सटीक समाचार, नई दिल्ली
मानसून ने तीन दिन की देरी के बाद रफ्तार पकड़ ली है। यह गोवा पहुंच गया है और यह जल्द मुंबई भी पहुंच जाएगा। केरलम के कई जिलों में शुक्रवार को जमकर बारिश हुई और शनिवार को भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर के साथ हरियाणा और पंजाब में मानसून के इस महीने (जून) के आखिरी सप्ताह में पहुंचने की संभावना है। इस बीच कई राज्यों में प्री-मानसून की बारिश हो रही है।
दिल्ली-एनसीआर में इस माह के आखिरी सप्ताह में पहुंचेगा मानसून
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून कर्नाटक, तमिलनाडू और गोवा के कई भाग में सक्रिय हाे गया है। इसके अब लगातार आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून के अगले तीन दिन में असम, मेघालय, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में पहुंंच सकता है। इसके बाद वह ओडिसा, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ेगी व 10 दिन में वहां पहुंचेगा।
कई राज्यों में हो रही है प्री मानसून की बारिश
दूसरी ओर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व जम्मू-कश्मीर सहित अधिकतर राज्यों में प्री-मानसून की बारिश हो रही है। आइएमडी (IMD) के अनुसार, मानसून जून के आखिरी सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के दिल्ली से लगते जिलों में पहुंंचने की संभावना है। इसके बाद हरियाणा के अन्य भागों, चंडीगढ़, पंजाब में मानसून की बारिश शुरू हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी इसी दौरान मानसून सक्रिय होगा।

