सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab Industry: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब तेज़ी से एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र और निवेश के पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभर रहा है। पिछले चार वर्षों के दौरान 1.89 लाख करोड़ रुपये का बड़ा निवेश आकर्षित किया है। इससे 6.31 लाख युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर पैदा हुए।
निवेश के मामले में मोहाली अग्रणी रहा
उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि पारंपरिक केंद्रों से बाहर भी औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिला है। नए निवेश प्रस्तावों के मामले में मोहाली 9,478 करोड़ रुपये के निवेश के साथ अग्रणी रहा। लुधियाना 4,968 करोड़ रुपये के निवेश के साथ दूसरे स्थान पर है। निवेश के बढ़ते दायरे से निवेशकों के बढ़ते विश्वास का पता चलता है। इसके साथ ही राज्य में रोजगार, उद्यमिता तथा अधिक आय के लिए नए रास्ते खुल रहे हैं।
भगवंत मान बोले- शानदार निवेश पंजाब के प्रति बढ़ते विश्वास दर्शाता है
उन्हाेंने कहा, ‘ यह शानदार निवेश पंजाब के औद्योगिक इको-सिस्टम में स्थानीय और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। हमारी सरकार ने बेहतर बुनियादी ढांचे, जवाबदेह प्रशासन और आसान मंजूरी प्रक्रियाओं के माध्यम से अनुकूल, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल कारोबारी माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम किया है।’
कहा- हमारी उभरती क्षमताएं औद्योगिक विकास के लिए मजबूत आधार
उन्होंने कहा कि कृषि, विनिर्माण, इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्रों में पंजाब की पारंपरिक क्षमताओं के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल और आधुनिक विनिर्माण में हमारी उभरती क्षमताएं औद्योगिक विकास के अगले चरण के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं।
इन कंपनियों ने किया कारोबार का विस्तार
उन्होंने बताया कि टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईची स्टील्स, वर्धमान, नेस्ले, हिंदुस्तान लीवर, कारगिल, डी ह्यू, एचएमईएल, संथान टेक्सटाइल और फ्रूडेनबर्ग सहित कई प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने पंजाब में निवेश किया है या अपने कारोबार का विस्तार किया है।
यह समाचार भी पढ़िये : Insurance: हेल्थ और मोटर बीमा में एजेंट कमीशन घटाने की तैयारी, क्या IRDAI के प्रस्ताव का ग्राहकों को मिलेगा लाभ
भगवंत मान ने कहा कि मोहाली तेजी से पंजाब के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक विकास केंद्रों में शामिल हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2026-27 के दौरान ‘कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म’ के माध्यम से प्राप्त नए निवेश प्रस्तावों के मामले में अग्रणी जिले के रूप में उभरा है।
किन जिलों में कितना निवेश प्राप्त हुआ –
| जिला | कितना निवेश हुआ |
| मोहाली | 9,478 करोड़ रुपये । |
| लुधियाना | 4,968 करोड़ रुपये । |
| पटियाला | 2,590 करोड़ रुपये । |
| होशियारपुर | 2,003 करोड़ रुपये। |
| फतेहगढ़ साहिब | 1,265 करोड़ रुपये। |
| बठिंडा | 1,248 करोड़ रुपये। |
| कपूरथला | 1,037 करोड़ रुपये। |
| जालंधर | 1,003 करोड़ रुपये । |
उन्होंने कहा, ‘ राज्य भर में निवेश का विस्तार दर्शाता है कि औद्योगिक विकास अब केवल कुछ पारंपरिक औद्योगिक केंद्रों तक सीमित नहीं रहा है। नया निवेश पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में अवसर पैदा कर रहा है और आर्थिक विकास के आधार को मजबूत कर रहा है।’
कुल निवेश का 49.8 प्रतिशत केवल मोहाली व लुधियाना में
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएएफ के माध्यम से किए गए कुल निवेश का 49.8 प्रतिशत हिस्सा केवल मोहाली और लुधियाना में है, जो पंजाब के प्रमुख आर्थिक केंद्रों के रूप में इन दोनों शहरों की बढ़ती महत्ता को दर्शाता है। मोहाली में आईटी, प्रौद्योगिकी और नवाचार का इकोसिस्टम तेजी से विस्तार कर रहा है।’
यह समाचार भी पढ़िये: Punjab DA Hike: सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों को इसी माह के वेतन में मिलेगा 8% बढ़ा महंगाई भत्ता
मोहाली को हाई टेक मेटल कलस्टर के रूप में मंजूरी दी गई
उन्होंने कहा कि मोहाली में एक ‘हाई-टेक मेटल कलस्टर’ को मंजूरी दी गई है, जो उन्नत धातु विनिर्माण और इससे जुड़े क्षेत्रों में काम कर रहे उद्यमों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगा। लुधियाना के लिए ऑयल एक्सपेलर एवं कल-पुर्जा विनिर्माण, कपड़ा और शहद प्रसंस्करण से संबंधित विशेष क्लस्टरों को मंजूरी दी गई है, जबकि पटियाला को समर्पित ‘कटिंग टूल क्लस्टर’ के लिए चुना गया है।
कहा- एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करना महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ ये क्लस्टर उद्यमों को साझा बुनियादी ढांचे, आधुनिक तकनीक, कौशल विकास, बड़े पैमाने पर उत्पादन के लाभ और बेहतर विपणन संपर्कों का लाभ उठाने में सक्षम बनाएंगे। एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करना बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि ये उद्यम रोजगार पैदा करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने और मजबूत स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से बड़े उद्योगों को सहयोग देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।’
‘हमारा दृष्टिकोण रोजगार के अधिक से अधिक अवसर पैदा करना’
उन्होंने कहा, हमारा दृष्टिकोण बिल्कुल स्पष्ट है: अधिकतम निवेश, उद्योग, रोजगार और पंजाब के लोगों के लिए अधिक से अधिक अवसर पैदा करना। निवेश में लगातार वृद्धि, औद्योगिक क्लस्टरों के विस्तार, बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्टों और तेजी से विकसित हो रहे प्रौद्योगिकी तंत्र के साथ पंजाब देश के एक प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है।

