Punjab Polls 2027: भगवंत मान का दावा- पंंजाब में 2027 में भी बनेगी AAP की सरकार, विपक्ष बिना दूल्‍हे की बरात

मोगा में लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान। (सौजन्‍य पंजाब डीपीआर)
मोगा में लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान। (सौजन्‍य पंजाब डीपीआर
Last Updated: 26 Jul, 2026 at 01:22 AM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, मोगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया है कि पंजाब में अगले साल होनेवाले विधानसभा चुनाव (Punjab Polls 2027) में भी आम आदमी पार्टी की जीत होगी। उन्‍होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने वर्ष 2027 में आप की सरकार (AAP Government) को दोबारा चुनने का मन बना लिया है। उन्‍होंंने बिना दूल्‍हे की बरात करार दिया।

पिछले चार साल में जमीनी स्‍तर पर बड़ा बदलाव हुआ

मोगा के गांव चड़िक में आयोजित एक ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 90 प्रतिशत घरों के लिए मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये की मुख्यमंत्री सेहत योजना, महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता, नहरी सिंचाई का रिकॉर्ड विस्तार, मेरिट के आधार पर पारदर्शी सरकारी भर्ती तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने जैसे क्रांतिकारी कदमों ने जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव लाया है। इससे राज्य में विपक्षी दलों का राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो गया है।

कार्यक्रम की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स पर लिखा, ‘आज ऐतिहासिक गांव चड़िक में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान मिले अपार प्यार और विशाल जनसमूह के लिए दिल से धन्यवाद। गांव के विकास के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट सौंपी। स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करते हुए आज 100 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए, जिससे पंजाब में संचालित क्लीनिकों की कुल संख्या 1,090 हो गई है।’

विपक्ष पर साधा निशाना

उन्होंने लिखा कि खेतों तक 88 प्रतिशत नहरी पानी पहुंचाना, 90 प्रतिशत घरों को शून्य बिजली बिल देना और युवाओं को पूरी तरह मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां देना हमारी प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान मान ने कहा, “ये विपक्षी पार्टियां दूल्हे के बिना बारात की तरह हैं। हालांकि ये सत्ता के लिए लड़ रही हैं, लेकिन इनके पास एक भी ऐसा नेता नहीं है जो सबको स्वीकार हो।

उन्‍होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पहले ही तीन-चार गुटों में बंट चुका है, जबकि कांग्रेस के नेता एक-दूसरे का चेहरा देखना भी पसंद नहीं करते। यह सत्ता के भूखे ये नेता केवल पंजाब की दौलत लूटने के लिए सत्ता हासिल करना चाहते हैं, लेकिन पंजाब के जागरूक लोग ऐसा कभी नहीं होने देंगे।

यह समाचार पढ़िये: CJP Talk: सरकार से समझौते के बाद CJP का आंदोलन समाप्‍त, सभी मांगें मंजूर होने के बाद जंतर मंतर से लौटने लगे युवा

उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल कॉन्वेंट स्कूल में पढ़े-लिखे नेता हैं, जिन्हें राज्य के बुनियादी भूगोल का भी ज्ञान नहीं है। वह फिर भी यहां राजनीतिक सत्ता हासिल करना चाहते हैं। बाकी सब छोड़िए, पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री राज्य की मुख्य फसलों में भी अंतर नहीं कर सकते।

‘अकालियों ने नशे के कारोबार को संरक्षण दिया’

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अकालियों ने नशे के कारोबार को संरक्षण देकर पंजाब की पीढ़ियों को अपूरणीय नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा, “इन नेताओं ने न केवल नशा तस्करों को संरक्षण दिया, बल्कि रिपोर्टों के अनुसार नशा बेचने या बांटने के लिए सरकारी गाड़ियों का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने अपने निजी हितों के लिए धर्म का इस्तेमाल कर आम लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई, जो अक्षम्य अपराध है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ये उन ताकतों के साथ मिले हुए हैं जो सिख पंथ और पंजाब के विरोधी हैं। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल मेरे खिलाफ एकजुट हो गए हैं क्योंकि वे मेरी सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी पहलों से खार खाते हैं।’

पंजाब में नहरी पानी का 88 प्रतिशत हो रहा इस्‍तेमाल

उन्‍होंने कहा कि आप सरकार ने पूरे राज्य में नहरी पानी के उपयोग में उल्लेखनीय वृद्धि की है। वर्ष 2022 में राज्य अपने नहरी पानी का केवल 22 प्रतिशत उपयोग कर रहा था, लेकिन आज यह आंकड़ा 88 प्रतिशत से अधिक हो गया है। पंजाब के कई हिस्सों में लोगों ने 80 वर्षों में पहली बार नहरी पानी देखा है। केंद्रीय मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार राज्य सरकार के अथक प्रयासों से पंजाब का भूजल स्तर चार मीटर ऊपर आया है।

उन्होंने कहा, ‘राज्य अब भूजल का कम और नहरी पानी का अधिक उपयोग कर रहा है। वह दिन दूर नहीं जब पंजाब 100 प्रतिशत के आंकड़े को छू लेगा। मेरी सरकार पंजाब का पानी हरियाणा या राजस्थान को नहीं जाने देगी। पंजाब को पहले बहुत लूटा गया, लेकिन अब वह दौर समाप्त हो चुका है।’

सरकारी खजाने का एक-एक पैसा जनता के कलयाण पर खर्च

भगवंत मान ने कहा कि सरकारी खजाने का एक-एक पैसा जनता के कल्याण पर ईमानदारी से खर्च किया जा रहा है। पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। आज किसानों को भी दिन के समय बिजली मिल रही है, जो अपने आप में एक मिसाल है। ऐसे समय में जब केंद्र सरकार देश की संपत्तियां अपने चहेते मित्रों को कौड़ियों के भाव बेच रही है, पंजाब सरकार ने निजी थर्मल प्लांट खरीदकर इतिहास रच दिया है।

यह भी पढ़िये: Dharmendra Pradhan Resigns: केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आखिरकार इस्‍तीफा दिया, कहा- युवाओं की भावनाओं का सम्‍मान


2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *