिसाल जुनून को साबित कर दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *