Punjab Politics: पंजाब में चुनाव से पहले दलबदल शुरू, AAP के 3 विधायक भाजपा में शामिल

Punjab Politics: पंजाब में आम आदमी पार्टी के तीन विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। (फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
Punjab Politics: पंजाब में आम आदमी पार्टी के तीन विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। (फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
Last Updated: 2 Nov, 2026 at 02:01 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, नई दिल्ली/चंडीगढ़। Punjab Politics: पंजाब में अगले साल फरवरी में होनेवाले विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Polls 2027) से पहले नेताओं का दलबदल शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों ने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। वे भाजपा के दिल्‍ली मुख्‍यालय में पार्टी में शामिल हुए। भाजपा ने शामिल होने वाले विधायक हैंं- कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा।

कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा भाजपा में शामिल हुए

दो विधायकों ने हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी और सोमवार को कुंंवर विजय प्रताप सिंह ने भी आम आदमी पार्टी छोड़ दी। कुंवर विजय प्रताप सिंह अमृतसर नार्थ, चेतन सिंह जौड़माजरा समाना और हरमीत सिह पठानमाजरा सनौर से विधायक हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने पार्टी में शामिल कराया

तीनों आप विधायक सोमवार को नई दिल्‍ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्‍यालय पहुंचे और भाजपा में शामिल हो गए। उनको भाजपा के पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने भाजपा में शामिल कराया। इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्‍यक्ष केवल सिंह ढिल्‍लों सहित पंजाब भाजपा के कई वरिष्‍ठ नेता मौजूद थे।

डॉ. सतीश पूनिया व पंजाब भाजपा अध्‍यक्ष ने कहा- पूरा मान-सम्‍मान देंगे

डॉ. सतीश प‍ूनिया ने कहा कि तीनों विधायकों का भाजपा में स्‍वागत है। उनको पार्टी में पूरा मान-सम्‍मान दिया जाएगा। पंजाब भाजपा अध्‍यक्ष केव‍ल सिं‍ह ढ‍िल्‍लों ने कहा कि तीनों विधायक जिस सोच संग भाजपा में शामिल हुए हैं वह सराहनीय है और उनको पार्टी में पूरा सम्‍मान मिलेगा।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: निराश्रितों को रिलायंस की छत, एक हजार एकड़ में 5000 से अधिक को मिलेगा ‘अपना घर’

उन्‍होंने कहा कि पंजाब में अच्‍छे नेता और लोग आम आदमी पार्टी छोड़ रहे हैं। पंजाब में आप का झाड़ू बिखर रहा है। भाजपा में शामिल होनेवाले नेताओं का स्‍वागत होगा और उनको पूरा मान-सम्‍मान दिया जाएगा। केवल सिंह ढिल्‍लों ने पंजाब की भगवंत सिंह मान सरकार पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि इस सरकार ने पंजाब के करीब पांच साल बर्बाद कर दिए। राज्‍य की हालत बदतर हो गई है।

विधायक बोले- भाजपा की पंजाब के प्रति सोच के कारण पार्टी में शामिल हुए

तीनों विधायकों ने कहा कि भाजपा की पंंजाब के प्रति सोच और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब के लाेगों प्रति लगाव को देखकर हमने पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि आज पंजाब में हालात अच्‍छे नहीं हैं और पंजाब अपने अस्‍तित्‍व के लिए संघर्ष कर रहा है। राज्‍य में गैंगस्‍टरों का सरकार का हिस्‍सा बनाया जा रहा है। राज्‍य में नशे का साम्राज्‍य है। फिरौती वसूली एक इंडस्‍ट्री जैसी बन गई है। राज्‍य में इंडस्‍ट्री ध्‍वस्‍त हो चुकी है और बेराेजगारी बढ़ती जा रही है।

चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा, राज्‍य में नशा, गैंगस्‍टरवाद और अपराध चरम पर

विधायक चेतन सिंंह जौड़ामाजरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का नाम पूरी द‍ुनिया में आगे किया। गुरुओं की धरती पंजाब में आज स्थिति‍ काफी खराब है। राज्‍य में नशा, गैंगस्‍टरवाद और अपराध की घटनाएं चरम पर है। राज्‍य में हालत यह है कि पता नहीं कब किसकी हत्‍या हो जाए। इस स्थिति से राज्‍य को भाजपा ही निकाल सकती है। उन्‍होंने कहा कि पिछले पौने पांच साल में पंजाब का कोई मंत्री राज्‍य के मुद्दों को लेकर किसी केंद्रीय मंत्री के पास नहीं गया। जब राज्‍य के मुद्दे केंद्र सरकार तक नहीं लग जाएंगे तो उनका समाधान कैसे होगा।

हरमीत सिंह पठानमाजरा बोले- राज्‍य को ‘उड़ता पंजाब’ की जगह ‘उभरता पंजाब’ बनाना है

विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी आई तो उसने बहुत अच्‍छे विचार रखे थे और इसी कारण उसे लोगों का समर्थन मिला व राज्‍य में आप की सरकार बनी। लेकिन, बाद में हालात बदल गए। पार्टी के जो नेता पंजाब के हितों की बात करता था उसके पर कतरे जाने लगे। राज्‍य में आज हालात यह है वह फिर से ‘उड़ता पंजाब’ बन गया है। हमारा उद्देश्‍य है कि ‘उड़ता पंजाब’ की जगह ‘उभरता पंजाब’ बनाया जाए।

·

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *